top hindi blogs

Sunday, February 7, 2010

आखिर मिलने की चाह हमें खींच कर ले ही गई ---

कहते हैं , चाहने वाले उड़कर, दौड़कर , चलकर , तैरकर पहुँच ही जाते हैं।
ऐसा हमने स्कूल की बायोलोजी की किताब में पढ़ा था , पोलिनेशन एंड फ़र्तिलाइज़ेशन के चैप्टर में।
हालाँकि हालात तो ऐसे न थे , फिर भी हम भी पहुँच ही गए --दिल्ली के ब्लोगर मिलन में ।
और चुरा लिए कुछ पल , कैद कर लिए कैमरे में ।


अन्दर से बाहर का द्रश्य


चीफ गेस्ट --श्री राज भाटिया जी , चीफ गेस्ट वाली सीट पर । साथ में कविता जी ।


ये खूबसूरत मुस्कराहटें बता रही हैं की सब कितने खुश थे मिलकर।
राजीव तनेजा , श्रीमती तनेजा , कविता जी और भाई --


लेकिन ये क्या सीरियस डिस्कशन चल रहा है भाई ? ( अजय झा और सतीश सक्सेना )



कुछ भी रहा हो, पर बात साफ़ हो गई और अब तो स्माइल ही स्माइल है।



अच्छा भाई हम तो चले , आप एन्जॉय करते रहिये ।



अविनाश जी और पांडे जी बड़े ध्यान से सुन रहे हैं , जैसे सब समझ में आ गया।



हीरो ऑफ़ द डे---और कौन , अरे भाई खुशदीप सहगल।



ये झा जी क्या सब की क्लास ले रहे हैं। और लोग भी बड़ी तन्मयता से सुन रहे हैं।



वर्मा जी सबसे देर से आये , लेकिन सबसे ज्यादा खुश नज़र आ रहे हैं। भई खुश क्यों न हों , आखिर देर आयद , दूरस्त आयद।
तो ये थी कुछ झलकियाँ , दिल्ली के ब्लोगर मिलन की।
पूरी विस्तृत जानकारी तो भाई अजय झा जी से सुनेंगे तो बड़ा मज़ा आएगा।

Friday, February 5, 2010

मैन प्रोपोजिज-- गौड डिस्पोजिज।

कहते हैं, मैन प्रोपोजिज-- गौड डिस्पोजिज। यानि आदमी सोचता कुछ और है , और हो कुछ और जाता है।
मैंने सोचा था इस बार आपके मनोरंजन के लिए एक हास्य कथा प्रस्तुत करूँगा। लेकिन उसे पोस्टपोंड करके फ़िलहाल यही लिखना पड़ रहा है। दरअसल परसों रात पिताजी का ब्लड प्रेशर बहुत बढ़ गया , जिसकी वज़ह से उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। अभी ठीक हैं, लेकिन ३-४ दिन और वहीँ रहना पड़ेगा।

उसी रात डिनर के बाद टहलते हुए हमारे भी पैर में मोच आ गई।

लेकिन शायद मोच थोड़ी कम थी या यूँ कहिये हम खुद डॉक्टर हैं तो कम ही महसूस हुई। खैर हमने भी RICE
का इस्तेमाल करते हुए पैर को १२ घंटे में ही इतना ठीक कर लिया की अगले दिन दिल्ली के भारी ट्रैफिक में १०० किलोमीटर ड्राइव कर सका।
आइये आपको भी बताते हैं की अगर पैर में मोच आ जाये तो तुरंत उपचार क्या होना चाहिए :

RICE

आर : रेस्ट यानि घूमना फिरना बंध --बिस्तर पर लेट जाओ।

आई : आइस पैक ---एक कपडे में बर्फ डालकर पैर पर लपेट दो और हर आधे घंटे में ५ मिनट के लिए ऐसा करें।

सी : कम्प्रेशन यानि पैर पर गर्म पट्टी ( क्रेप बैंडेज ) बाँध कर रखिये।

ई : एलिवेशन यानि पैर के नीचे तकिया लगा कर पैर को ऊपर रखिये।

इसके साथ आप कोई दर्द निवारण दवा ( एंटी इन्फ्लामेतरी ) ले सकते हैं और जैल या क्रीम की हलके हलके मालिश भी कर सकते हैं।
इस उपचार से आपका पैर २४ घंटे में ठीक हो जायेगा।
लेकिन यदि सूजन बढती रहे या दर्द कम न हो तो डॉक्टर को दिखाना न भूलें।

