top hindi blogs

Saturday, December 24, 2011

शनि देव को मनी क्यों चाहिए --एक सवाल !

शनिवार का दिन सड़कों पर थोडा सकूं का दिन होता है । ज्यादातर सरकारी कार्यालय इस दिन बंद होते हैं ।
लेकिन चौराहों पर इस दिन एक विशेष नज़ारा देखने को मिलता है । हर चौराहे पर दर्ज़नों बच्चे जय शनिदेव कहते हुए भीख मांगते नज़र आते हैं ।


इस फोटो में दिखाई दे रहा यह सवा छै फुट का नौज़वान अक्सर काले लिबास में भीख मांगता है । आज जाने क्यों अपना ट्रेड मार्क लिबास छोड़कर सफ़ेद पर उतर आया ।

कार में शीशे बंद कर बैठे हमारे जैसे संभ्रांत व्यक्तियों के लिए इसे हाथ के इशारे से निज़ात पाना आसान हो जाता है ।
लेकिन इसके डील डौल और कद काठी को देखकर ही दो पहियाँ सवारों की जेब में हाथ चला जाता है ।


दूसरे चौराहे पर तैनात यह नौज़वान भी पहले वाले का भाई लगता है ।
हाथ में डोंगा जिसमे एक त्रिशूल रखा रहता है । डोंगे में थोडा सा सरसों का तेल , कभी कभी फूल माला लटकती हुई , साथ में नींबू और हरी मिर्च की लड़ी बनाकर लटका लिया जाता है ।

ज्यादातर डोंगे में सिक्के डालने वाले साईकल , स्कूटर या मोटरसाईकल सवार ही होते हैं ।
कभी किसी कार वाले को सिक्का डालते हुए नहीं देखा ।

हम कभी चौराहे पर किसी को भीख नहीं देते , न ही कोई खरीदारी करते हैं । आखिर कोई तो हो जो कानून का पालन करे ।

लेकिन अक्सर सोचता हूँ कि ऐसा क्यों कि भीख देने वाले निम्न आय वाले लोग ही होते हैं । क्या उन्हें अपना स्तर ऊंचा उठाने के लिए दान करना पड़ता है ?
और शनि देव का क्या महत्त्व है ?
डोंगे में तेल , त्रिशूल , नीम्बू और हरी मिर्च के पीछे क्या धारणा है ?
ये लोग कौन हैं जो शनि के नाम पर भीख मांगते हैं ?

शायद ज्ञानी लोग इन सवालों के ज़वाब दे पायें !


Thursday, December 22, 2011

ज़माना बदल गया है --आँखों देखी ---


ऋषि
कपूर और नीतू सिंह पर फिल्माया गया एक गाना था --

खुल्लम खुल्ला प्यार करेंगे हम दोनों ,
इस
दुनिया से नहीं डरेंगे हम दोनों ।

लेकिन तब न तो हकीकत में , न ही हिंदी फिल्मों में खुल्लम खुल्ला प्यार का प्रदर्शन होता था । बल्कि इसी गाने के अंतरा जैसा ही माहौल होता था --

हे देख वो , इश्क छुप छुप के फरमा रहे हैं,
है क्या मज़ा , दिल ही दिल में तो घबरा रहे हैं ।

और घबराने की वज़ह भी होती थी ।

लगता है दोनों पडोसी हैं वो,
रिश्ता ही ऐसा है जाने भी दो ।

लेकिन लगता है आजकल ज़माना इतना बदल गया है कि इस गाने की अगली पंक्तियाँ चरितार्थ होने लगी हैं --

हम वो करेंगे दिल जो कहे , हमको ज़माने से क्या --
खुल्लम
खुल्ला प्यार करेंगे हम दोनों ।

