top hindi blogs
Showing posts with label सेलेब्रिटी. Show all posts
Showing posts with label सेलेब्रिटी. Show all posts

Thursday, November 17, 2011

जब से मशहूर हो गया हूँ ---


कभी कभी सोचता हूँ , एक आम आदमी होना कितना अच्छा है । यूँ तो हम भी भारत सरकार के एक बड़े अफसर हैं । लेकिन निश्चित ही रोजमर्रा की जिंदगी में तो एक आम आदमी ही हैं । इसीलिए जहाँ जी चाहे जा सकते हैं , जो जी चाहे कर सकते हैं । भीड़ में खड़े होकर तमाशा देख सकते हैं । मॉल घूम सकते हैं । पार्क की सैर कर सकते हैं , सब बिना रोक टोक ।

लेकिन जो सेलेब्रिटी बन जाते हैं, चाहे वो टी वी कलाकार हों या फ़िल्मी हस्तियाँ या फिर बड़े नेता जी --क्या वे घूम सकते हैं अपने ही स्वतंत्र देश में स्वछंदता से ।


कैसा लगता होगा उनको यूँ अपनी ही छवि में कैद होकर रहना । अब यह तो वही बता सकते हैं या फिर कभी हम भी सेलेब्रिटी बने तो पता चलेगा । लेकिन यह इस जीवन में तो संभव नहीं लगता । इसके लिए तो दोबारा ही जन्म लेना पड़ेगा ।


फिर भी कल्पना करने की कोशिश तो कर ही सकते हैं ।


और कल्पना करने पर देखिये कुछ इस तरह समझ आया :


अपनों से दूर हो गया हूँ
जब से मशहूर हो गया हूँ ।

करते हैं सब यही शिकायत
मैं अब मग़रूर हो गया हूँ ।

देते इसका ज़वाब खुदी को
थक कर अब चूर हो गया हूँ ।

बचने को भीड़ से कहीं भी
अब तो मजबूर हो गया हूँ ।

लगता है यूँ मुझे, सुखों से
सच में अब दूर हो गया हूँ ।

फीकी "तारीफ" ये हंसी है
ग़म से भरपूर हो गया हूँ ।

नोट : इस चमक धमक के पीछे कितना एकाकीपन , कितनी असुरक्षा की भावना और कितने ग़म छुपे रहते हैं , यह शायद किसी को पता नहीं चलता होगा ।
भई हम तो आम आदमी ही अच्छे ।