आज बस इतना ही । अभी कुछ दिन टिपण्णी की जगह टिप्स से ही कम चलाइये।
इतवार की ब्लोगर्स मीट में भी शायद आना संभव न हो।

Monday, February 1, 2010

दिल्ली का पुराना किला ---कितना पुराना , कितना नया ---

दिल्ली का पुराना किला , प्रगति मैदान और दिल्ली चिड़ियाघर के बीच मथुरा रोड पर बना है। इसे पांडवों का किला भी कहते हैं। दिल्ली के विभिन्न नामों में से एक इन्द्रप्रस्थ शहर इसी जगह पर बसा था। १५३३ में हुमायूँ ने यहाँ एक शहर का निर्माण किया जिसे बाद में शेर शाह सूरी (१५३८ -१५४५ ) ने तोड़ कर मौजूदा किले की प्राचीर और भवनों का निर्माण किया। १५५५ में हुमायूँ परसिया से लौटकर आया और १५५६ में देहांत तक यहीं रहा था।

इस किले में तीन द्वार हैं ---एक उत्तर की तरफ , जिसे तलाकी दरवाज़ा कहते हैं ---दूसरा दक्षिण की ओर , हुमायूँ दरवाज़ा --और पश्चिम की ओर ये मुख्य द्वार जिसे बड़ा दरवाज़ा कहा जाता है ।

प्रवेश द्वार --बड़ा दरवाज़ा

प्रवेश करते ही बायीं ओर ये कोठरियां नज़र आती हैं, जिन्हें हाल ही में मरम्मत कर नया रूप दिया गया है। दस साल पहले जब देखा था तब यह अपने मूल रूप में नज़र आता था , एक खँडहर जैसा । लेकिन मरम्मत करने से बदली शक्ल को देखकर थोडा दुःख सा हुआ।


यहाँ तलाकी दरवाज़े के पास का ये हिस्सा पुराना था ---इस चित्र में दोनों ओरिजिनल।

बस लाल रंग का स्वेटर कुछ ज्यादा ही चमक रहा था ।


और यह किले के मध्य पार्क और एक पेड़ , जिसके बारे में अंत में। पीछे दायीं तरफ --शेर मंडल।




दूर जो भवन नज़र आ रहा है, वह शेर शाह मस्जिद है, जिसका नाम है --किला -ए- कुहना ।

इसे शेर शाह सूरी ने १५४१ में बनवाया था । यह लोदी काल से मुग़ल काल की ओर जाते समय का बदलाव दर्शाता है। इसके मध्य में एक बड़ा नमाज़ हाल है, जिसमे पांच आर्चड द्वार हैं , साइड और पिछले हिस्से में खिड़कियाँ और आखिर में पिछले कोनो पर टावर बने हैं। सामने बना टैंक नमाज़ से पहले हाथ धोने के लिए इस्तेमाल होता था।
किला-ए -कुहना


इस भवन का नाम शेर मंडल है। इसको हुमायूँ लायब्रेरी के रूप में इस्तेमाल करता था। दूसरी मंजिल पर सजा धजा एक सेन्ट्रल हाल है जहाँ बैठकर हुमायूँ अध्यन करता था । ६ दिशाओं में बने खुली बालकनी नुमा झरोखों को देखकर तो किसी का भी मन कर सकता है , यहाँ बैठकर मैदान की हरियाली को निहारने का ।

शेर- मंडल
लेकिन कहते है की इसी भवन की सीढ़ियों से गिरकर १५५६ में हुमायूँ की मौत हुई थी।


एक दृष्टि इस तरफ से भी। सामने पेड़ के पास नज़र आ रही है, भारतीय संस्कृति और संस्कारों की बनी गठरी।


ये बिना पत्तियों के पेड़ , मानो सुर में सुर मिलाते हुए इन खँडहर हो गई दीवारों से, जिनका अब पुनर्निर्माण चल रहा है।




ये नज़ारा है , हुमायूँ दरवाज़े की ओर जाने वाले रास्ते का।

और अब अंत में आते हैं, उसी पेड़ के पास जो हमने शुरू में देखा था। इस पेड़ से लटकती लताएँ ऐसे लगती हुई , जैसे कुम्भ के मेले में आये साधुओं के सर की जटाएं हों।

क्या आप बता सकते हैं इस पेड़ का नाम ?
और इन लटकती बेलों का क्या काम है ?

