top hindi blogs

Thursday, August 11, 2011

उम्र पचपन की , दिल बचपन का --

बचपन गाँव में गुजरा . फिर शहर में रहने लगे तो छुटियाँ गाँव में ही बीतती . उन दिनों में भी गाँव में अपना फार्म हाउस था --जी हाँ दादाजी ने गाँव से बाहर दो बीघा खेत में मकान बनाया था . गाँव के पनघट में जब पानी सूख गया तो आधे गाँव द्वारा हमारे फार्म हाउस में लगे हैण्ड पम्प का पानी ही पीने के लिए प्रयोग किया जाने लगा .


गर्मियों की छुट्टियों में पानी लेने आई रंग बिरंगी पोशाक धारण किये पनिहारियों को निहारना निर्मल आनंद की अनुभूति प्रदान करता था .

गाँव की औरतें वैसे जैसे भी रहें , लेकिन पानी भरने जाते समय अपनी सबसे बढ़िया ड्रेस पहन कर आती थी .नई नवेली दुल्हन के तो क्या कहने . घूंघट समेत वस्त्रों से भले ही सारा शरीर ढका हो , लेकिन सिर्फ हाथों को ही देखकर अंदाज़ा हो जाता था कि फलाने की बहु कितनी सुन्दर है .

अब यह हमारी मजबूरी थी कि हमारे घर में हमारे लिए तो बस चाचियाँ , ताइयां और दादियाँ ही थी --बहु कोई नहीं थी .होती भी कैसे --सारे भाई बहनों में सबसे बड़े , खानदान के सबसे बड़े चिराग हमी तो थे .

उसपर ऐसे शर्मीले कि हमारे शर्मीलेपन पर शर्म भी शर्मशार हो जाए .

फिर एक दिन अचानक बड़े हो गए . शहर में रहने लगे . गाँव पूर्ण रूप से छूट गया . शर्माना भी थोडा कम हुआ . जाने कैसे मंच से दोस्ती हो गई . डॉक्टर होने के साथ साथ कब लाफ्टर चैम्पियन , हास्य कवि , और मंच संचालक बन गए , पता ही नहीं चला ।

लेकिन आज भी जब कभी गाँव की किसी चाची या ताई से मुलाकात होती है और वो प्यार से सर पर हाथ रख कर पुचकारती है , तो उसी तरह शर्माकर बच्चा सा महसूस करता हूँ ।

आज उम्र भले ही पचपन की हो गई हो , लेकिन दिल में कहीं न कहीं एक बच्चा अभी भी जिन्दा है ।

शायद यही जिन्दादिली का अहसास कराता रहता है ।

Monday, August 8, 2011

यदि (घर की) बॉस सताए , तो किसे बताएं --

पिछली पोस्ट में हमने कहा --यदि बॉस सताए तो हमें बताएं।
बहुत से ब्लोगर बंधुओं ने पूछा कि पुरुषों के लिए सुरक्षा
के क्या उपाय हैं। सवाल भी जायज़ है क्योंकि शोषण तो पुरुषों का भी हो सकता है , बल्कि यूँ कहिये होता है । अब देखा जाए तो पुरुषों का उत्पीड़न तो घर से ही शुरू हो जाता है । शायद ही कोई पुरुष हो जो पत्नी का सताया हुआ न हो ।

ऐसी ही एक दास्तान सुनाते हैं , एक हास्य कविता के माध्यम से ।
अब इसमें कहीं आपको अपना ही स्वरुप नज़र आये तो हैरान मत होइए :

पांच सौ का नोट
Link
एक बात मुझे हरदम सताती है
मेरी पत्नी मुझसे ज्यादा कमाती है,
लेकिन जब भी अवसर पाती है
मेरी जेब साफ़ कर जाती है।

बीबियों की ये पुरानी आदत है
ऐसा बड़े बूढ़े बताते हैं ,
और मेरी तरह लाखों नौज़वान
रोज पत्नी के हाथों लुट जाते हैं ।

पर मैं अपनी जेब में रखता हूँ
पांच सौ का एक नोट और थोड़े छुट्टे ,
और कोशिश करता हूँ कि
सप्ताहांत तक भी ये नोट , न टूटे ।

लेकिन जब भी कोई दूध वाला
पेपर या केबल वाला , घंटी बजाता है ,
मेरा वो पांच सौ का नोट ,
बीबी की बदौलत , सौ में बदल जाता है ।

इस पर भी पत्नी मुझे समझती है
घर की मुर्गी दाल बराबर ,
और ऊपर से मुझे समझाती है
प्यार से ये बात बताकर ।

कि शाकाहारी भोजन में
दाल भी ज़रूरी है ,
क्योंकि प्रोटीन की मात्रा
तो इसी में पूरी है ।