जी हाँ , कुछ ऐसा ही नज़ारा देखकर हम अचंभित रह गए । कुछ दिन पहले हम दिल्ली की एक पौश कॉलोनी में मार्केट के सामने मेन रोड पर कार में बैठे किसी का इंतजार कर रहे थे । तभी सामने एक गाड़ी आकर खड़ी हुई । गाड़ी में से एक लड़का उतरकर सामने दारू की दुकान से बियर लेने चला गया । गाड़ी में ड्राइवर बैठा था । तभी उस गाड़ी के बिल्कुल आगे एक लड़का लड़की आकर खड़े हो गए । दोनों टीनेजर थे । लड़का लम्बा और लड़की छोटे कद की थी ।
दोनों बड़े प्यार से बातों में मशगूल हो गए ।

पूरा दृश्य ऐसा था जैसा फिल्म बरसात में राजकपूर और नर्गिस पर फिल्माया गया था , यह गाना गाते हुए -

प्यार हुआ , इकरार हुआ ,
प्यार
से फिर क्यों डरता है दिल ।

बातें करते करते लड़के ने लड़की का सर ऊपर किया , अपना सर झुकाया और अपने होंठ लड़की के होंठों पर रख दिए ।
सब कुछ इतना स्वाभाविक रूप से हुआ , जैसे कोई देख ही न रहा हो । हालाँकि देखने वालों में सामने वाली गाड़ी का ड्राइवर और पीछे हम थे ।

यह नज़ारा देखकर मैं स्तब्ध रह गया ।

और बड़े भैया का यह गाना गाते हुए हम तो वहां से खिसक लिए --

ये ज़वानी , है दीवानी ---

बाद में जाते समय देखा कि वो दोनों फुटपाथ पर बैठे गप्पें मार रहे थे । और साथ में एक लड़की और थी ।

यह देखकर यही लगा कि सचमुच ज़माना बदल गया है । या फिर शायद हम अब पुराने हो गए हैं ।

लेकिन सवाल उठता है कि क्या इस तरह का पी डी ए ( सार्वजनिक प्रेम प्रदर्शन ) हमारी संकृति के लिए एक ख़तरा नहीं है !
या फिर समय के साथ संस्कृति को भी बदलना ही पड़ेगा ?


Monday, December 19, 2011

अवैध यौन संबंधों में कानून द्वारा लिंग भेद - एक परिचर्चा !

जब भी किसी ब्लॉग पर सामाजिक दृष्टिकोण से कोई सार्थक और उपयोगी लेख प्रकाशित होता है तो उसे समाचार पत्रों की सुर्ख़ियों में जगह मिल जाती है । इससे उस लेख की उपयोगिता लाखों लोगों की नज़र में आने से और भी बढ़ जाती है ।

इसी तरह यदि समाचार पत्रों में कोई लेख पसंद आए तो उसे क्यों न ब्लोगर्स के सन्मुख प्रस्तुत कर एक सार्थक चर्चा की जाए ताकि उसका प्रभाव अधिकाधिक हो सके ।

इसी विचार से आज प्रस्तुत है हिंदुस्तान टाइम्स के रविवारीय संस्करण में ( ११-१२-२०११) प्रकाशित सत्य प्रकाश जी के लेख पर एक चर्चा ।

लेख का विषय था - अवैध यौन संबंधों में कानून द्वारा लिंग भेद ।

Indian Adultery Law :

इस कानून के अनुसार एक विवाहित पुरुष और महिला के बीच , जो पति पत्नी नहीं हैं , अवैध यौन सम्बन्ध होने पर पुरुष को कानून के अंतर्गत अपराधी माना जायेगा लेकिन महिला को नहीं ।

इस सम्बन्ध को अपराध इसलिए माना गया है ताकि विवाह का पवित्र रिश्ता सुरक्षित रह सके ।

