top hindi blogs
Showing posts with label बचपन. Show all posts
Showing posts with label बचपन. Show all posts

Thursday, August 11, 2011

उम्र पचपन की , दिल बचपन का --

बचपन गाँव में गुजरा . फिर शहर में रहने लगे तो छुटियाँ गाँव में ही बीतती . उन दिनों में भी गाँव में अपना फार्म हाउस था --जी हाँ दादाजी ने गाँव से बाहर दो बीघा खेत में मकान बनाया था . गाँव के पनघट में जब पानी सूख गया तो आधे गाँव द्वारा हमारे फार्म हाउस में लगे हैण्ड पम्प का पानी ही पीने के लिए प्रयोग किया जाने लगा .


गर्मियों की छुट्टियों में पानी लेने आई रंग बिरंगी पोशाक धारण किये पनिहारियों को निहारना निर्मल आनंद की अनुभूति प्रदान करता था .

गाँव की औरतें वैसे जैसे भी रहें , लेकिन पानी भरने जाते समय अपनी सबसे बढ़िया ड्रेस पहन कर आती थी .नई नवेली दुल्हन के तो क्या कहने . घूंघट समेत वस्त्रों से भले ही सारा शरीर ढका हो , लेकिन सिर्फ हाथों को ही देखकर अंदाज़ा हो जाता था कि फलाने की बहु कितनी सुन्दर है .

अब यह हमारी मजबूरी थी कि हमारे घर में हमारे लिए तो बस चाचियाँ , ताइयां और दादियाँ ही थी --बहु कोई नहीं थी .होती भी कैसे --सारे भाई बहनों में सबसे बड़े , खानदान के सबसे बड़े चिराग हमी तो थे .

उसपर ऐसे शर्मीले कि हमारे शर्मीलेपन पर शर्म भी शर्मशार हो जाए .

फिर एक दिन अचानक बड़े हो गए . शहर में रहने लगे . गाँव पूर्ण रूप से छूट गया . शर्माना भी थोडा कम हुआ . जाने कैसे मंच से दोस्ती हो गई . डॉक्टर होने के साथ साथ कब लाफ्टर चैम्पियन , हास्य कवि , और मंच संचालक बन गए , पता ही नहीं चला ।

लेकिन आज भी जब कभी गाँव की किसी चाची या ताई से मुलाकात होती है और वो प्यार से सर पर हाथ रख कर पुचकारती है , तो उसी तरह शर्माकर बच्चा सा महसूस करता हूँ ।

आज उम्र भले ही पचपन की हो गई हो , लेकिन दिल में कहीं न कहीं एक बच्चा अभी भी जिन्दा है ।

शायद यही जिन्दादिली का अहसास कराता रहता है ।

Wednesday, April 6, 2011

आखिर कब तक देश का बचपन भूखा रहेगा ?

अस्पताल के आपातकालीन विभाग के द्वार के बाहर शहतूत का एक पेड़ है । आजकल यह पेड़ पके शहतूत से लदा पड़ा है । छोटे आकार के हलके और गहरे चॉकलेट ब्राउन रंग के शहतूत देखकर ही मूंह में पानी आ जाता है ।

अक्सर वहां से गुजरते हुए इस पेड़ पर नज़र पड़ते ही अपने बचपन के दिन याद आ जाते हैं जब गाँव में नीम की पकी निम्बोली तोड़ तोड़ कर खाते थे । माइक्रो साइज़ के आम जैसी पकी निम्बोली बड़ी रसीली होती थी ।

याद आते हैं वो कंटीली झाड़ियों सी बेरी के बेर --छोटे छोटे लेकिन बेहद स्वाद ।

और वो जंगली झाड़ियाँ जिनमे गोल गोल छोटी छोटी जामुन जैसी --पलपोटन लगी होती थी ।
कितने मज़े से तोड़ तोड़ कर खाते थे ।

अब चाहकर भी पके शहतूत तोड़ नहीं सकते । आखिर बड़े हो गए हैं भाई , शायद बड़े आदमी ।
शहरी , सभ्य , सुशिक्षित !
आखिर मर्यादा भी तो कोई चीज़ होती है ।

रसीले शहतूत हवा के झोंके के साथ ज़मीन पर टपकने लगते हैं ।
कभी कभी ज्यादा पकने पर बिना झोंके के भी अपना स्थान छोड़ पृथ्वी पर अवतरित हो जाते हैं ।
और लीन हो जाते हैं माटी में अपना वज़ूद भूलकर ।
रौंद दिए जाते हैं , आने जाने वालों के पैरों तले ।

