top hindi blogs
Showing posts with label पुराना किला. Show all posts
Showing posts with label पुराना किला. Show all posts

Thursday, April 5, 2012

फूलों की तलाश में , भटकते रहे हम गुलशन गुलशन ---

रविवार का दिन था । श्रीमती जी कहने लगी --जी बहुत दिन हो गए , फूलों को देखे हुए । चलिए कहीं चलते हैं । मैंने कहा भाग्यश्री, ऱोज तो रोज को देखती हो , फिर कहती हो , फूल नहीं देखे । बोली , नहीं जी वो वाला नहीं ,वो वाले । हम समझ गए कि मेडम को पार्क घुमा कर लाना पड़ेगा ।
गाड़ी निकाली और पहुँच गए घर के सबसे पास वाले पार्क --मिलेनियम पार्क में । लेकिन डेढ़ किलोमीटर लम्बे पार्क में पार्किंग के लिए डेढ़ सौ गज ज़मीन भी नहीं थी । जाने क्या सोचा था होर्टीकल्चर डिपार्टमेंट ने । या शायद सोचा ही नहीं ।
खैर , हमने सोचा चलो पुराना किला चलकर बोटिंग करते हैं । यहाँ पार्किंग चिड़िया घर के सामने ही मिलती है । गेट पर पहुंचे तो पार्किंग अटेंडेंट ने पूछा --कहाँ जाना है । हमने कहा -- बोट क्लब । बोला ज़नाब --सब बंद हो चुके हैं --ज़ू भी , पुराना किला भी और बोट क्लब भी । सब साढ़े पांच बजे बंद हो जाते हैं । अज़ीब लगा लेकिन फिर सोचा --चलो चिल्ड्रन्स पार्क चलते हैं इण्डिया गेट पर । वैसे भी वहां बहुत हरियाली होती है ।

रास्ते में ये फूल नज़र आए तो हमने श्रीमती जी को दिखाकर अपना वायदा पूरा किया ।


लेकिन चिल्ड्रन्स पार्क के गेट पर पहुंचे तो गेट बंद पाया । हमने सामने बैठे चौकीदार से पूछा तो पता चला यह भी साढ़े पांच बजे बंद हो जाता है । खीजकर हमने उसी पर सारा गुस्सा निकाल दिया । फिर सोचा , चलो बाहर से ही कुछ फोटो लिए जाएँ अपने मोबाईल से ।



प्ले एरिया ।



मुख्य प्रवेश द्वार से एक नज़ारा ।



यह भी । दूर से ही देख , हम निकल पड़े इण्डिया गेट की ओर । शाम का धुंधलका हो चुका था ।



पश्चिम में सूरज डूब रहा था ।



डूबते सूरज की चमक , इण्डिया गेट की प्रष्ठ भूमि में ।



एक पेड़ के साथ भी ।



इण्डिया गेट पर भी एक बोट क्लब है । हालाँकि फव्वारा बंद था ।



श्रीमती जी की बड़ी तमन्ना थी कि बोटिंग की जाए , लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई घंटे का इंतजार करना पड़ता ।
इसलिए विचार त्याग दिया । इस बीच मेडम चना जोर गर्म ले आई । हमने श्रीमती जी से कहा --क्यों न चने खाते हुए एक फोटो हो जाए । लेकिन हमारी गाय्नेकोलोजिस्ट पत्नी के हाथ भले ही महिलाओं के पेट काटते हुए कभी नहीं कांपते , परन्तु हमारी फोटो खेंचते हुए ऐसे कांपे कि फोटो में हमारी जगह हमारा भूत नज़र आ रहा था ।



अब तक लाइट्स जल चुकी थी । सामने यह ठूंठ देखकर बड़ा अचरज़ हुआ ।



एक फोटो पीछे से लेकर हम निकल पड़े घर की ओर । लेकिन मेडम की पसंद की आलू कचालू चाट , और आईस क्रीम खाने के बाद ।

नोट : ऐसा लगता है , सुरक्षा की दृष्टि से सभी पब्लिक एरिया जल्दी बंद कर दिए जाते हैं । हालाँकि गर्मियों में घर से शाम को ही निकला जा सकता है ।