पुरुष के अपराधी होने का कारण है,क्योंकि कानून की नज़र में पत्नी को पति की ज़ागीर / संपत्ति माना जाता है । यदि कोई गैर पुरुष किसी दूसरे पुरुष की पत्नी के साथ यौन सम्बन्ध बनाता है तो वह उसकी निजी संपत्ति में दखलअंदाजी करता है । इसलिए उस पर केस बनता है ।

इस तरह के अवैध सम्बन्ध में पति तो अपराधी है लेकिन पत्नी नहीं ।

एक हैरानी की बात यह है कि राष्ट्रीय महिला आयोग भी इसे सही मानता है । उनका यह भी कहना है कि इस तरह के अवैध सम्बन्ध को गैर कानूनी ही न माना जाये ।
उधर कुछ लोगों की यह राय है कि कानून में पति पत्नी दोनों बराबर होने चाहिए ।

भारतीय कानून क्या कहता है ?

भारतीय दंड संहिता की धारा ४९७ के अंतर्गत यदि एक विवाहित व्यक्ति किसी दूसरी विवाहित महिला के साथ बिना उसके पति की रज़ामंदी के यौन सम्बन्ध बनाता है तो वह दोषी माना जायेगा जिसके लिए उसे कैद की सजा हो सकती है । ऐसे में उस महिला पर कोई अभियोग नहीं लगेगा ।
साथ ही धारा १९८ के अंतर्गत एक पति दूसरे पति पर आरोप लगा सकता है लेकिन अपनी पत्नी पर नहीं ।
यानि पत्नी इस आरोप से फ्री है ।

दूसरे देशों में :

ज्यादातर यूरोपियन देशों में एडलट्री अपराध नहीं माना जाता । वहां इस मामले में लिंग भेद भी नहीं है । और कोई सजा भी नहीं । हालाँकि तलाक की नौबत आ सकती है ।
उधर इस्लामिक देशों में इसे घोर अपराध माना जाता है और महिला को पुरुष से ज्यादा दोषी समझा जाता है ।

धार्मिक पहलु :

सभी धर्मों में इसे पाप माना जाता है । इस्लाम में तो इसके लिए सख्त सज़ा का प्रावधान है ।

अब कुछ सवाल उठते हैं आम आदमी के लिए :

* क्या इस मामले में स्त्री पुरुष में भेद भाव करना चाहिए ?
* यदि पति की रज़ामंदी से उसकी पत्नी से रखे गए सम्बन्ध गैर कानूनी नहीं हैं तो क्या वाइफ स्वेपिंग जायज़ है ?
* क्या इस कानून में बदलाव की ज़रुरत है ?

पति पत्नी के सम्बन्ध आपसी विश्वास पर कायम रहते हैं । कानून भले ही ऐसे मामले में पत्नी को दोषी न मानता हो , लेकिन व्यक्तिगत , पारिवारिक , सामाजिक और नैतिक तौर पर ऐसे में दोनों को बराबर का गुनहगार माना जाना चाहिए ।

हमारा स्वस्थ नैतिक दृष्टिकोण ही हमारे समाज के विकास में सहायक सिद्ध हो सकता है ।

Sunday, December 18, 2011

यादें --१९७१ में हुए भारत पाक युद्ध की और हमारी एक्टिंग की --


जनवरी
१९७२ में हमारे स्कूल में इंटर हाउस ड्रामा कॉम्पीटीशन होना था । उस समय मैं दसवीं कक्षा में पढ़ रहा था । अपने हॉउस --गाँधी सदन का अध्यक्ष था । इसलिए प्रबंधन की जिम्मेदारी हम पर ही आ पड़ी ।

हमनेभी देशभक्ति का ज़ज्बा दिखाते हुएजो नाटक तैयार किया , उसका विषय था -भारत पाक युद्ध ।

इस ड्रामे का मैं राईटर , डायरेक्टर , प्रोड्यूसर और एक्टर था , मनोज कुमार की तरह ।