यह सुनकर मैं अपना
सर खुजलाता हूँ ,
और दिल बहलाने के लिए
कविता लिखने बैठ जाता हूँ ।

एक दिन मैंने पत्नी से कहा
डाइटिंग वाइटिंग छोडो , थोडा वेट बढाओ ,
वो बोली खुद की सोचो
कद्दू जैसे दिखते हो, अपना पेट घटाओ ।

मैंने कहा, सरकारी नौकर का पेट कहाँ
पेट तो नेताओं का होता है ,
धरा पर नेता ही एकमात्र प्राणी है
जो भर पेट खाता है , फिर भी भूखा होता है ।

पत्नी बोली, क्यों बोर करते हो
सोने दो , मुझे नींद आ रही है ,
मैंने कहा , प्रिय सो जाओ
मुझे भी कविता याद आ रही है ।

वो चौंकी तो मैंने कहा
मैंने कविता लिखी है , ज़रा सुन लो ,
चाहो तो बदले में
तुम भी थोड़े बहुत पैसे धुन लो ।

वो झट से बोली ,
पांच सौ दोगे तो सुन लेंगे,
मैंने कहा रहने दो
हम कोई सस्ता कस्टमर ढूढ़ लेंगे ।

और देखिये आज
फ्री में आपको सुना रहा हूँ ,
और साथ ही
पूरे पांच सौ बचा रहा हूँ ।

वैसे अब मैं भी पत्नी रूप को
कुछ कुछ समझने लगा हूँ ,
और जेब में पांच सौ के बजाय
सौ सौ के ही नोट रखने लगा हूँ ।

एक जगह लिखा था
यदि पत्नी सताए तो हमें बताएं ,
हमने सोचा
चलो इन्हें भी आजमायें ।

जाकर देखा तो पत्नी पीड़ितों की
लम्बी कतार लगी थी ,
मैं ये सोचकर वापस आ गया
उस शायर ने सही बात कही थी

दुनिया में कितना ग़म है ,
और मेरा ग़म कितना कम है ।

इसीलिए कहता हूँ
हर हाल में मुस्कराते चले जाओ ,
और ग़म हर फ़िक्र को
धुएं में नहीं , हंसी में उड़ाते जाओ ।

नोट : यहाँ यह बात साफ़ करनी ज़रूरी है कि पांच सौ का नोट रखना पड़ता है गाड़ी में तेल डलवाने के लिए और छुट्टे चाय के लिए । लेकिन चाय पीने के लिए नहीं बल्कि चाय पानी के लिए ।
यह अलग बात है कि आज तक कभी खर्च करने की ज़रुरत नहीं पड़ी ।



Monday, August 1, 2011

यदि बॉस सताए , तो हमें बताएं --

देश में शिक्षित लोगों की संख्या बढ़ने के साथ महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर बढे हैं . अब महिलाएं सभी क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कंधे से कन्धा मिलाकर मेहनत करती हुई कार्य करती हैं .
लेकिन पुरुष इन परिस्तिथियों का नाजायज़ फायदा उठाते हुए सहकर्मी स्त्रियों का यौन उत्पीड़न करने से बाज़ नहीं आते . देश में काम करने वाली ६० % महिलाओं का कहना है--कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न व्यापक तौर पर देखा गया है . इससे अक्सर कार्यस्थल पर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बनी रहती है .

१३ अगस्त १९९७ को उच्चतम न्यायलय ने एक एतिहासिक निर्णय सुनाते हुए कहा की कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न एक कटु सत्य है और यह न केवल मानव अधिकार का बल्कि व्यक्ति विशेष के मूल अधिकार का भी उल्लंघन है .
इसके फलस्वरूप महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकने के लिए अब सभी राज्यों में राज्य शिकायत समिति का गठन करने का आह्वान किया गया है . दिल्ली में यह कार्य दिल्ली महिला आयोग के अंतर्गत किया जा रहा है जो १९९६ से कार्यरत है .

यौन उत्पीड़न क्या होता है ?

उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी निर्देशिका अनुसार यौन उत्पीड़न है --अवांछित यौन निर्धारित व्यवहार . जैसे :
* शारीरिक संपर्क
* शारीरिक संबंधों की मांग
* यौन सम्बंधित वार्तालाप
* पोर्न सामग्री का प्रदर्शन
* अन्य अवांछित मौखिक या अमौखिक यौन आचार

कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न :

जब यह अवांछित व्यवहार रोजगार के लिए शर्त बन जाए और उसका प्रभाव कर्मचारी के रोजगार अवसर पर पड़ने लगे
जैसे --
* पदोन्नति के लिए सेक्सुअल फेवर मांगना
* बॉस द्वारा व्यक्तिगत जीवन में हस्तप्क्षेप करना
* यौन वार्तालाप या अश्लील इशारे करना
* समूह में सेक्स जोक्स सुनाना
* किसी भी रूप में कार्यस्थल पर यौन सामग्री का सार्वजानिक प्रदर्शन करना .