Monday, February 1, 2010

दिल्ली का पुराना किला ---कितना पुराना , कितना नया ---

दिल्ली का पुराना किला , प्रगति मैदान और दिल्ली चिड़ियाघर के बीच मथुरा रोड पर बना है। इसे पांडवों का किला भी कहते हैं। दिल्ली के विभिन्न नामों में से एक इन्द्रप्रस्थ शहर इसी जगह पर बसा था। १५३३ में हुमायूँ ने यहाँ एक शहर का निर्माण किया जिसे बाद में शेर शाह सूरी (१५३८ -१५४५ ) ने तोड़ कर मौजूदा किले की प्राचीर और भवनों का निर्माण किया। १५५५ में हुमायूँ परसिया से लौटकर आया और १५५६ में देहांत तक यहीं रहा था।

इस किले में तीन द्वार हैं ---एक उत्तर की तरफ , जिसे तलाकी दरवाज़ा कहते हैं ---दूसरा दक्षिण की ओर , हुमायूँ दरवाज़ा --और पश्चिम की ओर ये मुख्य द्वार जिसे बड़ा दरवाज़ा कहा जाता है ।

प्रवेश द्वार --बड़ा दरवाज़ा

प्रवेश करते ही बायीं ओर ये कोठरियां नज़र आती हैं, जिन्हें हाल ही में मरम्मत कर नया रूप दिया गया है। दस साल पहले जब देखा था तब यह अपने मूल रूप में नज़र आता था , एक खँडहर जैसा । लेकिन मरम्मत करने से बदली शक्ल को देखकर थोडा दुःख सा हुआ।


यहाँ तलाकी दरवाज़े के पास का ये हिस्सा पुराना था ---इस चित्र में दोनों ओरिजिनल।

बस लाल रंग का स्वेटर कुछ ज्यादा ही चमक रहा था ।


और यह किले के मध्य पार्क और एक पेड़ , जिसके बारे में अंत में। पीछे दायीं तरफ --शेर मंडल।




दूर जो भवन नज़र आ रहा है, वह शेर शाह मस्जिद है, जिसका नाम है --किला -ए- कुहना ।

इसे शेर शाह सूरी ने १५४१ में बनवाया था । यह लोदी काल से मुग़ल काल की ओर जाते समय का बदलाव दर्शाता है। इसके मध्य में एक बड़ा नमाज़ हाल है, जिसमे पांच आर्चड द्वार हैं , साइड और पिछले हिस्से में खिड़कियाँ और आखिर में पिछले कोनो पर टावर बने हैं। सामने बना टैंक नमाज़ से पहले हाथ धोने के लिए इस्तेमाल होता था।
किला-ए -कुहना


इस भवन का नाम शेर मंडल है। इसको हुमायूँ लायब्रेरी के रूप में इस्तेमाल करता था। दूसरी मंजिल पर सजा धजा एक सेन्ट्रल हाल है जहाँ बैठकर हुमायूँ अध्यन करता था । ६ दिशाओं में बने खुली बालकनी नुमा झरोखों को देखकर तो किसी का भी मन कर सकता है , यहाँ बैठकर मैदान की हरियाली को निहारने का ।

शेर- मंडल
लेकिन कहते है की इसी भवन की सीढ़ियों से गिरकर १५५६ में हुमायूँ की मौत हुई थी।


एक दृष्टि इस तरफ से भी। सामने पेड़ के पास नज़र आ रही है, भारतीय संस्कृति और संस्कारों की बनी गठरी।


ये बिना पत्तियों के पेड़ , मानो सुर में सुर मिलाते हुए इन खँडहर हो गई दीवारों से, जिनका अब पुनर्निर्माण चल रहा है।




ये नज़ारा है , हुमायूँ दरवाज़े की ओर जाने वाले रास्ते का।

और अब अंत में आते हैं, उसी पेड़ के पास जो हमने शुरू में देखा था। इस पेड़ से लटकती लताएँ ऐसे लगती हुई , जैसे कुम्भ के मेले में आये साधुओं के सर की जटाएं हों।

क्या आप बता सकते हैं इस पेड़ का नाम ?
और इन लटकती बेलों का क्या काम है ?

इसका ज़वाब मुझे मिला , दिल्ली सैर को आये एक केरल के युवक से ।
लेकिन ज़वाब आप ही दें तो कितना अच्छा लगेगा।

नोट : पुराना किला के साथ ही है , पुराना किला झील, जिसका आनंद आप चित्रकथा पर उठा सकते हैं।