मैं अख़बार बहुत ध्यान से पढता था । इसलिए दिमाग में युद्ध की एक एक खबर ताज़ा थी । बस उसी को लेकर तैयार हो गया नाटक --भारत पाक युद्ध ।

स्कूल में पेंट तो खाकी होती ही थी , कहीं से मांगकर कुछ खाकी कमीज़ों का इंतज़ाम किया गया ।
भारत की फ़ौज के कमांडर का रोल मैंने किया । तगमे बनाने के लिए गत्ते काटकर उस पर रंगों से कारीगरी की गई । और इस तरह तैयार हो गई जनरल की वर्दी ।

कुछ खिलोने वाली पिस्तोलों का इंतज़ाम किया । एक लम्बा चाकू भी ले लिया ताकि जब गोला बारूद ख़त्म हो जाए तो संगीनों से हमला किया जाए ।

हथगोलों की जगह छोटे छोटे गोले जिन्हें हम गंठे कहते थे , खरीद लिए गए । दीवाली जा चुकी थी , इसलिए मुश्किल से ही मिले ।

पाक फोजों के बारे में अख़बार में पढ़ा था कि उनकी वर्दियां फटेहाल थी । उनके पास खाने को कुछ नहीं होता था । कभी कभी बस चने खाकर ही गुजारा करना पड़ता था । पाक फ़ौज को हमने ऐसे ही तैयार किया ।

अब निश्चित दिन दोनों फौजें आमने सामने थी । सबसे पहले भारतीय फ़ौज के कमांडर का जोशीला भाषण हुआ । अख़बार में जितनी भी ख़बरें पढ़ी थी , सब की सब भाषण में डाल दी थी ।
उसके बाद मार्च पास्ट हुआ । सब जोर जोर से तालियाँ बजा रहे थे । सभा का पूरा चक्कर लगाने के बाद हम दुश्मन की फ़ौज के सामने थे ।

फिर शुरू हुआ जंग --भारत माता की जय के नारों के बीच ।
थोड़ी देर में सारे हथगोले ख़त्म हो गए ।
अब हमने चाकू निकाल लिया और हिंदी फिल्मों के तत्कालीन विलेन रंजीत की तरह दुश्मन के कमांडर के साथ द्वंद्ध शुरू कर दिया ।

शुक्र रहा कि चाकू कहीं लगा नहीं वर्ना लेने के देने पड़ जाते ।
असल या नक़ल में , ऐसी लड़ाई हमने फिर कभी नहीं लड़ी ।

आखिर भारतीय फोजों की जीत हुई और सारे पाकिस्तानी सैनिक मारे गए ।

एक बार फिर हमारी फ़ौज ने विक्टरी मार्च किया , जयजयकार के बीच ।

इस नाटक प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरुस्कार ( बेस्ट एक्टर अवार्ड ) हमें ही मिला ।


Friday, December 16, 2011

यादें --१९७१ में हुए भारत पाक युद्ध और बंगला देश के जन्म की ।

टी वी पर फील्ड मार्शल जनरल सैम मानेकशा का भाषण आ रहा था । साथ ही लिखा था कि किस तरह एक जिद्दी जनरल ने एक जिद्दी प्रधान मंत्री की बात मानने से इंकार कर दिया था ।

जी हाँ , बात चल रही थी १९७१ में हुए भारत पाक युद्ध और बंगला देश के जन्म की ।

पता चला कि जब पाक द्वारा तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान ( अब बंगला देश ) पर अत्याचार किये जा रहे थे , तब तत्कालीन प्रधान मंत्री श्रीमती इंदिरा गाँधी ने एक बैठक बुलाकर जनरल सैम मानेकशा को अप्रैल १९७१ में पाक पर हमला बोलने का आदेश दिया । लेकिन जनरल मानेकशा ने इसे मानने से इंकार कर दिया । उनका कहना था कि नवम्बर से पहले हमला करना असफल रहेगा क्योंकि मोनसून में आने वाली बाढ़ से वहां की सारी नदियाँ समुद्र बन जाती हैं और फ़ौज की गति विधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा ।

