top hindi blogs

Wednesday, November 23, 2011

दिल्ली में आयोजित हुआ --काईट फेस्टिवल --एक झलक .



नई
दिल्ली की शताब्दी मनाने के लिए आजकल दिल्ली में तरह तरह के समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं । कहीं कव्वाली , तो कहीं संगीत और कहीं नृत्य के कार्यक्रम ।

पिछले रविवार को इण्डिया गेट पर आयोजित किया गया --काईट फेस्टिवल जिसमे विभिन्न प्रकार की पतंगों की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया ।

प्रस्तुत हैं इस शाम की कुछ झलकियाँ :

इण्डिया गेट जहाँ हम पहुंचे शाम होने पर । तब तक प्रतियोगिता तो ख़त्म हो चुकी थी लेकिन शाम रंगीन हो चली थी ।


काईट फेस्टिवल का आयोजन किया दिल्ली टूरिज्म ने ।



एक पेड़ पर टंगी थी अनेक चरखियां । पृष्ठभूमि में इण्डिया गेट रौशनी में नहाया हुआ ।



दूसरे एंगल से । पृष्ठभूमि में बस नीला आसमान ।


एक स्टाल पर पर्दर्शित रंग बिरंगी पतंगें ।



रात में पतंगों की यह लड़ी आकर्षण का केंद्र बनी ।



यह चाटवाला भी फेस्टिवल का आनंद ले रहा था । श्रीमती जी को यह चाट बहुत पसंद है , विशेषकर खट्टी खट्टी अमरक के साथ ।


खाने का विशेष प्रबंध भी था , एक मशहूर केटरर द्वारा ।

ऐसे में हम तो भल्ला पापड़ी और मेडम आलू टिक्की ही पसंद करती हैं ।



इस बीच इण्डिया गेट की पृष्ठभूमि में बने मंच पर रंगारंग कार्यक्रम चल रहे थे ।
पहले जादूगर ने जादू दिखाया ।
फिर शुरू हुआ पंजाबी अकादमी के कलाकारों द्वारा भांगड़ा और गीत संगीत ।
पंजाबी गानों की धुनों पर स्वयं ही श्रोताओं के पैर थिरकने लगते हैं ।
साथ में लेज़र शो भी समारोह में चार चाँद लगा रहा था ।




मंच को बड़ी बड़ी रंग बिरंगी पतंगों से सजाया गया था ।



उधर मैदान में अभी भी कुछ शौक़ीन अँधेरे में भी पतंग उड़ा रहे थे ।



कार्यक्रम के अंत में बाहर आइसक्रीम वालों की कतार लगी थी । लेकिन खाकर ऐसा लगा जैसे आइसक्रीम नकली हो ।



पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का भी पूरा प्रबंध था । इसलिए सब बेख़ौफ़ इण्डिया गेट पर रात देर तक पिकनिक मना रहे थे ।

ज़ाहिर है , यूँ ही नहीं दिल्ली देश का दिल है ।

नोट : काईट फेस्टिवल की कुछ और तस्वीरें चित्रकथा पर देखिये ।

Link

Monday, November 21, 2011

दिल्ली में विकास का एक उदाहरण --

इस वर्ष हम नई दिल्ली की शताब्दी मना रहे हैं । नई दिल्ली का निर्माण कार्य १९११ में आरम्भ हुआ था । वैसे तो दिल्ली का इतिहास ५००० साल से भी ज्यादा पुराना है । पांडवों से लेकर मुग़ल सल्तनत और फिर अंग्रेजों के आधीन रहकर दिल्ली ने बहुत उतार चढाव देखे हैं ।

लेकिन आज जहाँ एक ओर पुरानी दिल्ली और कई पुरातत्व स्मारक हमारे इतिहास की धरोहर हैं , वहीँ आधुनिक विकास में भी दिल्ली ने अभूतपूर्व और अतुल्य उन्नति की है ।

प्रस्तुत है , इस कड़ी में पहली किस्त :

मनुष्य की प्रकृति रही है कि वह अपनी ज़रुरत पूरी करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहा है ।
लेकिन जो पहले ज़रुरत होती है , वह बाद में आदत बन जाती है और अंत में लत बनकर मनुष्य को अपने वश में कर लेती है ।

अब देखिये , सुबह उठते ही अख़बार के साथ चाय की लत , शाम को टी वी देखने की लत और एक ब्लोगर के लिए समय मिलते ही कंप्यूटर की लत ।