शायद यह शहतूत के पेड़ का ही कसूर है --वह क्यों उपजा इस सभ्य सुशिक्षित समाज में ।
ज़मीन पर शहतूत बेजान से पड़े हैं-- लहू लुहान !
लेकिन इनका लहू लाल नहीं है । काली हो गई है सारी ज़मीन ।


लेकिन यह छोटा बच्चा छोटा ही है । न पढ़ा लिखा , न सभ्य समाज का नागरिक । परन्तु यह कर क्या रहा है ?

अरे यह तो शहतूत इक्कट्ठे कर रहा है चुन चुन कर ।

सोचता हूँ वह उनका क्या करेगा ।

हाईवे पर अक्सर बच्चों को जामुन बेचते देखा है --पांच या दस रूपये में एक डोंगा भरकर ।
ऐसे ही इकठ्ठा करते हैं और खुद खाने की बजाय बेच देते हैं उनको बच्चे ।

क्या यह बच्चा भी---?

आखिर कब तक देश का बचपन भूखा रहेगा ?
कब तक ? ?

Saturday, February 27, 2010

बस हमने बचपन में कभी होली नहीं खेली--जानते हैं क्यों ---

वक्त बदल जाता है । हालात बदल जाते हैं। और कई बातें , कई रिवाजें वक्त की परतों के नीचे दब कर रह जाती हैं।
ऐसा ही है , होली मनाना । जी हाँ , होली अलग अलग राज्यों में अलग अलग तरीके से मनाई जाती है।

ब्रिज की होली को कौन नहीं जनता।

लेकिन हरयाणवी होली ! शायद आपको नहीं मालूम होगा की कैसे मनाई जाती थी हरियाणा में होली।
यह उन दिनों की बात है जब न मोबाइल थे , न गाड़ियाँ।
न कलर टीवी, न कंप्यूटर।
लेकिन होली तब भी खेली जाती थी।

बस हमने बचपन में कभी होली नहीं खेली।

सोच सकते हैं क्यों ?
क्योंकि उन दिनों हरियाणा और दिल्ली के गावों में बच्चे होली नहीं खेलते थे ।
हैं न अचरज में डालने वाली बात।

आइये आज आपको परिचित कराते हैं , हरियाणा में होली कैसे खेली जाती थी , सातवें और आठवें दशक में ।

* होली का खेल बसंत पंचमी के दिन से शुरू हो जाता था। यानि अगले ४० दिन तक होली खेलते थे । लेकिन सिर्फ बहुएं । घर की बहु अपने जेठों पर पानी डालती थी , जहाँ भी अवसर मिलता था । यह सिलसिला पूरे फागुन चलता था ।
* अगर घर में बटेऊ ( दामाद ) आ जाता था , तो उसकी तो श्यामत आ जाती थी।

*होलिका दहन वाले दिन सभी औरतें एकजुट होकर , गीत गाती हुई , विशेष रूप से बनाये गए गोबर के उपले और कंडे लेकर होली में डाल कर आती थी।

* दुलैन्ह्ड़ी वाले दिन असली होली होती थी। लेकिन यह सिर्फ देवर और भाभी के बीच खेली जाती थी।
एक मैदान या खाली पड़े खेत में सब लोग इकट्ठा होते थे । मोहल्ले के सभी लड़के पानी की बाल्टी लेकर तैयार , और बहुएं ( भाभियाँ ) दूसरी तरफ कोल्ह्ड़े लेकर तैयार ।

देवर भाभी पर पानी डालने की कोशिश करता और भाभी उसे कोल्ह्ड़ा मारने की कोशिश करती । इस तरह भाग दोड वाला खेल होता था , जिसमे देवरों की पिटाई खूब होती थी।

* बाकि सब लोग बस दूर खड़े तमाशा ही देखते थे ।

* उन दिनों गुलाल कोई नहीं जनता था ।

* एक और विशेषता : होली पर पटाखे छुडाये जाते थे , दिवाली पर नहीं ।

शुक्र है हम बड़े हुए , गाँव से बाहर निकले और हमने होली मनाना सीखा --रंग और गुलाल से ।

तो बताइये कैसी लगी आपको यह जानकारी।