इसका ज़वाब मुझे मिला , दिल्ली सैर को आये एक केरल के युवक से ।
लेकिन ज़वाब आप ही दें तो कितना अच्छा लगेगा।

नोट : पुराना किला के साथ ही है , पुराना किला झील, जिसका आनंद आप चित्रकथा पर उठा सकते हैं।

Thursday, January 28, 2010

क्या अब भी आप कह सकते हैं की ६० वर्षों में कोई विकास नहीं हुआ।

गणतंत्र दिवस की साठवीं वर्षगाँठ। और देखिये आज ही हमारी कामवाली एक सप्ताह के अर्जित अवकाश पर चली गई। भई उसका कहना है की जब सरकारी नौकर काम करें या ना करें, उनको हर ६ महीने में सरकार १५ दिन का अर्जित अवकाश देती है। तो घर का सारा काम , यानि झाड़ू पोंछा , सफाई करना और बाहर के भी छोटे मोटे काम करके उनको भी तो कम से कम एक सप्ताह की छुट्टी चाहिए।
( मानव अधिकार )

यहाँ तक तो बात ठीक है। लेकिन ज़रा सोचिये , काम वाली छुट्टी पर चली जाये , तो घरवाली यानि श्रीमती जी पर क्या गुजरेगी। अरे भई, कुछ नहीं गुजरेगी। क्योंकि जो गुजरेगी वो तो श्रीमान जी, यानि घरवाले पर गुजरेगी। जहाँ पहले आधा काम जिम्मे होता था , अब पूरा का पूरा मियां के सर।
भला ६० साल पहले कोई सोच सकता था ऐसी बात।
( विमेन लिबरेशन )

वैसे भी जब से श्रीमती जी को यह बात पता चली है की इस मुए कंप्यूटर के इंटरनेट पर घर बैठे ही सारी जानकारी प्राप्त हो जाती है, तबसे उन्होंने लायब्रेरी छोड़ नेट पर ही सारे आर्टिकल्स रिव्यू करने शुरू कर दिए हैं। यानि जहाँ कंप्यूटर पर पहले हमारा एकछत्र राज था, अब श्रीमती जी एक तरह से सौत बनकर बैठ जाती है। और हम टिपियाने के लिए गिगियाने लगे रहते हैं।
( नारी सशक्तिकरण )

खैर हम बात कर रहे थे काम वाली की। तो भई, गई तो है एक सप्ताह की छुट्टी , पर हमें पता है दो सप्ताह से पहले नहीं आने वाली। और जब ये शंका मैडम ने उससे ज़ाहिर की तो बोली --मैडम आप मेरा मोबाइल नंबर ले लो ।
श्रीमती जी ने कहा --बोलो।
बोली --- अरे बीबी जी, हम काय तोहार जैसन पढ़े लिखें थोड़े ही हैं। हम का याद नहीं रह जात। तम इ करो इ हमार विजिटिंग कार्ड रख लियो।
अब ये देख कर हम तो सकते में आ गए । भई हमने आजतक अपना विजिटिंग कार्ड नहीं बनवाया । और यहाँ काम वाली !
कौन कहता है , देश में विकास नहीं हुआ ।

वैसे भी एक ज़माना था जब फिल्म मोंसून वेडिंग में एक टेंट वाले के हाथ में मोबाइल देखकर सबको हंसी आई थी। आज मोबाइल दूध वाला , सब्जी वाला , अखबार वाला , यहाँ तक की काम वाली के भी हाथ में दिखाई देता है। हाथ में ही क्यों , कान में भी लगा हुआ।
भैया ये विकास नहीं तो और क्या है।

पिछली बार जब वो गयी थी तो एक नेक सलाह भी दे गई थी कामवाली। की कभी देर हो तो एक मिस काल दे दिया करो। लेकिन जब भी श्रीमती जी फोन मिलाती , फ़ौरन एक रिंग पर ही फोन उठाती और कहती ---बीबी जी थोड़ा बुद्धि का इस्तेमाल कर लिया होता । अच्छा होता यदि एक मिस काल कर दिया होता। दो पैसे की बचत हो जाती।

अब अपना तो सारा पढ़ा लिखा ही बेकार हो गया लगता है, क्योंकि आज तक ये पता नहीं चला की ये ससुर का नाती , मिस काल कैसे किया जाता है।

अब अगर विकास का कुछ और प्रमाण चाहिए तो इस चित्र को देखिये :

क्या अब भी आप कह सकते हैं की ६० वर्षों में कोई विकास नहीं हुआ।

Sunday, January 24, 2010

दिल दा मामला है----- कुछ ते करो जतन----- ,

दिल दा मामला है , दिल दा मामला है
कुछ ते करो जतन ,
तौबा खुदा दे वास्ते, कुछ ते करो जतन ----
दिल दा मामला है ,
दिल ---दा ------है।