अंतत: इंदिरा जी को झुकना पड़ा और मानेकशा की बात माननी पड़ी ।

बाद में ३ दिसंबर १९७१ को पाक ने ही भारत पर हवाई हमले कर चढ़ाई कर दी, ऑपरेशन चंगेज़ खान के कोड नाम से ।
१३ दिन चले इस युद्ध में एक बार फिर पाक को मूंह की खानी पड़ी । और १६ दिसंबर को बंगला देश को पाक से आज़ाद करा लिया । बंगला देश से करीब ९१००० पाक युद्धबंदी कैद कर भारत लाये गए ।

लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोरा ने , जो उस समय भारतीय सेना के पूर्वी कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ थे , पाकिस्तानी कमांडर जनरल नियाजी के साथ पाक आत्म समर्पण पर हस्ताक्षर किये ।

कल टी वी पर यह प्रोग्राम देखकर उस समय की याद आ गई । उस समय हम १० वीं कक्षा में पढ़ते थे । मुझे अच्छी तरह याद है रोज अख़बारों में पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा बंगालियों पर किये गए अत्याचार की ख़बरें आती थी । लाखों बुद्धिजीवियों को मौत के घाट उतार दिया गया था । हजारों/ लाखों महिलाओं और नाबालिग लड़कियों पर अमानवीय यौन अत्याचार किये गए । आज भी उनके बारे में याद कर रौंगटे खड़े हो जाते हैं ।

युद्ध शुरू हुआ तो सारे उत्तर भारत के शहरों पर हमले की आशंका से इंतज़ामात किये गए । जगह जगह ज़मीन में बंकर/खाइयाँ खोद दिए गए थे जिससे कि हवाई हमले के समय उनमे कूदकर जान बचायी जा सके ।

दिल्ली में विशेष हिदायत थी कि अँधेरा होते है सारी लाइट्स बुझा दी जाती थी । मार्केट्स बंद हो जाती थी । सड़क पर वाहनों को लाईट जलाकर चलने की मनाही कर दी गई थी । कोई बीड़ी या सिग्रेट भी खुले में नहीं पी सकता था । यहाँ तक की घड़ी पहनकर भी बाहर निकलना मना था ।

घरों में भी खिड़कियों के शीशों पर कागज़ चिपका दिए गए थे । ताकि लाईट बाहर न जा सके ।
यह सब इसलिए किया गया था ताकि रात में हवाई हमले हों तो दिल्ली कहाँ है , यह पता ही न चले ।
अक्सर दिन में हूटर बजता तो सभी चौकन्ने हो जाते । हर पल यही डर लगा रहता था कि जाने कब अटैक हो जाए और कोई बम गिर जाए ।

हमारी जिंदगी में यही एक भारत पाक युद्ध हुआ था जो पूरे स्केल पर हुआ था । हालाँकि इसके बाद १९९९ में कारगिल युद्ध भी हुआ लेकिन वह एक क्षेत्र में ही सीमित था ।

आज बंगला देश को आजाद हुए ४० वर्ष हो गए हैं । यह अलग बात है कि यही बंगला देश कभी कभी हमें भी आँखें दिखाने लगता है ।

Wednesday, December 14, 2011

आम के आम , गुठलियों के दाम , छिलके , डंठल और पत्तियों के भी दाम --

आज से दो सप्ताह के लिए अर्जित अवकाश शुरू हो गया है । इसलिए दो सप्ताह के लिए डॉक्टरी बंद । अब डॉक्टरी के सिवाय सारे काम किये जायेंगे । हालाँकि डॉक्टर डॉक्टरी छोड़ना भी चाहे तो लोग छोड़ने नहीं देते । किसी भी शादी या दावत में खाना खाते समय भी कोई आकर कहेगा --डॉ साहब आजकल बड़ी कब्ज़ रहती है । अरे भई , पहले कुछ खा तो लो ।
कभी कभी तो उदर व्यथा का ऐसा वर्णन सुनने को मिलता है कि खाना भी खाना मुश्किल हो जाता है ।