कंप्यूटर भी बिना इंटरनेट के ऐसा हो जाता है जैसे बिना पेट्रोल के गाड़ी ।

अभी पिछले दिनों कुछ ऐसा ही हुआ हमारे साथ । हुआ यूँ कि पिछले महीने हमारा टेलीफोन का बिल नहीं मिल पाया । दीवाली की वज़ह से हमें भी ख्याल नहीं आया । पता तब चला जब एक दिन पाया कि फोन डेड पड़ा है । वैसे भी लेंड लाइन पर निर्भरता अब बिलकुल ही ख़त्म हो गई है ।

लेकिन असली शॉक तो तब लगा जब देखा कि उससे जुड़ा नेट कनेक्शन भी डेड हो गया है ।

अब सोचिये एक ब्लोगर के लिए इससे बड़ा शॉक और क्या हो सकता है ।
खैर , पता चलते ही हमने फ़ौरन डुप्लीकेट बिल बनवाया । लेकिन इत्तेफाक से जमा करने में कई दिन लग गए ।
आखिर किसी तरह समय निकालकर चेक जमा कर ही दिया ।

वैसे भी यहाँ बिल जमा करना भी हमारे लिए तो एक उपलब्धि जैसा ही लगता है ।

और फिर लगे इंतजार करने कनेक्शन रीकनेक्ट होने का । डर तो यही था कि चेक दो दिन में क्लियर होगा , फिर एक सप्ताह बाद जाकर कनेक्शन शुरू होगा ।

वैसे भी जिस फोन के बिल पर पता अंग्रेजी में लिखा हो --PPGIP EXT ( पतपरगंज आई पी एक्सटेंशन ) और उसका हिंदी में अनुवाद हो --पप्गिप एक्सटेंशन और तारीफ सिंह का अनुवाद टैरिफ सिंह हो , उनसे और उम्मीद भी क्या की जा सकती है ।

जिस दिन चेक जमा किया , हमने श्रीमती जी को अपनी दुविधा बताई तो वो बोली -अरे आपको कैश जमा करना चाहिए था । तब जल्दी शुरू हो जाता ।

बहुत अफ़सोस हो रहा था कि अब वीक एंड पर बहुत बोर होना पड़ेगा , बिना ब्लोगिंग के । आखिर लत जो पड़ गई है ।

लेकिन फिर दिल नहीं माना और आशा के विपरीत मन में आस लिए हमने नेट खोल ही लिया ।
और यह क्या , नेट तो चालू था । यानि चेक जमा करने के ४-५ घंटे के अन्दर फोन और नेट दोनों चालू हो गए थे ।

हम हैरान रह गए , टेलीफोन विभाग की तत्परता देखकर ।
पहली बार हमें भी विश्वास हुआ कि समय बदल गया है ।
सचमुच विकास जोरों पर है ।


एम् टी एन एल की इस उपलब्धि पर मैं इस विभाग को और दिल्ली वालों को बधाई देता हूँ ।
अब तो हम भी कह सकते हैं --दिल्ली है मेरी जान , दिल्ली है मेरी शान ।


नोट : शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में दिल्ली में अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं । हमसे जुड़े रहिये , आपको घर बैठे दिल्ली दर्शन कराते रहेंगे ।

Thursday, November 17, 2011

जब से मशहूर हो गया हूँ ---


कभी कभी सोचता हूँ , एक आम आदमी होना कितना अच्छा है । यूँ तो हम भी भारत सरकार के एक बड़े अफसर हैं । लेकिन निश्चित ही रोजमर्रा की जिंदगी में तो एक आम आदमी ही हैं । इसीलिए जहाँ जी चाहे जा सकते हैं , जो जी चाहे कर सकते हैं । भीड़ में खड़े होकर तमाशा देख सकते हैं । मॉल घूम सकते हैं । पार्क की सैर कर सकते हैं , सब बिना रोक टोक ।

लेकिन जो सेलेब्रिटी बन जाते हैं, चाहे वो टी वी कलाकार हों या फ़िल्मी हस्तियाँ या फिर बड़े नेता जी --क्या वे घूम सकते हैं अपने ही स्वतंत्र देश में स्वछंदता से ।


कैसा लगता होगा उनको यूँ अपनी ही छवि में कैद होकर रहना । अब यह तो वही बता सकते हैं या फिर कभी हम भी सेलेब्रिटी बने तो पता चलेगा । लेकिन यह इस जीवन में तो संभव नहीं लगता । इसके लिए तो दोबारा ही जन्म लेना पड़ेगा ।


