top hindi blogs
Showing posts with label फ़ूड फेस्टिवल. Show all posts
Showing posts with label फ़ूड फेस्टिवल. Show all posts

Monday, December 5, 2011

दिल्ली दर्शन में आज -क़ुतुब मीनार और खाना खज़ाना --

रविवार यानि छुट्टी का दिन , दिसंबर की नर्म धूप और सुहाना मौसम । बच्चे भी छुट्टियों में घर आए हुए थे । ऐसे में मूड बना कि घूम आया जाए ।

बन ठन कर तैयार हुए तो बेटी ने टोका --क्या किसी शादी में जा रहे हैं , या पार्टी में या फिर ऑफिस में कोई विशेष कार्यक्रम है । हमने भी महसूस किया कि पिकनिक पर जाने के लिए तो केजुअल कपडे ही होने चाहिए । आखिर बच्चों की जिद के आगे झुकना ही पड़ा और जींस , स्पोर्ट्स शूजमें आ गए और शर्ट भी ऐसे पहन ली जैसे टपोरी लोग पहनते हैं ।

अब क्या करें , हम ठहरे उस ज़माने के जब हिल स्टेशन पर भी थ्री पीस सूट पहनकर मॉल रोड पर घूमते थे ।

कुछ समय पहले नॉएडा में माया की मायानगरी का उद्घाटन देखकर मन बड़ा लालायित हो रहा था हाथी देखने का ।
लेकिन जाकर पता चला कि अभी तो काम ही चल रहा है और पब्लिक के लिए खुला ही नहीं है।
यानि
एक और पौलिटिकल स्टंट ।

खैर सोचा , चलो लोटस टेम्पल चलते हैं जहाँ गए हुए बहुत अरसा हो गया था । लेकिन भला हो अन्ना समर्थक कार रैली का जिसका दो किलोमीटर लम्बा जुलुस ट्रैफिक जाम किये खड़ा था ।

अब वहां फंसने से तो बेहतर था कि कहीं और खिसक लिया जाए ।
और हम पहुँच गए --क़ुतुब मीनार जहाँ गए तो कई बार थे लेकिन फोटो कभी नहीं खींचे थे ।


प्रवेश द्वार से घुसते ही हरी भरी दिल्ली की तरह यहाँ भी बहुत हरियाली दिखी ।


लाईट एंड शेड इफेक्ट ।


क़ुतुब मीनार का निर्माण कार्य कुतुबुद्दीन ऐबक ने ११९३ में शुरू किया था । लेकिन अभी एक ही मंजिल बनी थी कि उनका देहांत हो गया । तद्पश्चात इसका शेष निर्माण इल्तुतमिस ने करवाया ।


मीनार के साथ है , कुव्वतुल इस्लाम मस्जिद , जिसका निर्माण भी कुतुबुद्दीन ऐबक ने ११९३ -११९७ में करवाया था । बाद में इल्तुत्मिस (१२११-१२३६) और अलाउद्दीन खिलज़ी ( १२९६-१३१६) ने इसमें परिवर्द्धन किया ।

इसके प्रांगण में बना है यह लौह स्तंभ जो ऐसे एलॉय से बना है जिसपर कभी जंग नहीं लगता ।


लेकिन पिछले कुछ सालों से लगता है इसमें जंग लगना शुरू हो गया जिसकी वज़ह से इसे पब्लिक के हाथों से दूर कर दिया गया है ।


एक एंगल ऐसा भी ।


और यहाँ पेड़ों के बीच से ।


क़ुतुब मीनार के साथ यह एक और अधूरी मीनार है जिसे इल्तुत्मिस ने डबल साइज़ में बनवाना शुरू किया था लेकिन बस इतना ही बना सका ।


इल्तुत्मिस की कब्र ।

अब तक भूख लगने लगी थी । दिल्ली में आजकल कई फेस्टिवल चल रहे हैं ।
वापसी में दिल्ली हाट में फ़ूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल लगा था ।

और कनौट प्लेस में यह फेस्टिवल :



यह फ़ूड फेस्टिवल बाबा खडग सिंह मार्ग पर , स्टेट एम्पोरिया के सामने आयोजित किया गया है ।


यहाँ दिल्ली के सभी क्षेत्रों के मशहूर खाने की स्टाल्स लगी हैं ।


ऐसा लग रहा था जैसे सारी दिल्ली खाने पर टूट पड़ी है । बेशक दिल्ली वाले खाने के बड़े शौक़ीन हैं ।


एक बहुत बड़े टी वी स्क्रीन पर दिल्ली के दर्शनीय स्थलों के चित्र दिखाए जा रहे थे ।


सजावट कुछ ऐसी थी ।


शाम होते ही सारा जहाँ रौशन हो उठा ।


तरह तरह की रौशनियों का खूबसूरत इंतजाम ।


खाते पीते कब दो घंटे गुजर गए , पता ही नहीं चला । अंत में यह फूलों की दुकान भी मन मोह रही थी ।

नोट : यह फेस्टिवल ११ दिसंबर तक चलेगा । यदि दिल्ली आना हो तो एक ही जगह दिल्ली के सब पकवान खाना न भूलियेगा ।

क़ुतुब मीनार के कुछ और खूबसूरत चित्रों के लिए कृपया यहाँ पधारें ।