चिकित्सा है पेशा, समाज सेवा जिम्मेदारी
फोटोग्राफी का शौक, हंसना हँसाना है जिंदगी हमारी।
नए साल में हमने यही सोचा था की अब सारी पोस्ट इन्ही चार विषयों पर लिखा करेंगे। पहली तीन पोस्ट लिखने के बाद अब बारी है हास्य- व्यंग की। तो चलिए थोडा हास्य -व्यंग हो जाये।
पता चला है की गूगल अब चीन में अपना कारोबार समेटने जा रहा है। वजह चाहे जो भी हो, लेकिन हमें तो चिंता सी होने लगी है की कहीं हमारे देश में भी बंद हो गया तो क्या होगा। यानि हम हिंदी ब्लोगर्स का क्या होगा। आइये देखते है , क्या होगा :
१) जो ब्लोगर्स सुबह सुबह मोर्निंग वॉक छोड़कर कंप्यूटर पर बैठ जाते हैं, वो फिर से वॉक पर जाना शुरू कर देंगे।
२) जो दोस्त ऑफिस का काम छोड़कर , सारे दिन ब्लॉग पर लगे रहते हैं, वो फिर से ऑफिस का काम करना शुरू कर देंगे।
३) जो मित्र शाम को घर आते ही, घर के काम धाम छोड़, टिपियाने लग जाते हैं, वो घर के काम काज में श्रीमती जी हाथ बटाने लगेंगे। यानि सब्जी लाना, बाज़ार जाना, मरम्मत के काम इत्यादि।
४) जो महानुभव डिनर के समय भी बाल- बच्चों को छोड़ कंप्यूटर पर बैठे रहते हैं, वो फिर से परिवार के साथ उठना बैठना शुरू कर देंगे।
५) जो युवा मित्र रात में नई नवेली पत्नी को भूल कर कंप्यूटर टेबल पर बैठ कर आधी रात गुज़ार देते हैं, वे भी गृहस्थ जीवन में लौट आयेंगे।
यानि अगर यहाँ, गूगल बंद हुआ तो बहुत से लोगों का भला होगा, यह निश्चित है।
लेकिन ज़रा सोचिये , उन लोगों का क्या होगा :
१) जो सेवा-निवृत हैं, और ब्लोगिंग के ज़रिये न सिर्फ रोज़ अच्छा टाइम पास करते हैं, बल्कि उनको ब्लोगिंग के ज़रिये एक नहीं सैकड़ों मित्र, बेटे, और बेटियां मिल जाते हैं।
इस संसार में ज़हां बुजुर्गों को अपने ही बच्चे छोड़ दूर चले जाते हैं, ब्लोगर्स ही तो हैं, जो एक दुसरे का ख्याल करते हैं।
आखिर अपने बुजुर्गों का सम्मान करना, उनकी देखभाल करना और उनकी सुख सुविधाओं का ख्याल रखना , हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है।
२) उन पतियों का क्या होगा , जो पत्नी के सास बहु के सीरियल्स के शौक की वज़ह से टी वी देखने से वंचित होकर , ब्लोगिंग में अपनी खीज उतारते हैं।
३) हमारे जैसे अनेकों कवियों, शायरों और गज़लकारों का क्या होगा, जिनको अपनी रचनाएँ सुनाने या पढ़ाने के लिए ब्लॉग एक अच्छा और मुफ्त का माध्यम मिला हुआ है।
४) उन पहलवानों का क्या होगा , जिनका और किसी पर तो बस चलता नहीं, दुसरे ब्लॉग मित्रों को नौक झोंक, गाली गलोज, और अगर मिल जाएँ तो हाथा पाई तक का कौशल दिखाने में बाज़ नहीं आते।
अब अगर गूगल बंद हुआ, तो ये सब तो वंचित हो जायेंगे, इतनी सुविधाओं से।
तो आइये निवेदन करें गूगल वासियों से , की भई, कम से कम भारत में तो इसे बंद मत करिए।
और अंत में ---
एक चौराहे पर :
एक बूढ़े भिखारी से मैंने कहा ,बाबा आज दायाँ
कल तो आपने बायाँ हाथ फैलाया था ।
भिखारी बोला, बेटा बूढा हो गया हूँ
अब याद नहीं रहता , कल किस हाथ में पलस्तर चढ़ाया था।
नोट : यह सिर्फ व्यंग है, कृपया इसे व्यक्तिगत रूप में न लें।
अगली पोस्ट में देखिये और पढ़िए --स्वस्थ जीवन के कुछ नुस्खे ।