कार्यस्थल किसे कहते हैं ?

कोई भी जगह जहाँ कर्मचारी और नियोक्ता का कार्यकारी सम्बन्ध होता है
जैसे --
* कार्यालय परिसर
* कार्यालय से सम्बंधित क्षेत्र जैसे पार्किंग , कैंटीन आदि
* अन्य स्थान जहाँ कार्यालय से सम्बंधित आधिकारिक रूप में जाना हो

यौन उत्पीड़न के प्रकार :

१) वर्बल --यौन सम्बंधित टीका टिप्पणी, भद्दे मजाक , वस्त्र या शारीरिक टिप्पणी , डेट या यौन सम्बन्ध की मांग , अश्लील मोबाईल सन्देश या काल , पोर्नोग्राफी आदि .
२) नॉन वर्बल -- घूरना , अश्लील हाव भाव , अभद्र इशारेबाजी .
३) विजुअल -- अश्लील सामग्री रखना जैसे पोस्टर्स , पुस्तकें , मैगजीन , नोट्स , सेक्स ओब्जेक्ट्स आदि .
४) शारीरिक संपर्क -- स्पर्श , हगिंग , किसिंग , सट कर बैठना या खड़े होना , रास्ता रोकना , पीछा करना , और बलात्कार .

यौन उत्पीड़न दो तरह से किये जाते हैं :

१) प्रलोभन देकर --पदोन्नति या सैलरी बढ़ाना , या कोई और फेवर
२) विपरीत परिस्थितियां उत्पन्न कर .

यौन उत्पीड़न के महिलाओं पर प्रभाव :

* सामाजिक संबंधों में मुश्किलें
* शारीरिक प्रभाव --नींद न आना , भूख न लगना , सरदर्द , पेट दर्द , कमजोरी , डिप्रेशन और अनुपस्थित रहना .
*आर्थिक प्रभाव -- पदोन्नति न मिलने से , अवसर न मिलने से या रोजगार छूटने की नौबत आने से .
* करियर में रुकावट
* मानसिक आघात

यौन उत्पीड़न को कैसे रोका जाए ?

यदि आप यौन उत्पीड़न के शिकार हैं तो सबसे पहले :

१) बॉस को ना कहना सीखें .
बॉस को बता दो की जो कुछ वो कर रहे हैं , सही नहीं है और आपको इससे आपत्ति है .
अपनी बात को बॉस को लिखित में देकर अपना विरोध प्रकट करें . एक कॉपी अपने पास रखें और कोई साक्षी भी साथ रखें .
किसी साथी को भी बता सकते हैं ताकि वह बॉस से बात कर सके .

२) अपनी शिकायत , और पूरी घटना का ब्यौरा लिखकर दस्तावेज़ के रूप में तैयार रखें .

३) अपने किसी साथी को जिसपर आप विश्वास करते हों , बता दें और उसका समर्थन प्राप्त करें .

४) अपने द्वारा किये गए कार्यों का ब्यौरा रखें ताकि आप पर कामचोरी का इलज़ाम ना लगाया जा सके .

५) ऐसे किसी व्यक्ति की तलाश करें जो आप की तरह पीड़ित हो . इसे आप के केस को बल मिलेगा .

६) अपने कार्यालय की शिकायत समिति में शिकायत दर्ज कराएँ .

विभागीय शिकायत समिति :

न्यायालय के आदेश पर अब सभी कार्यालयों में एक विभागीय समिति का गठन करना अनिवार्य है जो इस तरह की शिकायतों पर सुनवाई कर उचित निर्णय ले सकते हैं .
समिति की अध्यक्ष का महिला होना अनिवार्य है और समिति में कम से कम ५० % मेम्बर्स का महिला होना ज़रूरी है . साथ ही एक एन जी ओ मेम्बर भी लाज़मी है .

समिति पूरी सुनवाई करने के बाद ३० दिन के अन्दर अपनी रिपोर्ट विभाग अध्यक्ष को सौंप देगी जो समिति द्वारा सुझाए गए निर्णय और दंड पर विचार कर यथोचित कार्यवाही करेंगे .
अभियुक्त पर विभागीय कार्यवाही के साथ भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत भी कार्यवाही की जा सकती है .

पीड़ित या अभियुक्त --दोनों को हक़ है की निर्णय से असहमत होने पर राज्य समिति में जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं . राज्य समिति का फैसला मान्य न होने पर उच्च न्यायालय में जाया जा सकता है .

