top hindi blogs

Thursday, December 8, 2011

हर बीमारी का शर्तिया इलाज --डॉ पाबला जी भिलाई वाले.



ब्लोगिंग में अपनी एक आदत है --जो पोस्ट पसंद आए , मैं उस पर दोबारा ज़रूर जाता हूँ . कल वीरुभाई जी की एक पोस्ट पढ़ी -- नाश्ते के लिए अब वक्त कहाँ ? पढ़कर ऐसा लगा जैसे हमारी ही हालत बयाँ कर दी . दूसरों के विचार जानने की उत्सुकता बढ़ी तो दोबारा गए .

लगभग सभी ने इस बात का अनुमोदन किया . वैसे भी भाग दौड़ की शहरी जिंदगी में लोगों के पास सचमुच नाश्ते का भी समय नहीं होता .

लेकिन अशोक सलूजा जी की टिप्पणी ने ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया . लिखा था --वीरू भाई टिप्पणी गायब हो रही है ...उसे स्पैम से निकालें ऐसे ...साथ ही पाबला जी का एक लिंक भी दिया हुआ था --

http://www.blogmanch.com/viewtopic.php?f=7&t=25

इसे पढ़कर अपनी तो आँखें ही खुल गई .

सौ सौ साल जियो हमारे पाबला जी .

कई दिनों से ऐसा महसूस हो रहा था जैसे ब्लोगर्स में ब्लोगिंग के प्रति उदासीनता सी आ गई है . कई मित्रों की शिकायत आ रही थी की टिप्पणियां नहीं छप रही . मामला कुछ समझ नहीं आ रहा था . यह तो अंदेशा था की यह सब गूगल की करामात है लेकिन हल क्या है , यह समझ नहीं आ रहा था .


लेकिन वाह रे पाबला जी . लगता है जैसे उनके पास हर तकनीकि समस्या का हल है .सच पूछिए तो हम डॉक्टर्स के पास भी हर बीमारी का इलाज़ नहीं होता .
लिंक पर जाकर देखा --जैसा बताया गया था , वैसा किया --और यह क्या, पिछली ४-५ पोस्ट की ६५ टिप्पणियां स्पैम में पड़ी थी .

अब समझ आया क्यों टिप्पणीकार शिकायत कर रहे थे . लेकिन स्पैम हटाने से सारी टिप्पणियां प्रकाशित हो गई .
आशा करते हैं की एक बार स्पैम से हटाने के बाद दोबारा ऐसा नहीं होगा .

फ़िलहाल तो हम श्री पाबला जी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं . पाबला जी , हमारी ओर से आपकी एक ट्रीट निश्चित रही .


Monday, December 5, 2011

दिल्ली दर्शन में आज -क़ुतुब मीनार और खाना खज़ाना --

रविवार यानि छुट्टी का दिन , दिसंबर की नर्म धूप और सुहाना मौसम । बच्चे भी छुट्टियों में घर आए हुए थे । ऐसे में मूड बना कि घूम आया जाए ।

बन ठन कर तैयार हुए तो बेटी ने टोका --क्या किसी शादी में जा रहे हैं , या पार्टी में या फिर ऑफिस में कोई विशेष कार्यक्रम है । हमने भी महसूस किया कि पिकनिक पर जाने के लिए तो केजुअल कपडे ही होने चाहिए । आखिर बच्चों की जिद के आगे झुकना ही पड़ा और जींस , स्पोर्ट्स शूजमें आ गए और शर्ट भी ऐसे पहन ली जैसे टपोरी लोग पहनते हैं ।

अब क्या करें , हम ठहरे उस ज़माने के जब हिल स्टेशन पर भी थ्री पीस सूट पहनकर मॉल रोड पर घूमते थे ।

कुछ समय पहले नॉएडा में माया की मायानगरी का उद्घाटन देखकर मन बड़ा लालायित हो रहा था हाथी देखने का ।
लेकिन जाकर पता चला कि अभी तो काम ही चल रहा है और पब्लिक के लिए खुला ही नहीं है।
यानि
एक और पौलिटिकल स्टंट ।