फिर भी कल्पना करने की कोशिश तो कर ही सकते हैं ।


और कल्पना करने पर देखिये कुछ इस तरह समझ आया :


अपनों से दूर हो गया हूँ
जब से मशहूर हो गया हूँ ।

करते हैं सब यही शिकायत
मैं अब मग़रूर हो गया हूँ ।

देते इसका ज़वाब खुदी को
थक कर अब चूर हो गया हूँ ।

बचने को भीड़ से कहीं भी
अब तो मजबूर हो गया हूँ ।

लगता है यूँ मुझे, सुखों से
सच में अब दूर हो गया हूँ ।

फीकी "तारीफ" ये हंसी है
ग़म से भरपूर हो गया हूँ ।

नोट : इस चमक धमक के पीछे कितना एकाकीपन , कितनी असुरक्षा की भावना और कितने ग़म छुपे रहते हैं , यह शायद किसी को पता नहीं चलता होगा ।
भई हम तो आम आदमी ही अच्छे ।

Monday, November 14, 2011

एक शानदार व्यक्तित्त्व का शानदार जीवन सफ़र --

आज उन्हें इस मृत्युलोक से प्रस्थान किये हुए एक वर्ष पूरा हो गया है । लेकिन आज भी विश्वास नहीं होता कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं ।
फोन की घंटी बजते ही कभी कभी लगता है कि अभी डांट पड़ेगी --अरै कहाँ रहते हो ? कई दिन से न कोई फोन , न कोई बात ! बहुत बिज़ी हो गए !

जिंदगी का सफ़र कितना ही शानदार क्यों न हो , एक दिन रुक ही जाता है । पूरी जिंदगी में उन्हें कभी बीमार नहीं देखा , लेकिन जीवन के अंतिम वर्ष में ऐसे बीमार हुए कि कोई भी कुछ नहीं कर सकता था ।

अंतत: काल के आगे जीवन हार जाता है ।

प्रस्तुत है , पिताश्री की पुण्य तिथि पर एक चित्रमयी श्रधांजलि :

ज़वानी के दिनों में जब चेहरे पर काल की लकीरें नहीं होती ।
ज़ाहिर है , बहुत हैंडसम थे ।
हमारे ताउजी उनसे भी ज्यादा और दादाजी ताउजी से भी ज्यादा हैंडसम थे ।


अपने कार्यकाल में सारे देश में सरकारी कार्य से जाना होता रहता था । इसी बहाने अंडमान निकोबार भी घूम आए । यह फोटो सेवा निवृति के बाद का है । सेवा निवृति के बाद भी ६ साल तक ऑफिस ने उन्हें नहीं छोड़ा । यह उनकी कार्य के प्रति निष्ठां और कर्तव्य परायणता का ही परिणाम था ।


पोर्ट ब्लेयर में ।


एक जीवंत व्यक्तित्त्व के स्वामी थे । गाने का बड़ा शौक था । बचपन से उन्हें सुनते आए थे । जब भी कोई प्रोग्राम होता , ऑफिस में या घर में , या समाज में --उनका गाना अवश्य होता था ।

हमारे सामने तो भजन ही गाते थे । लेकिन ज़वानी में हरियाणवी रागनी ( रोमांटिक गीत ) भी खूब गाई होंगी ।
एक फॅमिली फंक्शन में फ़िल्मी गानों में बस एक ही गाना सुना था --अब हम न मिल सकेंगे , तुम मुझको भूल जाओ ।
इस पर सबसे छोटी पोती ने सुनाया --दिल के टुकड़े हज़ार हुए , कोई यहाँ गिरा , कोई वहां गिरा ।
इस पर सब खूब जमकर हँसे ।


ऑफिस के एक कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा के साथ गाते हुए ।
गा तो हम भी लेते हैं , लेकिन ऑर्केस्ट्रा के साथ कभी नहीं गया ।


३१ दिसंबर १९८९ को सेवा निवृत हुए ।
इससे पहले उन्हें एक प्रोजेक्ट को बंध कर ऑफिस की सारी प्रोपर्टी को डिस्पोज करना था । उन्होंने एक एक पैसे का हिसाब कर सारा काम ईमानदारी से निपटा दिया । अंत में ६४ रूपये १२ आने बचे रह गए जिसे डायरेक्टर ने बतौर ईनाम उन्हें दे दिया ।