नोट : आम तौर पर अभियुक्त जितना वरिष्ठ अफसर होगा , दोषी पाए जाने पर सजा भी उतनी ही ज्यादा होगी . इस प्रक्रिया के अंतर्गत पहला केस एक कंपनी के चेयरमेन का था जिसे यौन उत्पीड़न का दोषी पाए जाने पर सर्विस से डिसमिस कर दिया गया था . केस सुप्रीम कोर्ट तक गया लेकिन वहां भी निर्णय बरक़रार रहा और दोषी को सर्विस से हाथ धोना पड़ा .

आशा है इसे पढ़कर कार्यरत महिलाओं को कुछ सबल मिलेगा .



Thursday, July 28, 2011

कुछ लोग होते हैं जिनसे दिल से मिलने का दिल करता है --

एक कार्यक्रम में शामिल होने गए तो नाम पता पूछने के बाद एक आयोजक युवक ने पूछा --सर आपकी उम्र क्या लिखूं । मैंने कहा भैया , यदि लिखना ज़रूरी है तो लिख लो २५ +। यह सुनकर चौंककर उसकी आँखें ऐसे फ़ैल गई जैसी हाइपरथायरायडिज्म के रोगी की होती हैं । बोला --सर आपको नहीं लगता कि आप कुछ उल्टा बोल रहे हैं । मैंने कहा भैया मैं बिल्कुल सुलटा बोल रहा हूँ । मैंने अभी हाल ही में अपने जन्मदिन की रजत जयंती ( सिल्वर जुबली ) मनाई है ,----- दूसरी बार । अब पहली हो या दूसरी , सिल्वर जुबली तो पच्चीस साल में ही होती है न ।

पिछले दिनों दो बार सिल्वर जुबली मना चुके ऐसे ही कुछ नौज़वानों से मुलाकात का अवसर मिला जब श्री अरविंद मिश्र जी का दिल्ली आगमन हुआ । अरविन्द जी दो तीन बार दिल्ली आये भी तो मुलाकात न हो सकी । इसलिए इस बार जब पता चला कि उनका तीन दिन रुकने का कार्यक्रम है तो हमने भी मिलने का कार्यक्रम बना ही लिया ।

सतीश सक्सेना जी से बात हुई और मिलने का दिन , समय और स्थान निश्चित हो गया । तय हुआ कि ब्लोगर मिलन न होकर व्यक्तिगत रूप से मिलना करने के लिए बस दोनों ही चलेंगे ।

और हम पहुँच गए यू पी भवन जहाँ ४० साल से दिल्ली रहते हुए भी हम कभी नहीं गए थे ।
आखिर हम भी वी आई पी लोगों के अस्थायी निवास पर पहुँच गए ।
अरविंद जी से पहली बार मिलना हो रहा था हालाँकि ब्लॉग पर तो अक्सर मिलते ही रहते हैं । लेकिन वीरुभाई के नाम से ब्लॉग लिखने वाले श्री वीरेंदर शर्मा जी से तो कभी ब्लॉग पर भी मुलाकात नहीं हुई थी ।



















यू पी भवन की लॉबी में दोनों से प्रथम परिचय हुआ । परिचय के दौरान वीरुभाई ने अनायास ही वही सवाल किया जो अक्सर मुझसे किया जाता है --टी एस से क्या बनता है ?
चिर परिचित सवाल सुनकर हमें भी वही घटना याद आ गई जिसका जिक्र यहाँ है ।
लेकिन हम बस मुस्करा कर रह गए क्योंकि तब तक मन में एक विचार आ चुका था --बताने की बजाय दिखाने का ।



















और हम सब तैयार हो गए , पिकनिक पर जाने के लिए ।

पहला पड़ाव था --इण्डिया गेट ।
वहां तक पहुँचने में ड्राइव करते हुए बातों में मशगूल होते हुए सतीश जी ने दो बार यातायात के नियमों का उल्लंघन किया ।
लेकिन ब्लोगिरी का प्रभाव देखिये कि दोनों बार चार चार ब्लोगर्स को एक साथ देखकर बेचारे पुलिस वाले की हिम्मत ही नहीं पड़ी सिवाय हाथ जोड़कर राम राम करने के ।

























इण्डिया गेट पर सतीश जी ने अपने एस एल आर कैमरे से जम कर शूटिंग की । शानदार कैमरा देखकर ही सबके चेहरे पर मुस्कान आ गई ।


घूम घाम कर और इण्डिया गेट पर वह स्थान देखकर जहाँ हमारा नाम अंकित है , वीरुभाई को बड़ा आनंद आया ।




















बाद में क्लब में बैठ बड़ी ही गंभीर मुद्रा में उन्होंने न जाने क्या सुनाया कि --




















सतीश जी खिलखिला कर हंस पड़े ।
लहलहाती घनी जुल्फों और काली मूंछों के साथ इस मुस्कान से उनके ही नहीं , सभी के चेहरे पर रौनक आ गई ।

