पिछले दिनों
दिल्ली के मायापुरी क्षेत्र की कबाड़ की मार्केट में एक अत्यंत भयानक
हादसा हुआ । हुआ यूँ कि
दिल्ली विश्वविद्यालय के केमिस्ट्री विभाग ने २५ साल से बेकार पड़ा कबाड़ नीलाम कर दिया । लेकिन दुर्भाग्यवश इसमें सक्रिय
कोबाल्ट ६० जैसा अत्यधिक असरदार रेडियोएक्टिव पदार्थ होने की वज़ह से भयंकर हादसा हो गया ।
आपको भी जिज्ञासा होगी कि ये कोबाल्ट ६० और इस जैसे पदार्थों में आखिर ऐसा होता क्या है कि एक अदृश्य दुश्मन की तरह छुपकर वार कर जाते हैं और पता भी नहीं चलता । आइये आज
न्यूक्लियर एनर्जी के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं।
रेडियोएक्टिविटी क्या होती है ?पदार्थ ( ठोस, द्रव्य , गैस ) तत्वों और तत्वों के मिश्रण से बना है। तत्व में
अणु (मोलिक्युल ) , अणुओं में
परमाणु (एटम ) होते हैं . परमाणु
पदार्थ का सबसे छोटा रूप है जिसमे पदार्थ के सभी गुण पाए जाते हैं। परमाणु में
प्रोटोन , न्यूट्रॉन और इलेक्ट्रोन होते हैं जिनकी एक निश्चित मात्रा होती है।
जिन एटम्स में प्रोटोन और न्यूट्रॉनों की संख्या बराबर या एक निश्चित अनुपात में होती है , उन्हें स्थिर एटम कहते हैं । यानि इनका स्वरुप कभी नहीं बदलता । लेकिन कुछ एटम्स ऐसे होते हैं जिनमे न्यूट्रॉंस की संख्या प्रोटोंस से कहीं ज्यादा होती है , इन्हें अनस्टेबल या अस्थिर परमाणु कहते हैं । ये स्थिरता प्राप्त करने के लिए कुछ पार्टिकल्स ( कण ) या इलेक्ट्रोमैग्नेटिक किरणें लगातार निकालते रहते हैं जब तक की वे स्थिर नहीं हो जाते ।
ऐसे एटम्स वाले तत्वों को रेडियोएक्टिव पदार्थ कहते हैं। और इन एमिशन्स को रेडियोएक्टिविटी कहते हैं।इन कणों और किरणों में चार्ज या एनर्जी भी होती है । क्योंकि ये एटम के न्यूक्लियस से निकालते हैं , इसलिए इस एनेर्जी को
न्यूक्लियर एनर्जी कहते हैं।
पार्टिकल्स --
एल्फा--- जो पॉजिटिवली चार्ज्ड होते हैं और बीटा जो पोजिटिव और नेगेटिव दोनों हो सकते हैं ।
रेज ---
गामा रेज , एक्स -रेजये सभी अदृश्य होते हैं । लेकिन इनका प्रभाव हमारे शरीर के विभिन्न अंगों पर पड़ता है , यदि एक्सपोजर हो जाये। एक्सपोजर के दौरान बिलकुल पता नहीं चलता , लेकिन कुछ समय के बाद इसके प्रभाव दिखाई देने लगते हैं। जितना ज्यादा एक्सपोजर होगा , प्रभाव भी उन ज्यादा होगा।
न्यूक्लियर एनर्जी का क्या उपयोग होता है ?चिकित्सा क्षेत्र : मेडिकल रेडियोग्राफी , रेडियेशन थेरापी , न्यूक्लियर मेडिसिन स्कैंस , मेडिकल उपकरणों का स्टर्लाइजेशन , रोगों का इलाज।
एक्स रेज : शरीर के विभिन्न भागों का एक्स- रे और सी टी स्कैन करने में उपयोग होती हैं।
गामा रेज : न्यूक्लियर मेडिसिन स्कैन में काम आती हैं ।
बीटा पार्टिकल्स : थायराइड स्कैन और थायराइड के उपचार में काम आते हैं ।
एल्फा पार्टिकल्स : ट्यूमर्स के इलाज में काम आते हैं।
कोबाल्ट ६० : यह कोबाल्ट का आर्टिफिसियल रेडियोएक्टिव रूप है। यह मूलत: रेडियोथेरपी में काम आता है।
शरीर के
विभिन्न अंगों में कैंसर के इलाज के लिए प्रयोग होता है।
इसके अलावा नॉन मेडिकल इस्तेमाल भी होता है ।
न्यूक्लियर रिएक्टर्सइंडस्ट्रियल रेडियोग्राफीस्मोक डिटेक्टररेडियोएक्टिव ट्रेसर्सइससे क्या हानि हो सकती है ?कुछ विकिरण तो वायुमंडल में प्राकृतिक रूप में भी होता है जैसे
कोस्मिक रेज, एक्स्ट्रा टेरेस्ट्रियल रेडिएशन , सोलर रेडिएशन और radon ।मनुष्यों में इस की अधिकतम मात्रा
१ mSv तक सुरक्षित है।
मनुष्यों में इससे
अधिक एक्सपोजर मनुष्य द्वारा निर्मित यंत्रों द्वारा ही होता है।
एक्सपोजर दो तरह से हो
सकता है --धीरे धीरे लम्बे समय तक जैसे किसी लैब या प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों में । या फिर अचानक अधिक मात्रा में जो किसी दुर्घटना की वज़ह से हो सकता है।