यह उनके लिए सबसे बड़ा ईनाम था ।

सेवा निवृति के अवसर पर बोलते हुए ।

पैदल चलना और घूमना उनका सबसे बड़ा शौक था ।

मित्र मण्डली के साथ --प्रभात फेरी पर ।

सेवा निवृति के बाद , सामाजिक कार्यों में उनका बड़ा योगदान रहा ।

क्षेत्रीय विधायक के साथ वृक्ष आरोपण करते हुए ।


१२ दिसंबर २००९ को हमने उनका आखिरी जन्मदिन मनाया ।

इस अवसर पर सारा परिवार एकत्रित था और बच्चों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया ।


आज भले ही वो हमारे बीच मौजूद न हों , लेकिन उनका यह मुस्कराता चेहरा सदा हमें प्रेरणा देता हुआ हमारा मार्गदर्शन करता रहता है ।

अभी भी जब मैं यह पोस्ट लिख रहा हूँ , मेरी बायीं ओर की दिवार पर उनका यह फोटो टंगा हुआ मानो मुझे ही देख रहा है ।

ऐसे व्यक्ति दुनिया में निश्चित ही कम ही होते हैं , यह मेरा निष्पक्ष रूप से मानना है ।

Thursday, November 10, 2011

दिल्ली है मेरी जान---क्या आपकी नहीं ?

बचपन में गाँव में कभी बैलगाड़ी में बैठने का अवसर मिलता तो बड़ी ख़ुशी होती । थोड़े बड़े हुए और साईकल चलाना सीखा तो मज़ा आ गया । दादाजी साईकल हमेशा नई रखते थे । ट्रेन भी तभी दिखाई देती जब अपने फौजी ताऊ जी को छुट्टियाँ काटने के बाद स्टेशन छोड़ने जाते ।

फिर शहर में आ गए और डी टी सी की बसों में सफ़र करने लगे । उन दिनों कारें तो बहुत कम ही होती थी, बस एम्बेसडर और फिएट । या फिर स्कूटर- लम्ब्रेटा ।

वक्त बदल गया । हम भी बदल गए । आज सोचता हूँ तो पाता हूँ कि ट्रेन में सफ़र क़रीब दस साल पहले किया था । और बस में तो पंद्रह साल पहले ।

अब दिल्ली से बाहर कहीं जाना होता है तो या तो अपनी कार से जाते हैं या फिर हवाई ज़हाज़ से ।
शायद बड़े हो गए हैं ।

बहुत दिल करता है कि बस में बैठकर खेतों के नज़ारे देखते हुए दूर कहीं जाया जाए ।

लेकिन अभी दिल्ली के एक बहुत व्यस्त बस अड्डे पर जाना हुआ तो वहां की हालत देखकर मन खिन्न हो गया ।

यह अंतर्राजीय बस अड्डा रोज लाखों लोगों के पद चिन्हों का साक्षी रहता है । इसमें प्रवेश एक बहुत चौड़ी सड़क से होकर होता है । लेकिन प्रवेश द्वार के बाहर सड़क पर कुछ ऐसा नज़ारा दिखता है :-


यहाँ न तो बारिस हुई है , न ही कोई नल फटा है । यह शहर का सबसे बड़ा खुली हवा वाला मूत्रालय ( ओपन एयर यूरिनल) है ।


प्रवेश द्वार से अन्दर जाने के लिए सुन्दर पगडण्डी बनी है । लेकिन पूरे रास्ते यही दृश्य देखने को मिलेगा ।

इसे देखकर यही लगता है कि लोग कैसे खुले में , आम रास्ते में खड़े होकर या बैठकर या कोई और तरीके से मूत्र वित्सर्जन करते होंगे ।

शर्म न देखने वाले को आती होगी , न दिखाने वाले को ।

खैर किसी तरह आप बस अड्डे के अन्दर पहुँच भी जाएँ तो आपके स्वागत में कुछ ऐसा नज़ारा मिलेगा ।

आखिर सर्वजन हिताय बस सेवा है भाई । सब को पूरी छूट है यहाँ । जहाँ चाहो , वहीँ कुछ भी डाल दो ।

अब सवाल पैदा होता है कि कौन है जिम्मेदार इस हालत के लिए ।
ज़ाहिर है दिल्ली वाले तो नहीं ।
क्योंकि यहाँ पर आवागमन तो दिल्ली से बाहर वालों का ही होता है ।

ज़रा सोचिये , जब आप दिल्ली में आकर बस ही गए हैं , और अपनी रोज़ी रोटी कमा रहे हैं , तो इसे स्वच्छ रखना क्या आपका नैतिक धर्म नहीं है !