इस बीच खान पान शुरू हो चुका था । आखिर क्लब में लोग जाते ही हैं गपियाते हुए खाना पानी ( खाने पीने ) का आनंद लेने ।

यहाँ अरविंद जी के साथ ब्लडी मेरी वाला प्रसंग बड़ा दिलचस्प रहा । लेकिन उन्होंने भी बखूबी ब्रह्मचर्य का पालन किया ( गीता अनुसार ) । अब यह समझ न आये तो टिप्पणियों में साफ किया जायेगा ।

अरविंद मिश्र :

हम अरविंद जी की शुद्ध और सुसंस्कृत हिंदी के तो हमेशा कायल रहे ही हैं । साथ ही पोस्ट और टिप्पणियों में उनकी स्पष्टवादिता से भी हमेशा आनंदित रहे हैं ।

ब्लोगिंग में बनावटीपन हमें भी नहीं भाता । उनके यही गुण बहुत प्रभावित करते हैं ।
क्योंकि यह ब्लोगर मीट नहीं थी , इसलिए ब्लोगिंग पर कम और व्यक्तिगत बातें ज्यादा हुई और हमारा ध्येय भी यही था ।

वीरुभाई :

उम्र में भले ही हमसे १० साल बड़े हों , लेकिन जिंदगी के प्रति उनका उत्साह देखकर हम भावी भूतपूर्व नौज़वानों को भी जिंदगी को जिन्दादिली से जीने की प्रेरणा मिली । बहुत ही हंसमुख इन्सान हैं । हों भी क्यों नहीं , आखिर लम्बे अर्से तक हरियाणा में कार्यरत जो रहे हैं ।
बस क्लब में शोर अधिक होने की वज़ह से हम उनकी कविता की फरमाइश पूरी नहीं कर सके । लेकिन वह फिर सही ।

सतीश सक्सेना :

क्या कहें ! बेशक यारों के यार हैं । ब्लॉग जगत में सबसे चहेते ब्लोगर्स में से एक हैं । कारण आप मिलकर थोड़ी देर में ही जान सकते हैं । मानवीय भावनाओं की कद्र करना तो कोई सतीश जी से सीखे ।


और इस तरह शानदार गुजरी दिल्ली की एक शाम , जो हम सबको हमेशा याद रहेगी ।


नोट : ब्लॉगजगत में और भी बहुत से लोग हैं जिनसे दिल से मिलने का दिल करता है . इंतजार रहेगा आपका .


Saturday, July 23, 2011

इसे पढ़कर आप भी डॉक्टर बन सकते हैं ---.

एक समाचार से पता चला की दिल्ली में हर तीसरा व्यक्ति इन दिनों वाइरल बुखार से ग्रस्त है .हालाँकि हालात इतने बुरे भी नहीं हैं , लेकिन यह सच है की बरसात के दिनों में वाइरल इन्फेक्शन बहुत बढ़ जाते हैं .

आम आदमी की जुबान में इन दिनों डॉक्टरों की चांदी हो जाती है .

लेकिन यदि आप वाइरल फीवर की चपेट में आ ही जाएँ , तो क्या करना चाहिए --आइये हम बताते हैं ( बिना किसी फीस के ).

बुखार :

अचानक बुखार होने का सबसे प्रमुख कारण है वाइरल इन्फेक्शन . यूँ तो वाइरस लाखों किस्म के होते हैं लेकिन इनमे से कुछ ही मनुष्य को प्रभावित करते हैं .
इनमे सबसे कॉमन है --राईनोवाइरस --जिससे कॉमन कोल्ड यानि जुकाम होता है .

१) कॉमन कोल्ड : यह सबसे कॉमन इन्फेक्शन है , बदलते मौसम में . सबसे पहले नाक बहने लगती है , फिर गला ख़राब और खांसी , साथ में बुखार . अक्सर बहती नाक २-३ दिन में रुक जाती है लेकिन खांसी यदि ज्यादा हो जाए तो दवा लेना ज़रूरी हो जाता है . बुखार भी २-४ दिन में उतर जाता है .
डॉक्टर्स इसे यु आर आई कहते हैं .

२) वाइरल फीवर : इसमें सिर्फ बुखार होता है , साथ में सर दर्द , बदन दर्द , कमजोरी और थकावट होती है . ज़ाहिर है , इस बुखार में जुकाम और खांसी नहीं होती . यह बुखार १--७ दिन में अपने आप उतर जाता है , बिना दवा लिए भी .

१ और २ नंबर के बुखार एयर बोर्न इन्फेक्शन हैं यानि इनके वाइरस वायु में रहते हैं और साँस के साथ शरीर में प्रवेश करते हैं . इसलिए इनसे बच पाना लगभग नामुमकिन है .