खैर सोचा , चलो लोटस टेम्पल चलते हैं जहाँ गए हुए बहुत अरसा हो गया था । लेकिन भला हो अन्ना समर्थक कार रैली का जिसका दो किलोमीटर लम्बा जुलुस ट्रैफिक जाम किये खड़ा था ।

अब वहां फंसने से तो बेहतर था कि कहीं और खिसक लिया जाए ।
और हम पहुँच गए --क़ुतुब मीनार जहाँ गए तो कई बार थे लेकिन फोटो कभी नहीं खींचे थे ।


प्रवेश द्वार से घुसते ही हरी भरी दिल्ली की तरह यहाँ भी बहुत हरियाली दिखी ।


लाईट एंड शेड इफेक्ट ।


क़ुतुब मीनार का निर्माण कार्य कुतुबुद्दीन ऐबक ने ११९३ में शुरू किया था । लेकिन अभी एक ही मंजिल बनी थी कि उनका देहांत हो गया । तद्पश्चात इसका शेष निर्माण इल्तुतमिस ने करवाया ।


मीनार के साथ है , कुव्वतुल इस्लाम मस्जिद , जिसका निर्माण भी कुतुबुद्दीन ऐबक ने ११९३ -११९७ में करवाया था । बाद में इल्तुत्मिस (१२११-१२३६) और अलाउद्दीन खिलज़ी ( १२९६-१३१६) ने इसमें परिवर्द्धन किया ।

इसके प्रांगण में बना है यह लौह स्तंभ जो ऐसे एलॉय से बना है जिसपर कभी जंग नहीं लगता ।


लेकिन पिछले कुछ सालों से लगता है इसमें जंग लगना शुरू हो गया जिसकी वज़ह से इसे पब्लिक के हाथों से दूर कर दिया गया है ।


एक एंगल ऐसा भी ।


और यहाँ पेड़ों के बीच से ।


क़ुतुब मीनार के साथ यह एक और अधूरी मीनार है जिसे इल्तुत्मिस ने डबल साइज़ में बनवाना शुरू किया था लेकिन बस इतना ही बना सका ।


इल्तुत्मिस की कब्र ।

अब तक भूख लगने लगी थी । दिल्ली में आजकल कई फेस्टिवल चल रहे हैं ।
वापसी में दिल्ली हाट में फ़ूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल लगा था ।

और कनौट प्लेस में यह फेस्टिवल :



यह फ़ूड फेस्टिवल बाबा खडग सिंह मार्ग पर , स्टेट एम्पोरिया के सामने आयोजित किया गया है ।


यहाँ दिल्ली के सभी क्षेत्रों के मशहूर खाने की स्टाल्स लगी हैं ।


ऐसा लग रहा था जैसे सारी दिल्ली खाने पर टूट पड़ी है । बेशक दिल्ली वाले खाने के बड़े शौक़ीन हैं ।


एक बहुत बड़े टी वी स्क्रीन पर दिल्ली के दर्शनीय स्थलों के चित्र दिखाए जा रहे थे ।


सजावट कुछ ऐसी थी ।


शाम होते ही सारा जहाँ रौशन हो उठा ।


तरह तरह की रौशनियों का खूबसूरत इंतजाम ।


खाते पीते कब दो घंटे गुजर गए , पता ही नहीं चला । अंत में यह फूलों की दुकान भी मन मोह रही थी ।

नोट : यह फेस्टिवल ११ दिसंबर तक चलेगा । यदि दिल्ली आना हो तो एक ही जगह दिल्ली के सब पकवान खाना न भूलियेगा ।

