top hindi blogs

Thursday, June 30, 2016

पटनीटॉप -- एक मिनी कश्मीर।


जब बात कश्मीर की आती है तो श्रीनगर की डल लेक , पहलगाम , और गुलमर्ग की खूबसूरती ही ज़ेहन में आती है। लेकिन जम्मू से मात्र १०० किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर १ पर एक वर्णनातीत जगह है पटनीटॉप। विशेषकर सर्दियों में यह जगह बर्फ से ढकी होती है , इसलिए स्कीइंग और बर्फ में खेलने का आनंद लेने के लिए यह जगह बहुत उपयुक्त और पास है।
नेट पर ढूँढ़ने पर पटनीटॉप में होटल्स तो बहुत दिखाई देते हैं , लेकिन यदि कस्बे का नक्शा देखने लगें तो कुछ पता ही नहीं चलता कि इसका ख़ाका क्या है।  इसलिए जब यहाँ पहुंचे और टैक्सीवाले ने गाड़ी एक छोटी सी सड़क पर मोड़ी तो हमें लगा कि गलत  मुड़ गए हैं।  इसलिए वापस मुड़कर हाईवे पर थोड़ा और आगे जाकर जब रेलवे गैस्टहाऊस का बोर्ड नज़र आया तो लगा जैसे जंगल में पहुँच गए हैं। निश्चित ही यह जंगल जैसा ही था क्योंकि गैस्टहाऊस वहां से करीब दो किलोमीटर अंदर था और रास्ते में सिर्फ देवदार के पेड़ ही पेड़ दिखाई दे रहे थे। गैस्टहाऊस पहुंचकर भी ऐसा लगा जैसे जंगल के बीच मंगल मानाने आये हैं।

    
ऊंचे ऊंचे दरख़्तों के बीच लॉन के तीन तरफ एक घेरे में बने ये बंगले बहुत खूबसूरत दिखते हैं।


गेस्टहाऊस को आने वाली सड़क जब आगे जाती है तो सड़क के दोनों ओर बहुत पुराने देवदार के पेड़ों की कतार मन को मोह लेती है।  सड़क के एक ओर मकान बने हैं , दूसरी ओर घने पेड़ों से आच्छादित घाटी है। यहाँ सुबह सुबह पैदल वॉक करने में बड़ा मज़ा आया।  यही सड़क आगे जाकर हाईवे में ही जा मिलती है। यानि यह एक सर्कुलर रोड है। इस के किनारे किनारे बीच बीच में सरकारी ऑफिस और टूरिज्म विभाग की टूरिस्ट हट्स बनी हैं।  लेकिन अधिकांश होटल उस सड़क पर बने हैं जिस पर हम शुरू में आ गए थे और वापस मुड़ लिए थे। यह सड़क सर्कुलर रोड में आकर मिलती है। लेकिन यह देखकर बड़ा अफ़सोस हुआ कि जगह की कमी के कारण सभी होटल्स एक संकरी सी सड़क पर ही बने थे जिससे गाड़ियों के आने जाने में बड़ी दिक्कत हो रही थी।  हालाँकि हमारा गेस्ट हाऊस खुले में था और भीड़ भाड़ से दूर था।  



पटनीटॉप में घूमने के लिए दो ही जगह अच्छी लगी। हाईवे से करीब  ८-१० किलोमीटर दूर है नाथाटॉप। यह शायद यहाँ का सबसे ऊंचा स्थान है।  यहाँ से चारों ओर का ३६० डिग्री व्यू नज़र आता है। यहाँ एक टॉवर लगा है लेकिन टॉप तक जाने में कोई असुविधा नहीं होती।  आस पास गूजरों की एक दो  झोंपड़ी ही दिखी।  और कोई मकान नहीं था।



यहाँ का हाल मसूरी जैसा था।  यानि देखते देखते मौसम बदल गया और घनी धुंध ने हमें घेर लिया।  तेज हवा के साथ वाष्प युक्त बादल चारों ओर छा गए।  बड़ा अद्भुत दृश्य था।



