top hindi blogs

Monday, March 8, 2010

ऐसी होती है नारी ---

आज महिला दिवस के अवसर पर , एक छोटी सी रचना , नारी के विभिन्न रूपों को समर्पित :

मात पिता को पुत्री
बेटा बन कर संभालती
सेवाभाव में न हारी ,
ऐसी होती है नारी।

कौर बांटे भाई से
त्याग की बने मूर्ती
रहे फ़र्ज़ पर बलिहारी ,
ऐसी होती है नारी।

पति प्रेम में प्रेयसी
समर्पण की है प्रतिमूर्ति
कभी शोला कभी चिंगारी ,
ऐसी होती है नारी।

ममतामयी आँचल की छाया
कोमल अहसास जो बिखेरती
सुख दुःख में वारी ,
ऐसी होती है नारी।

आज के दिन यदि हम अपने रिश्तों को मज़बूत कर सकें , तो शायद यही सच्चा महिला दिवस सैलीब्रेशन होगा।

Friday, March 5, 2010

दो जिस्म मगर एक जान हैं हम ---

देसां में देस हरयाणा --जित दूध दही का खाना ।
ये गीत बचपन में बहुत सुनते थे --आकाशवाणी के दिल्ली केंद्र पर।
लेकिन क्या आप जानते हैं की हरियाणा राज्य पहले पंजाब का ही हिस्सा था।
सन १९६६ में भाषा के आधार पर हरियाणा , पंजाब से अलग हुआ स्वतंत्र भारत के १७ वें राज्य के रूप में ।
लेकिन आज भी हरियाणा और पंजाब --दोनों की राजधानी एक ही है --चंडीगढ़।

कुछ ऐसे ही ---


यानि दो जिस्म मगर एक जान हैं ये ।

अब यूँ तो दोनों राज्यों के लोगों के रहन सहन , खान पान और रीति रिवाजों में अनेक समानताएं हैं।

भाषा : पंजाब में पंजाबी और हरियाणा में हरयाणवी बोली जाती है। दोनों ही भाषाएँ हिंदी से मिलती जुलती हैं। फर्क इतना है की पंजाबी की लिपि गुरमुखी है , जबकि हरयाणवी की कोई लिपि नहीं । हरियाणवी को खड़ी बोली भी कहते हैं।

लेकिन देखिये कितनी समानताएं हैं :

हिन्ही में कहाँ = पंजाबी --कित्थे , हरयाणवी --कित।
जहाँ ---जित्थे --जित।
क्या करते हो ? --की करदे हो ? --के करै सै ?
आने दे ---आण दे ---आवण दे ।

असली हरियाणवी बोली अड़े कड़े वाली होती है , जो बिलकुल लट्ठ मार होती है।

लेकिन असमानताएं भी हैं :

जहाँ पंजाब के लोग मौज मस्ती वाले , खाने पीने और बढ़िया कपड़ों के शौक़ीन होते हैं , वहीँ हरियाणवी लोग सीधे साधे , और सादा जीवन जीते हैं। यानि उनमे दिखावा बिलकुल नहीं होता।

फिर भी दोनों विनोदी स्वभाव के होते हैं।

पंजाबी लोगों को डांस करने का बड़ा शौक होता है। पंजाबी भांगड़ा तो जगत प्रसिद्ध है।
लेकिन सच मानिये हरियाणवी लोग बिलकुल भी डांस करना नहीं जानते । बल्कि पुराने ज़माने में तो पुरुषों द्वारा डांस करने को बुरा समझा जाता था ।

हमें भी आज तक डांस करना नहीं आया ।

एक और विशेष बात ---हरियाणा में भाभी को भाभी जी कह कर कोई नहीं बुलाता । जी हाँ , सीधे नाम लेकर बुलाते हैं।

चौकिये मत ---हमने भी आज तक किसी को भाभी जी कह कर नहीं बुलाया ।

अब आपको अवगत कराते हैं कुछ हरियाणवी शब्दों से :

याड़ी -- दोस्त
बटेऊ ----दामाद
चाला --- चाला पाट ग्या --कमाल हो गया
चाला हो ग्या ----गज़ब हो गया
बांगड़ ----मोटा लठ
बाखड़ी ----ऐसी गाय या भैंस जो दूध देना कम कर देती है।