क़ुतुब मीनार के कुछ और खूबसूरत चित्रों के लिए कृपया यहाँ पधारें ।


Thursday, December 1, 2011

बुजुर्गों का आशीर्वाद और हमारी थर्ड आई का महत्त्व ---

अपने बड़ों का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक परंपरा रही है। सम्मान करने के तरीके भी अनेक हैं ।
सबसे आसान और लोकप्रिय तरीका है , हाथ जोड़कर संबोधन करना जैसे --नमस्ते , नमस्कार , गुड मोर्निंग , राम राम या जय राम जी की । साथ में यदि सम्बन्ध का विशेषण भी लगा दें जैसे --दादाजी , पिताजी , चाचा जी , या फिर आंटी जी --तो सोने पे सुहागा हो जाता है ।

लेकिन एक और भी तरीका है --पैर छूना । बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त करना न सिर्फ एक अच्छा आचरण माना जाता है बल्कि पारस्परिक पारिवारिक प्यार बनाये रखने में भी सहायक सिद्ध होता है ।

पैर छूने के भी अनेक तरीके हैं ।

आम तौर पर झुककर पैरों या जूतों को हाथ लगाकर सम्मान दिया जाता है । लेकिन बस थोडा सा झुककर हाथ नीचे ले जाकर भी यह रस्म पूरी हो जाती है । विशेष रूप से पंजाबी परिवारों में यह नज़ारा अक्सर देखा जाता है कि मुंडा ज़रा सा झुककर बोलता है --पैयाँ पैना । और हो गया काम । लेकिन यह भी न किया जाए तो बुजुर्ग अवश्य बुरा मान जाते हैं ।

आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि यह रिवाज़ हरियाणा में नहीं है । यानि वहां कोई किसी के पैर नहीं छूता । हालाँकि नमस्ते या राम राम कह कर सम्मान ज़रूर दिया जाता है। इस पर बुजुर्ग भी कहता है --राम राम भाई ।

लेकिन पुराने ज़माने में जब हम बच्चे थे , तब की बात याद आती है । उन दिनों में जब कोई नई नवेली दुल्हन आती तो घर की सभी बड़ी औरतों जैसे दादी , ताई , चाची आदि के पैर दबाकर आशीर्वाद प्राप्त करती ।

यहाँ गौर करने की बात यह है कि बहु पैर नहीं छूती थी बल्कि कई मिनट तक पैर दबाती थी जैसे मेसाज करते हैं । साथ ही बुजुर्ग महिला एक लम्बा सा आशीर्वाद देती यह कहकर --सदा सुहागन रहो , दूधों नहाओ , पूतों फलो, और न जाने क्या क्या । यह आशीर्वाद हमें तो एक कविता सी लगती थी जिसे मैं बड़े शौक और तन्मयता से सुनता था । अक्सर महिलाएं हमारी हरकत पर हंसती भी , लेकिन हम कोई मौका नहीं छोड़ते ।

अब शायद ये रिवाजें वहां भी ख़त्म हो चुकी हैं । लेकिन अभी भी गाँव में बुजुर्ग महिलाएं सर पर हाथ रखकर आशीर्वाद ज़रूर देती हैं । और सच मानिये , यह अनुभव मन को बहुत शांति प्रदान करता है । ठीक उसी तरह जैसे किसी धार्मिक समारोह में पंडित जी जब हमारे माथे पर टीका लगाते हैं तो एक परम आनंद की अनुभूति होती है ।

इसका कारण है माथे पर जहाँ टीका लगाया जाता है , वह हमारी चेतना का केंद्र बिंदु होता है । इसी बिंदु के पीछे मष्तिष्क में पीनियल बॉडी नाम का एक छोटा सा अंग होता है । यह एक एंडोकराइन ग्लैंड होती है जिससे मेलाटोनिन नाम का हॉर्मोन उत्पन्न होता है । मेलाटोनिन का रोल मनुष्य में ज्यादा नहीं है लेकिन पशुओं में यह सिर्कार्दियन रिदम को कंट्रोल करता है जो प्रजनन से सम्बंधित होता है ।