युवा दिलों की धड़कन , गुरदास मान द्वारा गाया ये रोमांटिक गाना हम बरसों से सुनते आ रहे हैं।

लेकिन आज हम दिल के उस चैंबर की बात नहीं कर रहे, जिसमे रोमांस रहता है। बल्कि उस चैंबर की बात करेंगे जिससे सांस चलती रहती है, जिंदगी चलती रहती है।

जी हाँ, हम बात कर रहे हैं लेफ्ट वेंट्रिकल की, दिल का वो चैंबर जो सारे शरीर को रक्त प्रवाह द्वारा शक्ति प्रदान करता है। लेकिन ज़रा सोचिये यदि शक्ति दाता ही शक्ति विहीन हो जाये तो क्या होगा।

तो हार्ट अटैक होगा यानि हृदयाघात ।

वही हार्ट अटैक जिसके बारे में कुछ दिन पहले डॉ अरविन्द मिश्रा ने लिखा था ---

वेटिंग लिस्ट वाले बैठे हैं ,तत्काल सेवा वाले चले जा रहे ....


आइये देखते हैं , हार्ट अटैक होता क्यों है ---

पूरे शरीर को ऊर्जा प्रदान करने वाले को भी ऊर्जा की ज़रुरत होती है। और हार्ट को यह ऊर्जा मिलती है रक्त प्रवाह से , जो मिलता है दो धमनियों द्वारा जिन्हें कहते हैं ---कोरोनरी आर्टरीज।

लेफ्ट कोरोनरी आर्टरी जो हृदय के सामने और बाएं हिस्से यानि लेफ्ट वेंट्रिकल को रक्त सप्लाई करती है और राईट कोरोनरी जो दायें वेंट्रिकल को।

अब यदि इन आर्टरीज में कहीं रुकावट आ जाये तो हृदय के उस हिस्से में रक्त संचार बंद हो जाता है और हृदय की मांस पेशियाँ दम तोड़ देती हैं यानि वो हिस्सा बेकार हो जाता है। इसी को हार्ट अटैक कहते हैं।

हार्ट अटैक का मुख्य कारण लेफ्ट कोरोनरी आर्टरी में रुकावट होना है, जिससे लेफ्ट वेंट्रिकल का एक हिस्सा काम करना बंद कर देता है।

क्यों होती है रुकावट :

हमारे रक्त में मौजूद वसा जो कोलेस्ट्रोल के रूप में होता है , धीरे धीरे हृदय की धमनियों में जमता रहता है। यूँ तो कोलेस्ट्रोल शरीर की कई गति विधियों के लिए आवश्यक है, लेकिन इसकी अत्यधिक मात्रा हानिकारक होती है।
कोलेस्ट्रोल का धमनियों में जमना --पलौक कहलाता है।

जब यह पलौक धमनी को इतना बंध कर देता है की मसल्स की ओक्सिजन डिमांड पूरी नहीं हो पाती तो मसल्स चीखना शुरू कर देती हैं यानि छाती में दर्द शुरू हो जाता है , जिसे एंजाइना कहते हैं।

अक्सर एंजाइना तब होता है जब हम कोई भारी काम करते हैं जैसे ---सीढियाँ चढ़ना, दौड़ना, साइकल चलाना आदि।
यदि धमनी में ७० % रुकावट हो तो भारी काम करने पर दर्द होता है। लेकिन ९० % रुकावट होने पर बिना भारी काम के दर्द होने होने लगता है। ऐसी स्थिति में एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी ज़रूरी हो जाती है।

हार्ट अटैक के लक्षण :

सीने में दर्द, बायीं तरफ ,विशेषकर भारी काम करने पर। यह दर्द बाएं कंधे, बाजू या ज़बड़े में भी हो सकता है।
साथ में पसीना आना।
घबराहट और बेचैनी।
दिल में धड़कन महसूस होना।

ये सभी लक्षण हैं एंजाइना के। ऐसे में यदि धमनी में रुकावट १००% हो जाये तो हार्ट अटैक हो जाता है।

ऐसा कब हो सकता है :

अत्यधिक ठण्ड, तनाव, डर , अत्यधिक ख़ुशी या ग़म , इस तरह के हालातों में धमनी में अचानक स्पाज्म हो सकता है जिसकी वज़ह से पूर्ण रुकावट हो जाती है।
इसके अलावा पलौक का टूटना, या कहीं से ब्लड क्लौट आकर वहां फंसने से भी अटैक हो सकता है।