यहाँ से करीब दस किलोमीटर आगे घास के मैदानों से होकर आप पहुँच जाते हैं एक और पिकनिक स्पॉट सनासर लेक। यहाँ एक बहुत बड़े मैदान के बीच एक प्राकृतिक झील बनी है।  इसके एक ओर पेड़ों के बीच सुन्दर ट्रेक है।  पास ही गॉल्फ कोर्स भी बना है।  यहाँ आप घुड़सवारी कर सकते हैं , बैलून राइड में लोटपोट हो सकते हैं या फिर पैराग्लाइडिंग भी कर सकते हैं।  यहाँ का नज़ारा वास्तव में बहुत खूबसूरत है।

नाथाटॉप और सनासर लेक के बीच का रास्ता ग्रीन मीडोज ( घास के मैदान ) से भरा पड़ा है।  इनकी स्लोप्स पर सर्दियों में जब बर्फ पड़ती है तो स्कीइंग का बड़ा मज़ा आता है।  इसलिए यदि बर्फ का आनंद लेना हो तो पटनीटॉप कश्मीर की उधमपुर डिस्ट्रिक्ट में एक अच्छी जगह है।  समुद्र तल से इसकी ऊँचाई करीब २००० मीटर है , इसलिए गर्मियों में भी मौसम सुहाना ही होता है।



पटनीटॉप का रेलवे गेस्ट हाऊस। अब रेलवे ने रेलवे कर्मचारियों के गेस्ट्स के लिए भी इसके द्वार खोल दिए हैं। इसलिए बाहर सस्ते में आपको एक शानदार जगह पर रहने का अवसर मिल जाता है। बहुत शांत और शीतल वातावरण में दो दिन रहना भी कायाकल्प कर देता है।




JKTDC की टूरिस्ट हट्स।  पटनीटॉप में एक यह ही ऐसी जगह है जहाँ खुले खुले मैदान हैं , चारों ओर हरियाली है और कई जंगल ट्रैक्स हैं जहाँ आप घोड़ों पर या पैदल ट्रेकिंग कर सकते हैं। दूसरे सभी होटलों के गेस्ट्स भी शाम को पिकनिक मनाने यहीं आते हैं।

पटनीटॉप एक छोटा सा लेकिन आरामदायक हिल स्टेशन है। पास होने के कारण यहाँ पंजाब और जम्मू से बहुत सैलानी घूमने के लिए आते हैं।  नाथाटॉप पर एक जश्न का सा माहौल होता है।  लोग गाड़ियों में ही खाने पीने का इंतज़ाम रखते हैं और कहीं भी बैठकर पिकनिक मनाने लगते हैं। फिर आप पंजाबी हों तो एक दो पैग के बाद पाँव तो स्वयं ही थिरकने लगते हैं। इस मामले में आजकल क्या लड़के और क्या लड़कियां , सभी मस्त हो जाते हैं।

हम तो यही कहेंगे कि आप आनंद अवश्य लीजिए , लेकिन पर्यावरण का ध्यान भी रखिये। अफ़सोस कि अधिकांश लोग मौज मस्ती के बाद जब जाते हैं तो अपने पीछे कूड़े कचरे का ढेर छोड़ जाते हैं।  उनका यह व्यवहार अक्षम्य अपराध लगता है।  साथ ही सरकार को भी ट्रैफिक पर कुछ प्रतिबन्ध लगाना चाहिए  ताकि इन खूबसूरत जगहों पर जाम न लगे और प्रदुषण से भी बचे रहें ।       




Tuesday, June 28, 2016

माता वैष्णो देवी यात्रा -- भाग २ :


माता वैष्णो देवी यात्रा पर सबसे पहले हम १९८१ में  गए थे। तब नए नए डॉक्टर बने थे और पूर्ण मस्ती में थे। उस समय १४ किलोमीटर का ट्रैक पैदल तय करना पड़ता था , हालाँकि पोनी तब भी उपलब्ध होते थे।  लेकिन रास्ते में अर्धक्वाँरी पर ही कुछ खाने पीने की दुकाने होती थी।  बाकि रास्ता लगभग सुनसान ही होता था। फिर दोबारा १९९५ में जाना हुआ।  तब तक रास्ता पक्का बन गया था और रास्ते भर तरह तरह की दुकाने खुल गई थी। यह वह दौर था जब गुलशन कुमार की टी सीरीज कंपनी ने माता और माता के भजनों को बहुत लोकप्रिय बना दिया था।  उस समय तक मंदिर का प्रबंधन भी निजी हाथों से लेकर सरकार ने बोर्ड बनाकर अपने हाथों में ले लिया था।      


