top hindi blogs
Showing posts with label शहतूत. Show all posts
Showing posts with label शहतूत. Show all posts

Wednesday, April 6, 2011

आखिर कब तक देश का बचपन भूखा रहेगा ?

अस्पताल के आपातकालीन विभाग के द्वार के बाहर शहतूत का एक पेड़ है । आजकल यह पेड़ पके शहतूत से लदा पड़ा है । छोटे आकार के हलके और गहरे चॉकलेट ब्राउन रंग के शहतूत देखकर ही मूंह में पानी आ जाता है ।

अक्सर वहां से गुजरते हुए इस पेड़ पर नज़र पड़ते ही अपने बचपन के दिन याद आ जाते हैं जब गाँव में नीम की पकी निम्बोली तोड़ तोड़ कर खाते थे । माइक्रो साइज़ के आम जैसी पकी निम्बोली बड़ी रसीली होती थी ।

याद आते हैं वो कंटीली झाड़ियों सी बेरी के बेर --छोटे छोटे लेकिन बेहद स्वाद ।

और वो जंगली झाड़ियाँ जिनमे गोल गोल छोटी छोटी जामुन जैसी --पलपोटन लगी होती थी ।
कितने मज़े से तोड़ तोड़ कर खाते थे ।

अब चाहकर भी पके शहतूत तोड़ नहीं सकते । आखिर बड़े हो गए हैं भाई , शायद बड़े आदमी ।
शहरी , सभ्य , सुशिक्षित !
आखिर मर्यादा भी तो कोई चीज़ होती है ।

रसीले शहतूत हवा के झोंके के साथ ज़मीन पर टपकने लगते हैं ।
कभी कभी ज्यादा पकने पर बिना झोंके के भी अपना स्थान छोड़ पृथ्वी पर अवतरित हो जाते हैं ।
और लीन हो जाते हैं माटी में अपना वज़ूद भूलकर ।
रौंद दिए जाते हैं , आने जाने वालों के पैरों तले ।

शायद यह शहतूत के पेड़ का ही कसूर है --वह क्यों उपजा इस सभ्य सुशिक्षित समाज में ।
ज़मीन पर शहतूत बेजान से पड़े हैं-- लहू लुहान !
लेकिन इनका लहू लाल नहीं है । काली हो गई है सारी ज़मीन ।


लेकिन यह छोटा बच्चा छोटा ही है । न पढ़ा लिखा , न सभ्य समाज का नागरिक । परन्तु यह कर क्या रहा है ?

अरे यह तो शहतूत इक्कट्ठे कर रहा है चुन चुन कर ।

सोचता हूँ वह उनका क्या करेगा ।

हाईवे पर अक्सर बच्चों को जामुन बेचते देखा है --पांच या दस रूपये में एक डोंगा भरकर ।
ऐसे ही इकठ्ठा करते हैं और खुद खाने की बजाय बेच देते हैं उनको बच्चे ।

क्या यह बच्चा भी---?

आखिर कब तक देश का बचपन भूखा रहेगा ?
कब तक ? ?