आइये देखते हैं की इस आकस्मिक विपदा से कैसे बचा जाये ---ज़रा इस चित्र को देखिये :


यह फ्लो डायग्राम साभार प्रस्तुत किया है, प्रोफ़ेसर श्रीधर द्विवेदी जी ने , विभागाध्यक्ष --चिकित्सा विभाग एवम अध्यक्ष प्रिवेंटिव कार्डियोलोजी क्लिनिक, जी टी बी हॉस्पिटल, दिल्ली।

घ्यान रखिये की :

हार्ट अटैक आजकल २० से ३० साल की उम्र के युवकों को भी होने लगा है।
एथिरोस्क्लेरोसिस ( धमनियों में कोलेस्ट्रोल का जमना ) बचपन से ही शुरू हो जाता है। इसलिए बच्चों को भी जंक फूड्स से बचना चाहिए।
महिलाएं भी इससे प्रभावित हो सकती हैं।
अक्रिय जीवन शैली आदमी की दुश्मन और सक्रियता लाभकारी साबित होती है।
सात्विक जीवन दीर्घकालीन सुखमय जीवन की कुंजी है।

खुदा दे वास्ते न सही, अपने वास्ते और अपनों के वास्ते, भाई ज़रा दिल का ध्यान रखिये ।

यह लेख आपको कैसा लगा , बताइयेगा ज़रूर।

Sunday, January 17, 2010

आइये निवेदन करें गूगल वासियों से , की भई, कम से कम भारत में तो इसे बंद मत करिए।

चिकित्सा है पेशा, समाज सेवा जिम्मेदारी

फोटोग्राफी का शौक, हंसना हँसाना है जिंदगी हमारी।

नए साल में हमने यही सोचा था की अब सारी पोस्ट इन्ही चार विषयों पर लिखा करेंगे। पहली तीन पोस्ट लिखने के बाद अब बारी है हास्य- व्यंग की। तो चलिए थोडा हास्य -व्यंग हो जाये।

पता चला है की गूगल अब चीन में अपना कारोबार समेटने जा रहा है। वजह चाहे जो भी हो, लेकिन हमें तो चिंता सी होने लगी है की कहीं हमारे देश में भी बंद हो गया तो क्या होगा। यानि हम हिंदी ब्लोगर्स का क्या होगा। आइये देखते है , क्या होगा :

१) जो ब्लोगर्स सुबह सुबह मोर्निंग वॉक छोड़कर कंप्यूटर पर बैठ जाते हैं, वो फिर से वॉक पर जाना शुरू कर देंगे।

२) जो दोस्त ऑफिस का काम छोड़कर , सारे दिन ब्लॉग पर लगे रहते हैं, वो फिर से ऑफिस का काम करना शुरू कर देंगे।

३) जो मित्र शाम को घर आते ही, घर के काम धाम छोड़, टिपियाने लग जाते हैं, वो घर के काम काज में श्रीमती जी हाथ बटाने लगेंगे। यानि सब्जी लाना, बाज़ार जाना, मरम्मत के काम इत्यादि।

४) जो महानुभव डिनर के समय भी बाल- बच्चों को छोड़ कंप्यूटर पर बैठे रहते हैं, वो फिर से परिवार के साथ उठना बैठना शुरू कर देंगे।

५) जो युवा मित्र रात में नई नवेली पत्नी को भूल कर कंप्यूटर टेबल पर बैठ कर आधी रात गुज़ार देते हैं, वे भी गृहस्थ जीवन में लौट आयेंगे।

यानि अगर यहाँ, गूगल बंद हुआ तो बहुत से लोगों का भला होगा, यह निश्चित है।

लेकिन ज़रा सोचिये , उन लोगों का क्या होगा :

१) जो सेवा-निवृत हैं, और ब्लोगिंग के ज़रिये न सिर्फ रोज़ अच्छा टाइम पास करते हैं, बल्कि उनको ब्लोगिंग के ज़रिये एक नहीं सैकड़ों मित्र, बेटे, और बेटियां मिल जाते हैं।

इस संसार में ज़हां बुजुर्गों को अपने ही बच्चे छोड़ दूर चले जाते हैं, ब्लोगर्स ही तो हैं, जो एक दुसरे का ख्याल करते हैं।

आखिर अपने बुजुर्गों का सम्मान करना, उनकी देखभाल करना और उनकी सुख सुविधाओं का ख्याल रखना , हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है।