क्रोनिक एक्सपोजर :विकिरण हमारे शरीर की कोशिकाओं पर प्रभाव डालता है । इसका सबसे ज्यादा असर डी एन ए पर पड़ता है जिससे उनमे म्यूटेशन हो जाता है । इसकी वज़ह से
कैंसर , ल्यूकेमिया जैसी बीमारियाँ हो सकती हैं ।
आकस्मिक प्रभाव :इसे
रेडिएशन सिकनेस कहते हैं। और इसका प्रभाव विकिरण की मात्रा पर निर्भर करता है।
विकिरण दुर्घटना हो सकती है किसी न्यूक्लियर प्लांट में रिसाव या विस्फोट से , या फिर किसी रेडियो एक्टिव सोर्स के गायब होने से । क्योंकि आम तौर पर इन्हें लेड शील्ड्स में छुपाकर रखा जाता है , जिससे इनका प्रभाव वायु में न फ़ैल सके । लेकिन यदि शील्ड से बाहर निकाल दिया तो इससे निकलने वाली किरणे शरीर में प्रविष्ट होकर टिस्युज को हानि पहुंचा सकती हैं।
अचानक हुए एक्सपोजर से कुछ इस तरह प्रभाव पड़ता है :
कम मात्रा में एक्सपोजर : (२५-१५० cGy)सबसे पहले त्वचा लाल हो जाती है । फिर बुखार , उल्टियाँ , कमजोरी । क्रैम्पस और दस्त लग जाते हैं । करीब ३ हफ्ते बाद पीलिया हो सकता है और बाल झड़ने लगते हैं । इतने एक्सपोजर से अक्सर पूर्णतया स्वस्थ होने की सम्भावना काफी ज्यादा
होती है ।
१५०-४०० cGyअधिक एक्सपोजर होने से उपरोक्त लक्षणों के अलावा खून पर असर पड़ने लगता है । जिससे खून की कमी , लाल निशान , मूंह में छाले , थकावट , हाई बी पी , बाल झड़ना और संक्रमण होने लगता है। ३५० से अधिक एक्सपोजर से खून बहने की वज़ह से मौत भी हो सकती है।
४००-८०० cGyअत्यधिक एक्सपोजर से उपरोक्त बीमारियों के अलावा आंतें भी सड़ने लगती हैं , जिससे दस्त , डिहाइड्रेशन , भूख न लगना , और ब्लीडिंग हो सकती है। उलटी में भी खून आने लगती है।
१००० cGyइतने ज्यादा एक्सपोजर से सीधे दिमाग पर असर पड़ता है जिससे कोमा , कन्वल्जंस और मौत भी हो सकती है।
सांस रुकने लगती है , बी पी कम हो जाता है और मरीज़ शॉक में चला जाता है । मृत्यु निश्चित है।
लेट इफेक्ट्स :स्त्री पुरुष दोनों में प्रजनन की क्षमता ख़त्म हो सकती है ।
त्वचा में फाइब्रोसिस , सूखापन और दाग पड़ सकते हैं।
आँख में मोतिया।
न्युमोनिया और लंग फाइब्रोसिस --अक्सर ६ महीने बाद ।
गुर्दे --सूजन , हाई बी पी , --२-३ साल बाद ।
लीवर -- हेपेटाइटिस कई साल के बाद ।
थायराइड --हॉर्मोन की कमी।
इसके अलावा कैंसर , ल्यूकीमिया और जेनेटिक डेफेक्ट्स (त्रुटियाँ ) होने की सम्भावना बढ़ जाती है।कुल मिलाकर विकिरण शरीर के हर एक अंग को प्रभावित करता है ।
बचने के उपाय क्या हैं ?विकिरण संस्थान में काम करने वालों को विकिरण से बचाव के सभी नियमों का पालन करना चाहिए । रेडियेशन सोर्स को भली भांति लेड कंटेनर्स में रखना और ट्रांसपोर्ट करना चाहिए ।
डिस्पोज करने के लिए बताये गए तरीके से ही डिस्पोज करना चाहिए ।
यदि एक्सपोजर हो जाये तो क्या इलाज है ?विकिरण का कोई प्रतिरोधक (एन्तिदोत) नहीं होता । इसलिए इसका कोई इलाज भी नहीं है । एक्सपोज्ड आदमी को तुरंत वहां से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराना चाहिए ।
इलाज में सिम्टोमैतिक और सपोर्टिव दवा ही दी जाती है। आई वी फ्लुइड्स , उलटी बुखार की दवा , विटामिन्स , और ज़रुरत पड़ने पर ऑक्सीजन ।
बाकी तो भगवान भरोसे ही होता है ।
एक आम आदमी का क्या कर्तव्य है ?जहाँ तक हो सके , विकिरण क्षेत्र से दूर रहें या यथोचित दूरी पर रहें ।
किसी भी अनजान वस्तु जिसे आप पहचान नहीं पा रहे , उसे न छुएँ ।
संदेह होने पर सम्बंधित अधिकारी को सूचित करें।
याद रखें --अनजान रस्ते पर चलते समय लापरवाही नहीं , सावधानी बरतने से आप सुरक्षित रह सकते हैं।
नोट : एक लेख में सभी कुछ लिखना संभव नहीं । इसलिए यदि आपका कोई सवाल हो तो आप बेझिझक पूछ सकते हैं । आपके सवाल का ज़वाब देने का भरपूर प्रयास किया जायेगा।