लेकिन कुछ ऐसे शब्द भी हैं जिनका अर्थ हमें भी नहीं पता :

डाक्की , खोपर्टन , झकोई, खागड़ , फन्ने खां , च्याम्च्डी

हरियाणवी लोग मीठा खाने के बड़े शौक़ीन होते हैं। आदमी को ७० साल का होने के बाद तो रोजाना हलवा चाहिए ।
अब एक बार एक ताऊ को हलवा नहीं मिला खाने को तो आँख बंद करके बेहोश होने का नाटक करने लगा । ताऊ को बेहोश देखकर लोगों में शोर मच गया । किसी ने कहा --मूंह पर पानी मरो। किसी ने कहा --जूता सुन्घाओ । किसी ने कुछ किसी ने कुछ इलाज़ बताया । इतने में एक समझदार से आदमी को ख्याल आया और उसने कहा --अरे ताऊ के लिए हलवा बनवा दो।
ये सुनते ही ताऊ ने आँख खोली और उस आदमी की ओर इशारा करके बोला --अरै कोए इसकी भी सुण ल्यो।

यही मीठे का शौक पुराने ज़माने में शादियों में भी दिखाई देता था। शादियों में खाने का फिक्स्ड मेन्यु होता था । लड़के की शादी में लड्डू और लड़की की शादी में ज़लेबी । साथ में पूरियां और पेठे (सीताफल) की सब्जी । वो भी मीठी। लेकिन क्या स्वाद होता था उसमे । आजकल शहर में सिर्फ श्राद्ध या क्तिया के भोज में खाने को मिलती है।
लेकिन लड्डुओं की क्या बताएं। ज़मीन पर टाट के फर्श बिछाकर एक पंक्ति में बैठकर भोजन परोसा जाता था , जैसे लंगर में होता है। एक बार में चार चार लड्डू परोसे जाते थे , और खाने वाले खाते रहते थे। कभी कभी तो एक एक आदमी ५२ लड्डू खा जाता था ।

है न हैरानी की बात ! लेकिन उन दिनों ५२ लड्डू खाना ऐसा होता था जैसे सचिन का वन डे में डबल सेंचुरी लगाना।
अब सचिन तो ऐसा अकेला ही क्रिकेटर है , लेकिन ५२ लड्डू खाने वाला हर गाँव में कम से कम एक तो मिल ही जाता था।

खैर ऐसे ही होते हैं हरियाणवी।

एक बात और मशहूर है हरियाणा की। वहां का ये लोक गीत , जो मैंने रिकोर्ड किया था --गार्डन टूरिस्म फेस्टिवल में । आप भी इसका आनंद लीजिये।





दामण ---घाघरा

नंदी के बीरा ----नन्द के भाई यानि पति

कहिये कैसी लगी ये जानकारी।

Monday, March 1, 2010

होली के नज़ारे --हंसी के फव्वारे --बुरा न मानो होली है ---

होली त्यौहार है --रंगों का , उमंगों का । हंसने हंसाने का , खाने खिलाने का । मिलने मिलाने का । और सबको प्यार से गले लगाने का ।
अब देखिये हमने होली कैसे मनाई ---


I :

होली खेलने हम घर से निकले
एक पडोसी नज़र आये ,
हमने उनके गालों पे गुलाल लगाये ,
फिर प्यार से गले मिलने को हाथ बढ़ाये ।
किन्तु तभी हम चौंके ,
हाथ अपने रोके ।
क्योंकि आन पड़ी एक अड़चन थी,
पता चला वो पडोसी नहीं , पड़ोसन थी।

II :

होली खेलकर हमने पत्नी से कहा ,
चलिए , बहुत हो गई होली ।
वो भी ख़ुशी ख़ुशी संग होली।
अभी दो कदम चले थे की
हम फिर से चौंके ,
बढ़ते कदम अपने रोके ।
फिर एक मुसीबत आन पड़ी थी ,
सामने असली धर्मपत्नी खड़ी थी।
समझ रोंग नंबर हमजोली ,
हमने झट से हाथ छुड़ाया ।
पर वो क्यों संग होली ,
ये बात मैं समझ नहीं पाया ।