२) उन पतियों का क्या होगा , जो पत्नी के सास बहु के सीरियल्स के शौक की वज़ह से टी वी देखने से वंचित होकर , ब्लोगिंग में अपनी खीज उतारते हैं।

३) हमारे जैसे अनेकों कवियों, शायरों और गज़लकारों का क्या होगा, जिनको अपनी रचनाएँ सुनाने या पढ़ाने के लिए ब्लॉग एक अच्छा और मुफ्त का माध्यम मिला हुआ है।

४) उन पहलवानों का क्या होगा , जिनका और किसी पर तो बस चलता नहीं, दुसरे ब्लॉग मित्रों को नौक झोंक, गाली गलोज, और अगर मिल जाएँ तो हाथा पाई तक का कौशल दिखाने में बाज़ नहीं आते।

अब अगर गूगल बंद हुआ, तो ये सब तो वंचित हो जायेंगे, इतनी सुविधाओं से।

तो आइये निवेदन करें गूगल वासियों से , की भई, कम से कम भारत में तो इसे बंद मत करिए।

और अंत में ---

एक चौराहे पर :

एक बूढ़े भिखारी से मैंने कहा ,बाबा आज दायाँ

कल तो आपने बायाँ हाथ फैलाया था ।

भिखारी बोला, बेटा बूढा हो गया हूँ

अब याद नहीं रहता , कल किस हाथ में पलस्तर चढ़ाया था।

नोट : यह सिर्फ व्यंग है, कृपया इसे व्यक्तिगत रूप में न लें।

अगली पोस्ट में देखिये और पढ़िए --स्वस्थ जीवन के कुछ नुस्खे ।

Thursday, January 14, 2010

कोई रूठ भी जाये , तो अपनी बला से ---

कल लोहड़ी थी। हालाँकि लोहड़ी तो हम भी हर साल मनाते रहे हैं। कल भी मूंगफली, रेवड़ी और फुल्ले खाकर विधिवत रूप से लोहड़ी मनाई। लेकिन भाई खुशदीप सहगल की पोस्ट पढ़कर पहली बार दूल्हा भट्टी के बारे में पता चला। यही ब्लोगिंग का एसेंस है।

आज ब्लोगिंग जानकारी का एक सशक्त माध्यम बनती जा रही है।

आज संक्रांति है। और इस त्यौहार को अलग अलग राज्यों में अलग अलग तरीके से मनाया जाता है। जहाँ लोहड़ी मुख्यतय पंजाब का पर्व है, वहीँ उत्तर भारत में संक्रांति--- हरयाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक ही तरीके से मनाई जाती है।

और जहाँ लोहड़ी हर्ष और उल्लास की प्रतीक मानी जाती है, वहीँ संक्रांति को मनाने का तरीका बिलकुल अलग है।

मुझे याद है, बचपन में हम गाँव में देखते थे की इस दिन कैसे घर के बड़े बूढ़े अचानक रूठ जाते थे। और कहीं दूर दूसरे मोहल्ले में जाकर बैठ जाते थे। फिर घर की नई नवेली बहू उन्हें मनाती थी ।

इसका भी एक अजीब सा तरीका होता था । मोहल्ले की सारी औरतें इकट्ठी होकर , गीत गाती हुई ताऊ या दादा जी को मनाने जाती थी , एक लस्कर बनाकर। फिर घर की बहू, उन्हें एक शाल, चादर या कम्बल भेंट करती थी, साथ में कुछ रूपये श्रधानुसार।

इस तरह ताऊ या दादा की नाराज़गी दूर हो जाती थी। हालाँकि यह सब बनावटी ही होता था। लेकिन इसे सभी खूब एन्जॉय करते थे।

आज ये सब लुप्त सा हो गया है। शहरी जिंदगी ने शायद रूठने का हक़ भी छीन लिया है।

और कोई रूठ भी जाये , तो अपनी बला से । मनाता कौन है।

सब अपनी अपनी दुनिया में मस्त हैं।

लोहड़ी हो या संक्रांति या पोंगल ---सबका उद्देश्य एक ही है ।

--- की सब मिलकर रहें, --- मिलकर खुशियाँ मनाएं, --- सारे गिले शिकवे भूलकर।

आप सब को लोहड़ी, संक्रांति और पोंगल की ढेरों बधाई और शुभकामनायें।

संक्रांति के बारे में अधिक जानकारी आपकी टिप्पणियों में अपेक्षित है।