३) अन्य वाइरल फीवर : डेंगू , चिकनगुनिया , येल्लो फीवर आदि . इनमे से डेंगू और चिकनगुनिया कॉमन हैं , लेकिन ये बुखार मच्छर के काटने से होते हैं , इसलिए इनकी रोकथाम की जा सकती है . येल्लो फीवर भारत में नहीं होता .

४) मलेरिया : ठण्ड के साथ अचानक बुखार चढ़ जाता है . यह भी मच्छर के काटने से ही होता है . इसलिए रोकथाम की जा सकती है .

५) यदि ७ दिन तक बुखार न उतरे और रोगी की हालत सही न लग रही हो तो typhoid होने की सम्भावना बढ़ जाती है .

६) यदि खांसी के साथ हल्का बुखार २-३ सप्ताह से चल रहा हो तो टी बी हो सकती है .

बुखार के उपरोक्त कारण हमारे देश में मुख्य तौर पर पाए जाते हैं . इस तरह के संक्रमण मुख्यतया विकासशील देशों में ही होते हैं जहाँ रहन सहन का स्तर ज्यादा अच्छा नहीं है .

बुखार का घरेलु इलाज :

बुखार का इलाज स्वयं नहीं करना चाहिए . डॉक्टर से परामर्श लेना अनिवार्य होता है वर्ना बहुत बड़ा धोखा खा सकते हैं .
लेकिन जब तक डॉक्टर के पास जा पायें , तब तक घर में क्या उपचार किया जा सकता है , यह जानिए :

१) आराम : बुखार में पहला काम करें --आराम . इससे बुखार जल्दी उतरेगा .
२) दवा : यदि बुखार १०० के आस पास या ज्यादा है तो एक गोली पेरासिटामोल ले सकते हैं जिसे ४-६ घंटे में दोबारा लिया जा सकता है . यह सबसे सुरक्षित दवा है . कभी भी एस्पिरिन न लें , यह खतरनाक हो सकती है .
३) हाइड्रोथेरपी : बुखार १०१-१०२ या इससे ऊपर होने पर स्पोंजिंग करने से राहत मिलेगी .
४) खाना : हल्का खाना अवश्य खाएं . न खाने से कमजोरी ज्यादा आएगी .
५) पानी : बुखार में dehydration होने का खतरा रहता है . इसलिए द्रव्य जैसे पानी , दूध , चाय , शरबत आदि उचित मात्रा में पीते रहना चाहिए .
६) समय मिलते ही एक बार डॉक्टर को अवश्य मिल लें .

याद रहे वाइरल बुखार एक से सात दिन में बहुधा उतर जाता है . इससे ज्यादा चलने पर जांच आवश्यक हो जाती हैं .
कहते हैं वाइरल फीवर दवा लेने से एक सप्ताह में ठीक हो जाता है . दवा न लेने से सात दिन में उतर जाता है .
अब ज़रा सोचिये -- एक मरीज़ एक डॉक्टर से ६ दिन तक इलाज कराता रहा लेकिन बुखार नहीं उतरा . सातवें दिन उसने डॉक्टर बदल लिया . दूसरे डॉक्टर ने दवा दी और बुखार ख़त्म . दूसरा डॉक्टर मरीज़ की नज़र में काबिल डॉक्टर बन गया .

क्या करें हमारे देश में ऐसा ही होता है .


Tuesday, July 19, 2011

मैं आपसे फिल्म के टिकेट पर खर्च किये गए पैसे में से २५ % के रिफंड की मांग करता हूँ --मिस्टर आमिर खान .

बुरा मत सुनो , बुरा मत देखो , बुरा मत कहो . गाँधी जी का यह कथन बचपन से सुनते आए है .
इनमे से केवल कहना ही अपने हाथ में होता है . हालाँकि सभी तरह की बुराइयाँ देख और सुनकर , उनसे बचे रहना भी अपने ही हाथ में है .

लेकिन जब यही बुराइयाँ फिल्मों द्वारा दिखाई जाती हैं तो युवाओं पर कितना प्रभाव छोडती हैं , यह हमने प्रत्यक्ष में जाना , जब हमने आमिर खान की ताज़ा फिल्म देल्ही बेल्ली देखी .

यूँ तो श्री अरविन्द मिस्र जी ने पहले ही सबको सचेत कर दिया था अपनी एक पोस्ट में . और उन्होंने न देखने की सलाह भी दी थी . लेकिन बहुत दिनों से जिंदगी में गंदगी नहीं देखी थी . फिर आमिर खान, जो बोलीवुड के चार खान अभिनेताओं में हमें सबसे ज्यादा पसंद रहे हैं , के बारे में हम सोच भी नहीं सकते थे की सरफ़रोश और लगान जैसे फिल्मों में काम करने या बनाने वाले, आमिर खान कुछ गलत भी कर सकते हैं .