उस समय जम्मू तक ट्रेन से और जम्मू से कटरा बस द्वारा जाया जाता था। लेकिन लगभग दो वर्ष पूर्व सरकार ने जम्मू से कटरा तक रेल की पटरी बिछाकर रेल सेवा उपलब्ध करा दी जो अपने आप में एक अद्भुत कार्य है। छोटे छोटे पहाड़ों से गुजरती ट्रेन कभी नदी नालों पर बने पुलों पर चलती है तो कभी पहाड़ों को काटकर बनाई गई सुरंगों से होकर बाहर आती है।  कुल मिलाकर तकनीक की अद्भुत मिसाल है जम्मू से कटरा रेलवे लाइन।  


इस बीच कटरा से माता वैष्णो देवी श्राइन ( सांझी छत ) जाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी आरम्भ हो गई।  आजकल हिमालय और ग्लोबल नाम की दो कंपनियों द्वारा हेलीकॉप्टर सेवा चलाई जा रही है जिसका एक ओर का किराया मात्र ११७० रूपये है। एक बार में ५ से ६ यात्री बैठकर जा सकते हैं।  ३ से ४ मिनट की उड़ान में आप को हवा में उड़ने का रोमांचक अनुभव बहुत आनंद देता है।  हेलीपैड सांझी छत जगह पर बना है  जहाँ से श्राइन लगभग ढाई किलोमीटर दूर है। हेलीकॉप्टर से जाने वाले यात्रियों को मंदिर में वी आई पी गेट से प्रवेश की सुविधा मिलती है जिससे लम्बी लाईन से बचा जा सकता है।



जो यात्री हेलीकॉप्टर से नहीं जाना चाहते , उनकी सुविधा के लिए भी अब अर्धकंवारी से एक नया रास्ता बनाया गया है जो लगभग समतल है , इसलिए ज्यादा चढ़ाई नहीं करनी पड़ती।  हालाँकि यह रास्ता थोड़ा  लम्बा है लेकिन ज्यादा आरामदायक है।  रास्ते पर टिन शेड लगाने से हर मौसम में सुविधापूर्वक जाया जा सकता है।




पैदल रास्ते का एक दृश्य।  पूरा रास्ता पक्का बना है जिस पर खच्चरों की भरमार है लेकिन साफ़ रखने के लिए निरन्तर झाड़ू लगाकर गोबर आदि को हटा दिया जाता है।  जगह जगह पीने के पानी और टॉयलेट्स का बढ़िया इंतज़ाम है।



बेशक अब वहां भी विकास नज़र आता है लेकिन जो बिलकुल नहीं बदला वह है भक्तों की भीड़। जहाँ ८० के दशक में ३ से ४ हज़ार यात्री प्रतिदिन जाते थे , अब २० से २५ हज़ार की संख्या प्रतिदिन होती है। यह संख्या भी दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। बस अब लोग चुपचाप ट्रेकिंग करते हैं , कम ही लोग 'जय माता दी' बोलते नज़र आये। श्राइन में भी लोगों को ज़मीन पर वैसे ही पसरे हुए पाया  जैसे पहले देखा था। लेकिन भक्तों की भीड़ में बच्चे , बूढ़े , अपाहिज और मुश्किल से चल पाने वाले लोग भी कष्ट उठाकर चलते नज़र आये।  श्रद्धा चीज़ ही ऐसी है कि मुर्दे में भी जान डाल देती है।

मंदिर में प्रवेश का प्रबंधन बदल दिया गया है।  अब पानी वाली गुफा से नहीं जाना पड़ता बल्कि वेल कार्पेटेड रास्ते से होकर गर्भगृह में प्रवेश करते हैं। हालाँकि अंदर बहुत छोटी सी जगह में दो पंडित और एक पुलिसवाला मिला।  एक पंडित टीका लगा रहा था और दूसरा माता के पास बैठा था। जो भक्त पहली बार जाता होगा , उसे  इन तीन इंसानों के सिवाय कुछ भी दिखाई नहीं देता होगा। कहते हैं कि माता उसे ही दर्शन देती है जो उनमे विश्वास रखता है। हालाँकि यह कहावत भी जगत प्रसिद्द है कि मानो तो मैं गंगा माँ हूँ , ना मानो तो बहता पानी।      

