सरकारी नौकरी का एक फायदा तो है कि आप जब चाहो , छुट्टियाँ ले सकते हो। हमने भी गर्मियों में बाहर जाने के ख्याल से १५ दिन का अर्जित अवकाश ले लिया । सोचा था कि इस बार कुछ दिन के लिए शिमला के पास चैल ही हो आते हैं । वहां अपने एक दोस्त का होटल है जिसमे डिस्काउंट भी मिल जाता है ।
लेकिन जो सोचा , वही हो , यह ज़रूरी नहीं । हुआ भी कुछ ऐसा ही । अचानक पिता जी की तबियत खराब हुई और उन्हें एक बड़े प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा । अब एक सप्ताह के लिए हम सब व्यस्त हो गए । हालाँकि अब ठीक हैं और छुट्टी कर घर आ चुके हैं ।
लेकिन इस एक सप्ताह में कुछ अलग ही अनुभव हुए , जो आपके साथ बांटता हूँ ।
बीमारी में सबसे ज्यादा मुश्किल होती है , रोगी के रिश्तेदारों की । विशेष तौर पर उनको जिन्हें अस्पताल में रहना पड़े , दिन रात । अब रोगी को तो भर्ती कर दिया जाता है , आइ सी यू या सी सी यू में , जहाँ दिन रात नर्सें उनकी देखभाल करती रहती हैं ।
और रिश्तेदार बैठे रहते हैं बाहर बेंच पर , दिन रात । यह सिलसिला तब तक चलता रहता है जब तक मरीज़ को जेनरल वार्ड में नहीं भेज दिया जाता । अब यदि आपको प्राइवेट रूम मिला है तो आप के लिए भी सोने का इंतजाम हो जायेगा । वर्ना वहां भी ज़मीन पर लेट लगाओ।
लेकिन मुझे लगता है कि एक अटेंडेंट के रूप में एक डॉक्टर की हालत सबसे दयनीय होती है । अब जो नॉन मेडिकल रिश्तेदार होते हैं , वे तो डॉक्टर से बात करके संतुष्ट हो जाते हैं । डॉक्टर ने कहा है कि सब टेस्ट भेज दिए हैं , शाम तक रिपोर्ट आ जाएगी । चिंता की कोई बात नहीं है ---वगैरा वगैरा ।
लेकिन एक डॉक्टर को तो पता होता है कि किस टेस्ट का क्या मतलब है । यदि पोजिटिव आया तो क्या परिणाम हो सकता है । वो बेचारा तो चिंता में घुला रहता है जब तक सब कुछ ठीक ठाक नहीं हो जाता ।
सच बड़ा मुश्किल होता है एक डॉक्टर के लिए मरीज़ का रिश्तेदार होना ।
खैर हम भी पहले दिन सी सी यू के बाहर बेंच पर बैठे रहे । खाली , कोई काम नहीं । लेकिन रहना भी ज़रूरी था ।
बैठे बैठे आते जाते लोगों को देखते रहे । और कर भी क्या सकते थे । लोगों की बातें भी सुनते रहे । अलग अलग किस्म के लोग । सबकी अलग अलग समस्याएँ । सबकी अलग अलग प्रतिक्रियाएं ।
सुनकर बड़ा अजीब लग रहा था । मरीजों के रिश्तेदारों के बीच बैठकर और उनकी बातें सुनकर ऐसा महसूस हो रहा था जैसे ऊपर वाला अपना धाम छोड़कर पृथ्वी पर उतर आया हो , जनता से ये जानने के लिए कि लोग उनके बारे में क्या सोचते हैं । या फिर ऐसा जैसे कोई राजा भेष बदलकर प्रजा के बीच घूम रहा हो उनकी बातें सुनते हुए ।
इस अनुभव को शब्दों में बयाँ करना बड़ा कठिन है । एक आम आदमी के लिए कितना कठिन हो सकता है , जीवन मृत्यु के बारे में निर्णय लेना । कभी कभी ऐसा लगता था कि मैं किसी को कुछ सलाह दे डालूं । लेकिन फिर यही लगता कि बिन मांगे सलाह देना भी कोई उचित बात नहीं । वैसे भी ये फैसले आप खुद ही लें तो बेहतर है ।
खैर , कहते है कि खाली दिमाग शैतान का घर । लेकिन एक कवि का दिमाग भला कहाँ खाली रह सकता है । तो भई खाली बैठे बैठे हमने भी सोचा कि क्यों न इन्ही हालातों पर एक कविता लिख दी जाये । वो भी हास्य व्यंग कविता । आखिर कुछ नज़ारे तो वास्तव में ही बड़े हास्यस्पद लग रहे थे ।
आप भी सोच रहे होंगे कि भला अस्पताल में हास्यस्पद हालात कैसे बन सकते हैं । अब यह तो हमारी कविता पढ़कर ही पता चलेगा ।
तो इंतज़ार कीजिये अगली पोस्ट का ।
Showing posts with label रिश्तेदार. Show all posts
Showing posts with label रिश्तेदार. Show all posts
Sunday, June 27, 2010
Subscribe to:
Posts (Atom)