पिछली पोस्ट पर एक डॉक्टर की नज़र से सब को दूध के बारे में जानकारी बहुत काम की लगी । लेकिन उस पर अमल करने का वादा किया बस श्री खुशदीप सहगल जी ने । उन्होंने कहा कि आज से टोंड की जगह डबल टोंड दूध ही पीयेंगे ।

लेकिन अब तो हम यह बताना चाहते हैं कि सबसे बढ़िया दूध तो ट्रिपल टोंड दूध होता है । हालाँकि यह दूध मार्केट में नहीं मिलता ।

आइये आज आपको बताता हूँ कि दूध से आम के आम और गुठलियों के दाम कैसे निकाले जाएँ । एक डॉक्टर की नज़र से नहीं , बल्कि एक रसोइये / खानसामा/ हलवाई की नज़र से ।

आम के आम :

दूध तो आप डबल टोंड ही मंगवाइये । लेकिन इसे सुबह उबालकर ठंडा कर फ्रिज में रख दें और शाम को इसकी मलाई उतार लें । जी हाँ , यदि आपने सही से उबाल कर ठंडा कर दिया है तो डबल टोंड दूध में भी काफी मलाई आ जाती है । रोज मलाई को फ्रीज़र में स्टोर करते रहिये ।

इस तरह जो दूध बचेगा वह ट्रिपल टोंड होगा यानि उसने वसा न के बराबर होगी लेकिन बाकि सभी तत्त्व पूरे मौजूद रहेंगे ।

गुठलियों के दाम :

जब मलाई का एक डोंगा भर जाये जो इस बात पर निर्भर करेगा कि आप रोज कितना दूध लेते हैं, तब इसे मिक्स़र में डालकर घुमाइए जब तक कि मक्खन न निकल आए ।
अब मक्खन को अलग कर लीजिये । आप चाहें तो घर का बना शुद्ध सफ़ेद मक्खन खाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं , विशेष कर मक्की की रोटी के साथ । या फिर इससे घी भी निकाल सकते हैं ।

घी बनाने के लिए मक्खन को एक पतीले या सॉस पेन में डालकर धीमी आंच पर गर्म कीजिये और इसे चम्मच से चलाते रहिये ताकि नीचे न लगे ।
इस काम में पेशेंस की ज़रुरत होगी । लेकिन थोड़ी देर में घी अलग हो जायेगा और दूध की प्रोटीन का अवशेष बचा रह जायेगा ।

थोडा ठंडा करने के बाद इसे छलनी में छानते हुए एक बर्तन में स्टोर कर लीजिये ।
लीजिये तैयार हो गया घर का बना शुद्ध देसी घी ।
रोज दो किलो दूध से एक महीने में करीब आधा किलो घी निकल आता है ।
ज़ाहिर है दो व्यक्तियों के लिए दो किलो दूध और महीने में आधा किलो घी काफी रहता है ।
तो मिल गए न आपको गुठलियों के भी दाम ।

डंठल के भी दाम :

अभी
तो और भी दाम मिलने वाले हैं । मक्खन निकालने के बाद मिक्सी में जो मट्ठा बचा रह जायेगा , उसमे नमक और भुना हुआ पिसा ज़ीरा मिलाकर लस्सी बनायें और पीयें , बहुत स्वादिष्ट लगेगा ।

हालाँकि यदि थोडा खट्टा लगे तो आप इससे कढ़ी भी बना सकते हैं ।

छिलके के दाम :


घी बनाने के बाद पतीले में जो अवशेष रह जायेगा , वह वास्तव में वसा युक्त प्रोटीन होता है । अब इससे आप एक बहुत स्वादिष्ट मिठाई बना सकते हैं ।