बस इसी जिज्ञासा के रहते हमने फिल्म देखने का विचार बना लिया , पूर्णतया एक क्रिटिक की दृष्टि से .

देखकर यही लगा :

* आमिर खान की सोच को क्या हो गया है ?
* क्या सचमुच हमारा समाज इतना नीचे गिर गया है जो ऐसी फिल्म को पसंद करने लगा है ?
* क्या सेंसर बोर्ड बंद हो गया है या उनकी मति मारी गई है ?


यूँ तो यह फिल्म एक मनोरंजक फिल्म हो सकती थी . कहानी , छायांकन और अभिनय की दृष्टि से फिल्म अच्छी लगी .
लेकिन गालियाँ और फूहड़ सेक्स सीन्स को जिस तरह ज़बर्ज़स्ती घुसेड़ा गया है फिल्म में , वह तुच्छ और विकृत मानसिकता की उपज लगता है .

गालियाँ यदि कहानी का अभिन्न अंग हों तो बुरी नहीं लगती जैसे किसी कोठे वाली के मूंह से सुनना . लेकिन सुशिक्षित युवा जो पत्रकार भी हैं , उनको ऐसी भद्दी बातें करते देखकर किसी भी भद्र व्यक्ति के लिए असहनीय हो सकता है .


आम जिंदगी में भी गालियों का प्रचलन है . सम्बन्धियों पर आधारित गालियाँ जैसे --साला , ससुरा आदि सुनने में ज्यादा अभद्र नहीं लगती .
लेकिन शारीरिक अंगों और शारीरिक संबंधों पर आधारित गालियाँ निश्चित ही सभ्य समाज का अंग नहीं कहला सकती .

गालियों के नाम पर जिस तरह के शब्दों का प्रयोग इस फिल्म में किया गया है , वह सभ्य , सुशिक्षित समाज के मूंह पर एक तमाचा है .


इसका विरोध अवश्य होना चाहिए .
सिर्फ ऐ सर्टिफिकेट देने से सेंसर की भी जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती .


लेकिन हैरान हूँ की इसके विरोध में कुछ विशेष आवाज़ नहीं उठी .
किसी धर्म के नाम पर छोटी सी बात पर लोगों की भावनाएं चोट खा जाती हैं और बवाल खड़ा हो जाता है .
लेकिन यहाँ पूरे समाज की संवेदनाओं और शिष्टाचार पर प्रहार किया गया है और सब चुप हैं .

आपसे ऐसी उम्मीद नहीं थी मिस्टर आमिर खान .
मैं आपसे फिल्म के टिकेट पर खर्च किये गए पैसे में से २५ % के रिफंड की मांग करता हूँ .

यह हमारा फिल्म में दिखाई और सुनाई गई अश्लीलता पर विरोध प्रकट करने का तरीका है .

नोट : सभी ब्लोगर बंधुओं से यही कहना है --हम तो अपना विरोध प्रकट कर चुके , अब आपकी बारी है .

Thursday, July 14, 2011

क्या आपके किसी रिश्तेदार में कभी भूत प्रेत आया है ?

दृश्य १ :( बचपन में गाँव में )

घर के आँगन में एक २५ -३० वर्ष की महिला ज़मीन पर बैठी जोर जोर से हिल रही है और हाथ पैर पटकती हुई सर को गोल गोल घुमाती हुई भर्राई हुई आवाज़ में बडबडा रही है --मैं सबको देख लूँगा ---अगर तुमने मेरी बात नहीं मानी--- आज से हर सोमवार मेरे लिए हलवा पूरी बनाया करो---- पहले घर की बहु को खिलाओ , फिर सब लोग खाओ--वगैरह वगैरह .

सारे गाँव में खबर फ़ैल जाती है --फलाने की बहु में फलाना दादा आ गया .


अक्सर ऐसे किस्से सुनने में आते रहते थे . एक परिवार के पूर्वज जो रिश्ते में हमारे परदादा लगते थे --अक्सर उनके नाम का भूत उन्ही के परिवार के किसी न किसी व्यक्ति में आ जाता था . अक्सर वह व्यक्ति घर की कोई बहु होती थी .

फिर गाँव के ओझा को बुलाया जाता . ओझा गाँव के निम्न जाति के समुदाय से होता था जिसका दावा था की उसने शमशान में घोर तपस्या करने के बाद भूतों से छुटकारा दिलाने की सिद्धि प्राप्त की है .
वह आता और अपने तंत्र मन्त्र से बहु में आए भूत को बोतल में बंद कर ले जाता और दबा देता कहीं दूर ज़मीन के नीचे .

यह और बात है की कुछ दिन बाद वही भूत फिर किसी बहु के शरीर में प्रवेश कर तहलका मचा देता .

शहर में आने के बाद मैं अक्सर सोचा करता --यहाँ शहर में कभी किसी में भूत क्यों नहीं आता ?