श्रीमद्भगवद गीता में लिखा है कि जो सात्विक प्रकृति के लोग होते है वे एक ही भगवान को सर्वव्यापी मानकर सब में श्रद्धा रखते हैं , जबकि राजसी प्रकृति के लोग देवी देवताओं की पूजा करते हैं और तामसी लोग भूत प्रेतों की पूजा करते हैं।  जो भगवान सर्वव्यापी है , उसे ढूँढ़ने और पूजने के लिए इतना भटकना क्यों पड़ता है , यह बात आज तक हमारी समझ में नहीं आई। शायद इसीलिए इस लोक को मृत्युलोक कहा जाता है।    

Sunday, June 26, 2016

दिल्ली से कटरा रेल यात्रा -- एक संस्मरण।


तीन दिन और चार रातें घर से बाहर बिताकर आज घर वापस लौट आये। इन तीन दिनों में रेल यात्रा , हेलीकॉप्टर यात्रा , तीर्थ यात्रा , टैक्सी यात्रा , पहाड़ों की यात्रा और भारत पाकिस्तान बॉर्डर की यात्रा कर डाली। बेशक यदि दो तीन दिन के लिए भी घर छोड़कर निकल जाओ तो यह बहुत रिफ्रेशिंग होता है।

दिल्ली से सीधे कटरा के लिए ट्रेन सर्विस शुरू होने से यात्रा करने वालों के लिए बहुत सुविधा हो गई है। श्री शक्ति एक्सप्रैस ट्रेन दिल्ली से शाम को साढ़े पांच बजे चलकर सुबह पांच बजे कटरा स्टेशन पहुँच जाती है।  ट्रेन के चलने से ठीक पहले हलकी हलकी बारिश शुरू हो गई।  इससे पहले मौसम बहुत ही उमस भरा था। लेकिन ट्रेन में शायद ऐ सी  ऑन नहीं था जिसके कारण बैठना दुश्वार सा लग  रहा था।  ट्रेन के आधे घंटे चलने के बाद कहीं जाकर ऐ सी इफेक्टिव लगने लगा।  इस ट्रेन में एक बात बड़ी अच्छी लगी कि खाने पीने के लिए बहुत सामान उपलब्ध था।  हर दो मिनट बाद कोई न कोई खाने का सामान लेकर उपस्थित हो जाता था।  वरना एक समय था जब स्टेशन पर दौड़कर सामान लाना पड़ता था।


कटरा रेलवे स्टेशन -- ग्रेनाइट टाईल्स का फर्श , स्टेशन पर कोई खोमचे वाला नहीं , रात में जलती लाइट्स बहुत खूबसूसरत लग रही थीं।


पृष्ठ भूमि में पहाड़ और बादलों का संगम एक मनोहारी दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।



आई आर सी टी सी द्वारा बनाया गया विश्राम गृह बहुत भव्य बनाया गया है।  एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा होने से यात्रियों को सामान ले जाने में कोई दिक्कत नहीं होती।


भवन का डिजाइन भी बहुत खूबसूरत है।  उस पर ऊपर छाये बादल मन को हर्षित कर रहे थे।
कटरा रेलवे स्टेशन नया होने से बहुत सुन्दर बनाया गया है।  यात्रियों के लिए ठहरने , आराम करने और नहाने धोने के लिए IRCTC ने स्टेशन पर ही आराम गृह बनाया है जिसमे सभी सुविधाएँ दी गई हैं।  यह अलग बात है कि यहाँ भी आम और खास में अंतर रखा गया है। द्वार से घुसते ही फर्श पर सैकड़ो की तादाद में यात्री लेटे हुए मिले जिनके बीच से मुश्किल से रास्ता बनाते  हुए  किसी तरह सीढ़ियों तक पहुंचे।





प्रथम तल पर सभी सुविधाओं से सुसज्जित वी आई पी रैस्टहाउस बहुत आरामदायक है। हालाँकि पानी की किल्लत यहाँ भी है। टी वी , फ्रिज , ऐ सी , डाइनिंग टेबल , सोफे आदि से लैस सुइट में करीने से सजाए गए डबल बेड पर लेटकर फ़ौरन नींद आ जाये तो कोई हैरानी की बात नहीं।  लेकिन यहाँ एक दो घंटे आराम कर और नहा धोकर यात्री निकल पड़ते हैं अपने गंतव्य की ओर अपनी अपनी सुविधानुसार। क्रमशः ---  


