टी वी पर फील्ड मार्शल जनरल सैम मानेकशा का भाषण आ रहा था । साथ ही लिखा था कि किस तरह एक जिद्दी जनरल ने एक जिद्दी प्रधान मंत्री की बात मानने से इंकार कर दिया था ।
जी हाँ , बात चल रही थी १९७१ में हुए भारत पाक युद्ध और बंगला देश के जन्म की ।
पता चला कि जब पाक द्वारा तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान ( अब बंगला देश ) पर अत्याचार किये जा रहे थे , तब तत्कालीन प्रधान मंत्री श्रीमती इंदिरा गाँधी ने एक बैठक बुलाकर जनरल सैम मानेकशा को अप्रैल १९७१ में पाक पर हमला बोलने का आदेश दिया । लेकिन जनरल मानेकशा ने इसे मानने से इंकार कर दिया । उनका कहना था कि नवम्बर से पहले हमला करना असफल रहेगा क्योंकि मोनसून में आने वाली बाढ़ से वहां की सारी नदियाँ समुद्र बन जाती हैं और फ़ौज की गति विधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा ।
अंतत: इंदिरा जी को झुकना पड़ा और मानेकशा की बात माननी पड़ी ।
बाद में ३ दिसंबर १९७१ को पाक ने ही भारत पर हवाई हमले कर चढ़ाई कर दी, ऑपरेशन चंगेज़ खान के कोड नाम से ।
१३ दिन चले इस युद्ध में एक बार फिर पाक को मूंह की खानी पड़ी । और १६ दिसंबर को बंगला देश को पाक से आज़ाद करा लिया । बंगला देश से करीब ९१००० पाक युद्धबंदी कैद कर भारत लाये गए ।
लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोरा ने , जो उस समय भारतीय सेना के पूर्वी कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ थे , पाकिस्तानी कमांडर जनरल नियाजी के साथ पाक आत्म समर्पण पर हस्ताक्षर किये ।
कल टी वी पर यह प्रोग्राम देखकर उस समय की याद आ गई । उस समय हम १० वीं कक्षा में पढ़ते थे । मुझे अच्छी तरह याद है रोज अख़बारों में पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा बंगालियों पर किये गए अत्याचार की ख़बरें आती थी । लाखों बुद्धिजीवियों को मौत के घाट उतार दिया गया था । हजारों/ लाखों महिलाओं और नाबालिग लड़कियों पर अमानवीय यौन अत्याचार किये गए । आज भी उनके बारे में याद कर रौंगटे खड़े हो जाते हैं ।
युद्ध शुरू हुआ तो सारे उत्तर भारत के शहरों पर हमले की आशंका से इंतज़ामात किये गए । जगह जगह ज़मीन में बंकर/खाइयाँ खोद दिए गए थे जिससे कि हवाई हमले के समय उनमे कूदकर जान बचायी जा सके ।
दिल्ली में विशेष हिदायत थी कि अँधेरा होते है सारी लाइट्स बुझा दी जाती थी । मार्केट्स बंद हो जाती थी । सड़क पर वाहनों को लाईट जलाकर चलने की मनाही कर दी गई थी । कोई बीड़ी या सिग्रेट भी खुले में नहीं पी सकता था । यहाँ तक की घड़ी पहनकर भी बाहर निकलना मना था ।
घरों में भी खिड़कियों के शीशों पर कागज़ चिपका दिए गए थे । ताकि लाईट बाहर न जा सके ।
यह सब इसलिए किया गया था ताकि रात में हवाई हमले हों तो दिल्ली कहाँ है , यह पता ही न चले ।
अक्सर दिन में हूटर बजता तो सभी चौकन्ने हो जाते । हर पल यही डर लगा रहता था कि जाने कब अटैक हो जाए और कोई बम गिर जाए ।
हमारी जिंदगी में यही एक भारत पाक युद्ध हुआ था जो पूरे स्केल पर हुआ था । हालाँकि इसके बाद १९९९ में कारगिल युद्ध भी हुआ लेकिन वह एक क्षेत्र में ही सीमित था ।
आज बंगला देश को आजाद हुए ४० वर्ष हो गए हैं । यह अलग बात है कि यही बंगला देश कभी कभी हमें भी आँखें दिखाने लगता है ।
Showing posts with label बंगला देश. Show all posts
Showing posts with label बंगला देश. Show all posts
Friday, December 16, 2011
Subscribe to:
Posts (Atom)