III :

होली के हुडदंग में, भांति भांति के रंग
रंगों की बौछार में, मस्ती लाये भंग ।
मस्ती लाये भंग की , इक छोटी सी गोली
शर्मा जी की घरवाली , वर्मा जी संग होली ।
हंस कर बोले वर्मा जी , बुरा ना मानो शर्मा जी
ये तो होली है भई होली , होली है भई होली ।

IV : होली के दोहे :

नारियां तो होली का , यूँ करती इंतज़ार
कोड़े बरसा मर्दों पे , चुकता करें उधार ।

पुरुषों की बेताबी , ऐसे बढती जाए
होली के बहाने से , सबको गले लगाएं ।

चश्मे पर जब हो जाये , रन्गों की बौछार
सतरंगी नज़र आये , ये सारा सन्सार ।

आप सबको होली की हार्दिक शुभकामनायें।

Saturday, February 27, 2010

बस हमने बचपन में कभी होली नहीं खेली--जानते हैं क्यों ---

वक्त बदल जाता है । हालात बदल जाते हैं। और कई बातें , कई रिवाजें वक्त की परतों के नीचे दब कर रह जाती हैं।
ऐसा ही है , होली मनाना । जी हाँ , होली अलग अलग राज्यों में अलग अलग तरीके से मनाई जाती है।

ब्रिज की होली को कौन नहीं जनता।

लेकिन हरयाणवी होली ! शायद आपको नहीं मालूम होगा की कैसे मनाई जाती थी हरियाणा में होली।
यह उन दिनों की बात है जब न मोबाइल थे , न गाड़ियाँ।
न कलर टीवी, न कंप्यूटर।
लेकिन होली तब भी खेली जाती थी।

बस हमने बचपन में कभी होली नहीं खेली।

सोच सकते हैं क्यों ?
क्योंकि उन दिनों हरियाणा और दिल्ली के गावों में बच्चे होली नहीं खेलते थे ।
हैं न अचरज में डालने वाली बात।

आइये आज आपको परिचित कराते हैं , हरियाणा में होली कैसे खेली जाती थी , सातवें और आठवें दशक में ।

* होली का खेल बसंत पंचमी के दिन से शुरू हो जाता था। यानि अगले ४० दिन तक होली खेलते थे । लेकिन सिर्फ बहुएं । घर की बहु अपने जेठों पर पानी डालती थी , जहाँ भी अवसर मिलता था । यह सिलसिला पूरे फागुन चलता था ।
* अगर घर में बटेऊ ( दामाद ) आ जाता था , तो उसकी तो श्यामत आ जाती थी।

*होलिका दहन वाले दिन सभी औरतें एकजुट होकर , गीत गाती हुई , विशेष रूप से बनाये गए गोबर के उपले और कंडे लेकर होली में डाल कर आती थी।

* दुलैन्ह्ड़ी वाले दिन असली होली होती थी। लेकिन यह सिर्फ देवर और भाभी के बीच खेली जाती थी।
एक मैदान या खाली पड़े खेत में सब लोग इकट्ठा होते थे । मोहल्ले के सभी लड़के पानी की बाल्टी लेकर तैयार , और बहुएं ( भाभियाँ ) दूसरी तरफ कोल्ह्ड़े लेकर तैयार ।

देवर भाभी पर पानी डालने की कोशिश करता और भाभी उसे कोल्ह्ड़ा मारने की कोशिश करती । इस तरह भाग दोड वाला खेल होता था , जिसमे देवरों की पिटाई खूब होती थी।

* बाकि सब लोग बस दूर खड़े तमाशा ही देखते थे ।

* उन दिनों गुलाल कोई नहीं जनता था ।

* एक और विशेषता : होली पर पटाखे छुडाये जाते थे , दिवाली पर नहीं ।

शुक्र है हम बड़े हुए , गाँव से बाहर निकले और हमने होली मनाना सीखा --रंग और गुलाल से ।

तो बताइये कैसी लगी आपको यह जानकारी।