कल लोहड़ी थी। हालाँकि लोहड़ी तो हम भी हर साल मनाते रहे हैं। कल भी मूंगफली, रेवड़ी और फुल्ले खाकर विधिवत रूप से लोहड़ी मनाई। लेकिन भाई खुशदीप सहगल की पोस्ट पढ़कर पहली बार दूल्हा भट्टी के बारे में पता चला। यही ब्लोगिंग का एसेंस है।
आज ब्लोगिंग जानकारी का एक सशक्त माध्यम बनती जा रही है।
आज संक्रांति है। और इस त्यौहार को अलग अलग राज्यों में अलग अलग तरीके से मनाया जाता है। जहाँ लोहड़ी मुख्यतय पंजाब का पर्व है, वहीँ उत्तर भारत में संक्रांति--- हरयाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक ही तरीके से मनाई जाती है।
और जहाँ लोहड़ी हर्ष और उल्लास की प्रतीक मानी जाती है, वहीँ संक्रांति को मनाने का तरीका बिलकुल अलग है।
मुझे याद है, बचपन में हम गाँव में देखते थे की इस दिन कैसे घर के बड़े बूढ़े अचानक रूठ जाते थे। और कहीं दूर दूसरे मोहल्ले में जाकर बैठ जाते थे। फिर घर की नई नवेली बहू उन्हें मनाती थी ।
इसका भी एक अजीब सा तरीका होता था । मोहल्ले की सारी औरतें इकट्ठी होकर , गीत गाती हुई ताऊ या दादा जी को मनाने जाती थी , एक लस्कर बनाकर। फिर घर की बहू, उन्हें एक शाल, चादर या कम्बल भेंट करती थी, साथ में कुछ रूपये श्रधानुसार।
इस तरह ताऊ या दादा की नाराज़गी दूर हो जाती थी। हालाँकि यह सब बनावटी ही होता था। लेकिन इसे सभी खूब एन्जॉय करते थे।
आज ये सब लुप्त सा हो गया है। शहरी जिंदगी ने शायद रूठने का हक़ भी छीन लिया है।
और कोई रूठ भी जाये , तो अपनी बला से । मनाता कौन है।
सब अपनी अपनी दुनिया में मस्त हैं।
लोहड़ी हो या संक्रांति या पोंगल ---सबका उद्देश्य एक ही है ।
--- की सब मिलकर रहें, --- मिलकर खुशियाँ मनाएं, --- सारे गिले शिकवे भूलकर।
आप सब को लोहड़ी, संक्रांति और पोंगल की ढेरों बधाई और शुभकामनायें।
संक्रांति के बारे में अधिक जानकारी आपकी टिप्पणियों में अपेक्षित है।

