top hindi blogs

Friday, November 20, 2026

इस उम्र का क्या मतलब ...

 रिटायरमेंट के बाद ऐसी मुसीबत हो गई है,

लगता है जैसे अपनी हकीकत ही खो गई है।


सारा दिन बिन कुछ किए ही गुजर जाता है,

अब ना कोई समझता है, ना डॉक्टर साहब कह कर बुलाता है।


दिल टूटने लगता है ऊपर से जब कोई बाऊजी कहता है,

कहीं बाऊ ही ना कह दे, ये सोचकर ही डर लगता है।


बढ़ऊ होने का अहसास तब होने लगता है,

जब कोई हमे अंकल जी कह कर बुलाता है।


एक दिन हमने एक महफिल में गाना गाया,

दिल की ये आरजू थी कोई दिलरुबा मिले।

एक युवक बोला, दादू इस उम्र में दिलरुबा ढूंढने निकले।


एक दिन तो एक ट्रैफिक पुलिस वाले ने पकड़ लिया,

बोला रेड लाइट जंप की है, साइड में आ जाओ,

फिर खुद ही बोला, आपकी उम्र का लिहाज करके छोड़ रहा हूं, जाओ।


सोचता हूं अभी तो मुंह में दांत हैं, पेट में आंत है, सब देता है सुनाई ।

पर हम से ज्यादा हमारी उम्र दूसरों को क्यों देती है दिखाई।


अरे उम्र एक नम्बर है, नम्बर जिंदगी नहीं,

जिंदगी में मस्त रहने पर कोई पाबंदी नहीं।

हंसने हंसाने का ही दोस्तो नाम है जिंदगी,

खुलकर हंसो, इसमें कोई शर्मिंदगी नहीं।


जब आप हंसते है तो अपना तनाव भगाते हैं,

जो लोग हँसाते हैं, वे दूसरों के तनाव हटाते हैं।

हँसाना भी एक परोपकारी काम है दुनिया में,

इसलिए हम तो सदा हंसी की ही दवा पिलाते हैं।