इसके लिए इसमें मिलाइये --बूरा ( हर किराने की दुकान पर मिल जाती है ), इसकी मात्रा कम से कम उतनी होनी चाहिए जितना माल पतीले में बचा है । साथ ही चाय के साथ खाए जाने वाले दो रस ( रस्क ) का चूरा बनाकर मिला दीजिये । अब धीमी आंच पर पकाइए । थोड़ी सी देर में आपके हाथ में होगी एक बहुत ही स्वादिष्ट मिठाई , घर की बनी हुई ।
इसे आप जितना पकाएंगे , उतना ही स्वाद अलग होता जायेगा ।
तो मिल गए न डंठल के भी दाम ।

पत्तियों के भी दाम :

अभी भी एक और काम की चीज़ बची है । मिठाई बनाने के बाद पतीले को आप कितना भी खाली क्यों न कर लें , उसमे घी और मीठा युक्त पदार्थ बचा रहेगा । इसे खुरचन कह सकते हैं ।
अब इसमें आधा या एक कप दूध डालें और थोडा सा और गर्म करें ।
इसे पीकर देखिये -बिल्कुल रबड़ी जैसा स्वाद आएगा ।

तो इस तरह अपने देखा कि कैसे डबल टोंड दूध को ट्रिपल टोंड बनाकर पिया जाए और साथ में महीने भर का घी का स्टॉक बना लिया जाए , महीने में एक बार घर की बनी हुई मिठाई और रबड़ी वाला एक कप दूध - सब डबल टोंड दूध से ।

इस्तेमाल करके देखिये , कुछ ही महीने में इस तरह डबल टोंड दूध से बने ट्रिपल टोंड दूध के इस्तेमाल से आपकी डबल तोंद टोंड होकर आधी रह जाएगी ।

Sunday, December 11, 2011

दूध पीते बच्चे बनें दूध पीते बड़े ---

हरियाणा और पंजाब के लोग घी और दूध के बड़े शौक़ीन होते हैं । हों भी क्यों नहीं , शारीरिक श्रम करने वाले लोगों को अतिरिक्त ऊर्जा की ज़रुरत पड़ती है । जितनी ऊर्जा देसी घी में होती है उतनी और किसी खाद्य पदार्थ में नहीं होती । घी मिलता है दूध से । दूध मिलता है गाय भैंसों से । भैंस का दूध गाय के दूध की तुलना में ज्यादा गाढ़ा और ऊर्जावान होता है । इसकी वज़ह है भैंस के दूध में गाय के दूध से ज्यादा वसा और प्रोटीन का होना ।

दूध न सिर्फ एक संतुलित आहार है , बल्कि ३-४ महीने तक के बच्चे के लिए सम्पूर्ण आहार भी है । दूध का अधिकांश भाग पानी होता है लेकिन इसमें ७-७.५ % वसा और ९ % एस एन ऍफ़ होता है । एस एन ऍफ़ यानि नॉन फैट सोलिड्स ।

नॉन फैट सोलिड्स :

दूध में वसा के अतिरिक्त जो अन्य पदार्थ होते हैं वे हैं --लैक्टोज (52%), प्रोटीन (36%), मिनरल्स (10%) और विटामिन्स (1.7%)।

वसा से सर्वाधिक , ९ केल्रिज प्रति ग्राम ऊर्जा मिलती है जबकि प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट से ४ केल्रिज प्रति ग्राम ऊर्जा मिलती है ।

इनके अतिरिक्त मां के दूध में रोग निरोधक पदार्थ ( इम्यूनोग्लोबुलिंस ) भी होते हैं जो बच्चे को कई तरह के रोगों से लड़ने की क्षमता प्रदान करते हैं ।