पीनियल ग्लैंड हमारे मष्तिष्क के ठीक मध्य में ब्रेन के दोनों हिस्सों के बीच मौजूद होती है । यह ब्रेन का अकेला ही ऐसा हिस्सा है जो एक ही होता है जबकि बाकि सारे हिस्से डबल होते हैं ।

पीनियल बॉडी को थर्ड आई ( तीसरी आँख ) भी कहा जाता है । धार्मिक रूप से यह विश्वास माना जाता है कि हमारे शरीर में हमारी आत्मा का निवास पीनियल बॉडी में ही होता है ।

इसीलिए केरल के आयुर्वेदिक मेसाज में तेल की धार माथे के मध्य छोड़ी जाती है ।

मेडिटेशन करने के लिए भी हमें अपना ध्यान इसी बिंदु पर केन्द्रित करना होता है ।

पंडित लोग भी इसी बिंदु पर टीका लगाते हैं ।

महिलाएं भी बिंदी इसीलिए इसी बिंदु पर लगाती हैं !

Monday, November 28, 2011

दिल और दिमाग की द्वंद्ध में किसकी सुनें ?

अक्सर किसी को कहते सुना होगा--क्या करें , दिल नहीं मानता । इन्सान के दिल और दिमाग में एक द्वंद्ध हमेशा चलता रहा है । दिल कुछ और कहता है , दिमाग कुछ और । और हम सोचते रहते हैं कि दिल की माने या दिमाग की ।

वैसे तो हमारे शरीर में दिल यानि हृदय का काम शरीर में रक्त का संचार बनाये रखना है । लेकिन यहाँ दिल से तात्पर्य है --अंतर्मन , ज़ेहन , या हमारी चेतना ।

इस दिल का काम है हमें सही दिशा दिखाना । हमें सही रास्ते पर चलाना ।


लेकिन दिमाग यानि मष्तिष्क एक कंप्यूटर की तरह काम करता है जिसमे न भावनाएं होती हैं , न संवेदनाएं । वह नाप तोल कर कुछ का कुछ बनाने में सक्षम होता है । इसीलिए दिमाग सच को झूठ , झूठ को सच --सत्य को असत्य और असत्य को सत्य बना सकता है ।

यह दिमाग ही है जिसकी वज़ह से आज तक कोई बड़ा आदमी कोई भी जुर्म करके भी जीवन भर जेल में नहीं रहा । यहाँ वकीलों का दिमाग काम करता है ।

दिमाग ही मनुष्य को बुरे कामों की ओर ले जाता है । और तर्क वितर्क से उसे सही भी ठहरा देता है ।

लेकिन दिमाग प्रैक्टिकल भी होता है । वह भावनाओं के आवेश में नहीं बहता । वह स्वतंत्र रूप से कार्य करने की क्षमता रखता है ।
जबकि दिल अक्सर भावनाओं में बहकर कभी कभी गलत निर्णय ले सकता है ।

ऐसे में सवाल उठता है कि --दिल की माने या दिमाग की ।

आम तौर पर तो यही कहा जाता है कि जो दिल कहे , वही काम करना चाहिए ।
लेकिन कहते हैं --दिल तो पागल होता है । हमेशा दिल की मानने में हानि भी हो सकती है ।

अब आप ही बताइए , क्या किया जाये --दिल की माने या दिमाग की ?

Friday, November 25, 2011

दिल्ली दर्शन में आज --अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला २०११ की सैर --


१९७२ में पहली बार दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन किया गया था । तब से अब तक लगभग हर वर्ष हम मेले का आनंद उठाते रहे हैं । लेकिन पिछले कुछ वर्ष से बढ़ते ट्रैफिक और भीड़ की वज़ह से मेले में जाना भी टेढ़ी खीर हो गया है । लेकिन इस बार हमने दृढ निश्चय कर लिया था जाने का । अत : रविवार को सुबह ही पहुँच गए सपत्निक मेले में ।

टिकेट बूथ पर तो ज्यादा समय नहीं लगा क्योंकि लेडिज की लाइन छोटी थी लेकिन प्रवेश द्वार पर लम्बी लाइन में लग कर ही एंट्री मार पाए ।