दृश्य २ : ( अस्पताल के आपातकालीन विभाग में )

एक २५-३० वर्षीय महिला को उसके रिश्तेदार लेकर आते हैं . महिला प्रत्यक्ष में बेहोश दिख रही है लेकिन हाथ पैर पटक रही है . टेबल पर लिटाकर उसके पतिदेव जुट जाते हैं उसकी सेवा करने में --हाथ पैरों को मसल रहे हैं . दूसरा रिश्तेदार आकर घबराई आवाज़ में कहता है --डॉक्टर जल्दी कीजिये --देखिये इसे क्या हुआ --बेहोश हो गई है --बैठी बैठी अचानक बेहोश हो गई . पूछने पर पता चलता है की पति पत्नी में कुछ कहा सुनी हुई , उसके बाद वह बेहोश हो गई .

पति बताता है --इसको अक्सर ऐसे दौरे पड़ जाते हैं .

पूरा मुआयना करने के बाद डॉक्टर उसका मर्ज़ समझ जाता है . वह उसे एक मेडिकल ईत्र सुंघाता है . महिला पहले तो साँस रोक लेती है लेकिन जल्दी ही उसका साँस टूट जाता है और वह आँख खोल देती है और होश में आ जाती है . उसकी आँखों के कोर से आंसू की एक बूँद बह निकलती है .

रोगी आज के लिए ठीक हो गई है .
डॉक्टर उसके पति को समझाता है --जितनी सेवा तुम आज कर रहे थे , घर में यदि इसकी आधी भी करो तो यह ठीक रहेगी . इसका ख्याल रखा करो .

निष्कर्ष :

मनुष्य के व्यक्तित्त्व पर परिस्तिथियों का बहुत प्रभाव पड़ता है . बहुत सी बातें हमारे सब्कौन्शिय्स ( अर्धचेतन ) मस्तिष्क में जमा होती रहती हैं . विपरीत परिस्तिथियों में ये बातें अन्जाने ही बाहर आने लगती हैं . अक्सर अज्ञानतावश हम इन्हें कोई विकार मान लेते हैं . इन्ही बातों का नाजायज़ फायदा उठाकर कई तरह के ओझा , बाबा , तथाकथित साधू महात्मा तंत्र मन्त्र का नाटक कर सीधे सादे लोगों को बेवक़ूफ़ बनाते हैं .

सच तो यह है --भूत प्रेत नाम की कोई चीज़ होती ही नहीं .

विपरीत परिस्तिथियों में मानव मस्तिष्क अलग अलग तरह से प्रतिक्रिया करता है .
ऐसे हालातों में अक्सर तीन तरह के रोगी आते हैं :

१ ) मैलिंगर्स :

ये वे रोगी होते हैं जो जान बूझ कर बीमार होने का नाटक करते हैं . इसका सबसे कॉमन उदहारण है --जेब कतरे .
यदि पकडे जाएँ तो उनका नाटक देखने लायक होता है .
वैसे बड़े बड़े नेता , धर्म गुरु या पहुंचे हुए लोग भी इस विद्या में कुछ कम नहीं .

२ ) फंक्शनल :

चिकित्सा की भाषा में ये वे रोगी होते हैं जैसा दृश्य १ और २ में दिखाया गया है .
मन में दबी हुई भावनाओं और इच्छाओं को लिए ये लोग अक्सर विपरीत परिस्तिथियों में बीमार होने का बहाना करते हैं लेकिन इनको पता नहीं होता की ये बहाना कर रहे हैं . यानि ये अर्ध चेतन अवस्था में बीमार होते हैं . कभी कभी इसका इलाज करना भी बहुत सरल नहीं होता जैसे हिस्टीरिया .
इन्हें सायकोथेरपी की ज़रुरत होती है .
हालात सुधरने पर सुधार की आशा की जा सकती है .

३) सिजोफ्रेनिक :

ये वास्तव में मानसिक रोगी होते हैं . अक्सर इनका रोग हालातों पर निर्भर नहीं करता . लेकिन फिर भी हालात का थोडा रोल रह सकता है . इन्हें यथोचित उपचार द्वारा ही ठीक किया जा सकता है . इन्हें पागल कहना या पागल समझ कर दुत्कारना सही नहीं .

निश्चित ही दुनिया का कोई ओझा , बाबा ,या सिद्ध पुरुष इनका इलाज नहीं कर सकता. इनके धोखे में न आएं .

नोट : भूत प्रेतों का कोई अस्तित्त्व होता है या नहीं , इनका कोई प्रमाण है या नहीं --यह वाद विवाद का विषय हो सकता है . लेकिन ये रोगी किसी भूत प्रेत के शिकार नहीं होते, यह निश्चित है .

(प्रकृति की गोद में जाकर भी आधे रोग दूर हो जाते हैं )