Thursday, June 16, 2016


डॉ अरविन्द मिश्र जी ने हमारी एक पोस्ट पर सही टाईटल दिया -- इंफोटेनमेंट।
तो लीजिए हाज़िर है , एक और इंफोटेनमेंट :


गर्मी में आता है गर्म पसीना ,
यही पसीना तो गर्मी से बचाता है।

कंपकपाने का मतलब डर नहीं होता ,
सर्दियों में कंपकपाना ही ऊर्ज़ा दिलाता है।

मत समझो कोई अपशकुन इसे ,
छींकने से तो स्वास मार्ग खुल जाता है।

दस्त भले ही कर डालें पस्त तुम्हें ,
पर पेट को रोगाणुओं से निज़ात दिलाता है।

जूता सुंघाओ या ना सुंघाओ ,
मिर्गी के दौरे में कोई टोटका काम नहीं आता है।

जितने मर्ज़ी बदलो शहर के डॉक्टर ,
वायरल बुखार तो अपने आप ही ठीक हो जाता है।

पीलिया भी एक वायरल इंफेक्शन है ,
इसमें झाड़ फूंक नहीं , आराम ही काम आता है।

किसी को नहीं लगती किसी की नज़र ,
नज़र का लगना भी एक अंधविश्वास कहलाता है।

पेट के दर्द को एसीडिटी मत समझो ,
कभी कभी ये दिल का दर्द भी निकल आता है ।

कुत्ता काट ले तो इंजेक्शन लगवाओ ,
हल्दी मिर्च के लेप से तो रोग और बढ़ जाता है।

शहर में भरे पड़े हैं झोला छाप डॉक्टर ,
इनका ईलाज जान का दुश्मन बन जाता है।

जब काम न आएं वैद , हकीम और डॉक्टर ,
इस जिस्म को अक्सर कुदरत ही रोगों से बचाता है। 

Tuesday, June 14, 2016

कर्म ही इंसान की पहचान हैं ---

1)


गीता में श्रीकृष्ण अर्जुन से कहता है ,
जो जैसा करता है , वो वैसा भरता है।

जन्म से हिन्दू हो, सिख या मुस्लमान,
इंसांन तो मनुष्य कर्म से ही बनता है।

वो मंदिर जाये , मस्जिद , या गुरुद्वारे ,
बंदा हर हाल में इबादत ही तो करता है।

जन्नत आखिर में उसी को मिलती है ,
जो अंतकाल तक अच्छे कर्म करता है।

हों कोई भी आप रईश शहज़ादे 'तारीफ़ ,
इंसान का कर्म ही उसकी पहचान बनता है।

2)

कभी कभी मैं सोचता हूँ कि ,
उसका बाप कितना बड़ा आदमी है !
वो बड़ी सी गाड़ी में आता है ,
रोज सैंकड़ों रूपये उडाता है।
जब देखो नई घड़ी दिखाता है।
सब उसको बड़े बाप का बेटा समझते हैं।
लेकिन जब इम्तिहान का रिजल्ट आता है ,
तब मुँह छुपाता फिरता है ,
घर जाने से बहुत डरता है।
वो ऐसा क्यों करता है ,
वो तो बड़े बाप का बेटा हैं ना !

फिर इसको देखता हूँ तो सोचता हूँ ,
वो कितने ग़रीब घर से है।
रोज एक ही जोड़ी कपड़ों को धोकर पहनता है।
घर का खाना खाता है।
कभी पिक्चर के लिए क्लास बंक नहीं करता।
किताबें भी कभी कभी मांग कर पढता है।
लेकिन जब रिजल्ट आता है ,
तब क्लास में सबसे अव्वल नंबर पर आता है।
अमीर लड़के उससे दोस्ती नहीं करते ,
लेकिन सभी मास्टरों का चहेता है।
हर साल क्लास में वही तो प्रथम आता है।
सच, इंसान अपने कर्मों से ही जाना जाता है।
ये बात वो नहीं समझ सकते जो नादान हैं ,
देखा जाये तो कर्म ही इंसान की पहचान हैं।