दूध में सबसे ज्यादा काम का मिनरल होता है --कैल्सियम जो हड्डियों को मज़बूत बनाता है । इसीलिए डॉक्टर्स सलाह देते हैं कि बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को दूध अवश्य पीना चाहिए ।

जहाँ गाँव में दूध एक ही किस्म का मिलता है -गाय या भैंस का दूध ,वहीँ शहरों में दूध अनेक प्रकार के मिलते हैं ।

फुल क्रीम मिल्क : इसमें वसा की मात्रा लगभग ६ - ७.५ % होती है ।
टोंड मिल्क : इसमें फैट ३ % होता है ।
डबल टोंड मिल्क : इसमें फैट कंटेंट बस १.५ % ही होता है ।

लेकिन सभी प्रकार के दूध में एस एन ऍफ़ ९ % ही होता है । दूध की गुणवत्ता दूध में एस एन ऍफ़ की मात्रा से ही मांपी जाती है ।

एक हैरानी की बात यह है कि विकसित देशों में जहाँ फुल क्रीम दूध सस्ता और टोंड दूध महंगा मिलता है , वहीँ हमारे देश में फुल क्रीम महंगा , टोंड उससे सस्ता और डबल टोंड सबसे सस्ता मिलता है ।
कुपोषण वहां भी होता है , और यहाँ भी । क्योंकि वहां ज़रुरत से ज्यादा खाने को मिलता है , यहाँ ज़रुरत से कम ।

कौन सा दूध बढ़िया है ?

शहरों में जहाँ जीवन शैली बहुत निष्क्रिय होती है , दूध में ज्यादा वसा से मिलने वाली अतिरिक्त ऊर्जा मोटापे को जन्म देती है । इसलिए ज़रूरी है कि दूध में वसा की मात्रा कम से कम हो ।

इसलिए शहरी लोगों को डबल टोंड दूध ही पीना चाहिए । इसमें एस एन ऍफ़ की मात्रा ९ % होने से बाकि सभी पोषक तत्त्व भरपूर मात्रा में मिलते हैं । और सस्ता भी है ।

यानि बचत की बचत और सेहत भी रहे दुरुस्त ।

दूध की कुछ विशेषताएं :

* दूध का सफ़ेद रंग इसमें पाई जाने वाली प्रोटीन --केसीन और कैल्सियम फोस्फेट के मिश्रण की वज़ह से होता है .
* केसीन हीट रेजिस्टेंट होती है , यानि दूध को गर्म करने से खराब नहीं होती .
* गाय के दूध में हल्का पीलापन इसमें मौजूद कैरोटीन की वज़ह से होता है .
* कुछ लोगों को दूध हज्म नहीं होता यानि दूध पीने से पेट में गैस या दस्त लग जाते हैं . यह लैक्टोज का पाचन न होने की वज़ह से होता है . ऐसी हालत में दूध की बजाय दही खानी चाहिए . दही में दूध के सभी गुण पाए जाते हैं और लैक्टो बैसिलाई लैक्टोज को लैक्टिक एसिड में परिवर्तित कर देते हैं जिससे दही का स्वाद भी खट्टा लगता है .
* पैसच्युराईजेशन से दूध संक्रमण रहित रहता है . इसके लिए दूध को ७२ डिग्री सेन्टीग्रेड तक गर्म कर एकदम ४ डिग्री तक ठंडा किया जाता है .
*इस तरह पैकेट बंद पैसच्युराइज्द दूध स्वास्थ्य के लिए भी उत्तम होता है और सुरक्षित भी . जबकि खुले दूध में सभी तरह की मिलावट और गंदगी मिली होने की सम्भावना रहती है .

अक्सर बच्चे दूध पीने में आना कानी करते हैं . अब यह आप पर निर्भर करता है की आप किस तरह बच्चों को दूध पीने के लिए राज़ी करते हैं .

नोट : अगली पोस्ट में पढ़िए --दूध से आम के आम , और गुठलियों के दाम ।