सुरक्षा सम्बन्धी औपचारिकताओं के बाद हम पहुँच गए गेट नंबर दो के अन्दर जिसके सामने है हॉल नंबर ६ ।



हॉल नंबर ६ के लिए जाते हुए ।


रेड कारपेट वेलकम भला किसको अच्छा नहीं लगेगा ।


इसी रास्ते बाएं ओर हैं हॉल नंबर २-५ ।


हॉल नंबर ६ के अन्दर घुसते ही । सच मानिये , हमने बिल्कुल नहीं छुआ , बस देखा , खींचा और चल दिए ।



पिछली बार तो हमने श्रीमती जी को ९०० रूपये में नौलखा हार दिलवा दिया था । लेकिन इस बार सख्त हिदायत थी कि बस घूमने आए हैं । अब हम तो पूर्णतय: तृप्त और संतृप्त महसूस करते हैं लेकिन महिलाओं की इच्छापूर्ती कभी नहीं होती । हर स्टाल पर हर कपडे या वस्तु को छूकर देखे बिना उन्हें चैन नहीं आता ।

लेकिन यहाँ ये तिलपट्टी देखकर तो अपना भी दिल कर आया खरीदने का ।


यहाँ हमने राहुल सिंह जी को बहुत ढूँढा लेकिन वे कहीं नहीं दिखे ।


इसलिए फोटो खींचकर ही संतुष्टि करनी पड़ी ।



हॉल ५ से निकलकर चौक में आए तो यह मानसरोवर झील नज़र आई ।



सरस पेवेलियन ।


साथ वाले हॉल में यह डाक्टर की दुकान देखकर हम सोचने लग गए कि इनमे से कोई बीमारी हमें तो नहीं ताकि इलाज़ करवाया जा सके ।


अब शुरू हुई सैर विभिन्न राज्यों के पेवेलियंस की ।


हरियाणा पेवेलियन के बाहर ।



दिल्ली वाले दिल्ली पेवेलियन में न घुसें , यह कैसे हो सकता था । लेकिन सभी ऐसा सोच रहे थे । इसलिए अन्दर दिल्ली वाले ही दिखे और कुछ भी नहीं देख सके ।



पंजाब पेवेलियन के बाहर ।



यू पी पेवेलियन --या माया नगरी । हाथी यहाँ भी विराजमान थे ।



हेंडीक्राफ्ट्स हाउस के अन्दर का नज़ारा ।



केरल का पेवेलियन बाहर से सबसे ऊंचा और बड़ा था ।



घूम घूम कर जब थक गए तो इन पेड़ों की ठंडी छाया में सामूहिक विश्राम का नज़ारा ।



टेकमार्ट ।



टेकमार्ट के अन्दर का दृश्य ।



छूकर करेंट खाना था क्या ?



अंतर्राष्ट्रीय पेवेलियंस हॉल के अन्दर ।



एक और दृश्य ।



डिफेंस पेवेलियन के बाहर ।



घूमते हुए चार घंटे हो गए थे । अब सबको घर की याद आने लगी थी । एक और मेला पूर्ण हुआ ।



बाहर गेट पर एंट्री बंद कर दी गई थी क्योंकि अन्दर एक लाख से ज्यादा लोग पहुँच चुके थे । अभी भी सैंकड़ों लोग उम्मीद लगाये खड़े थे । लेकिन पुलिस वाले भी क्या करते --सबको कल आने की दावत दे रहे थे ।

और इस तरह हमने इस उम्र में भी चार घंटे में सारा मेला घूमकर देख लिया , अलबत्ता बाहर से ही । किसी भी पेवेलियन में अन्दर जाने की हिम्मत जल्दी ही ख़त्म हो गई थी , भीड़ के कारण ।

लेकिन हमारे जैसे फोटोग्राफी का शौक रखने वाले को भला क्या ग़म । जो आनंद बाहर आया , वह अन्दर कहाँ आ सकता था ।