बचपन में शेर की कहानियां सुनने का बड़ा शौक था । जब भी ताउजी फ़ौज से छुट्टी आते, मेरी एक ही जिद होती , शेर की कहानी सुनने की ।
आज बरसों बाद जब अपने पसंदीदा टी वी चैनल डिस्कवरी पर जंगलों में विचरते शेर , बाघ , चीते आदि देखता हूँ , तो बहुत रोमांचित हो उठता हूँ ।
मन ही मन धन्यवाद भी करता हूँ उस वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर का जो महीनों या साल भर जंगल में रहकर जंगली जानवरों के व्यवहार का अध्ययन करता है और उनकी जीवनी पर फिल्म बनाता है, जिसे हम अपने ड्राइंग रूम के आराम में बैठकर एक घंटे में देख कर प्रफुल्लित होते हैं ।
इन फिल्मों को देखकर मुझे अक्सर वह कहावत याद आ जाती है--मैन इज ए सोशल एनीमल ( मनुष्य एक सामाजिक जानवर है )।
सोचने पर मजबूर हो जाता हूँ कि क्या मनुष्य को जानवर कहना उचित है ।
आइये देखते हैं जंगली जानवरों और मनुष्य के व्यवहार में समानताएं और भिन्नताएं ।
१) हाथी : जंगल का सबसे बड़ा जानवर :
हाथी प्राय: झुण्ड में रहते हैं । एक झुण्ड में बीसियों हाथी --नर और मादाएं तथा बच्चे --सब मिलकर रहते हैं । सभी हाथी मिलकर झुण्ड के बच्चों की रखवाली करते हैं ।
फोटो नेट सेलेकिन सबसे भारी और शक्तिशाली होने के बावजूद हाथी कभी कभी शेरों के शिकार बन जाते हैं ।
कभी कोई हाथी उदंडता से व्यवहार करने लगे तो उसे झुण्ड से निकाल दिया जाता है । झुण्ड से निकला अकेला हाथी पागल जैसा हो जाता है जो बड़ा उत्पाद मचाता है और मनुष्यों को हानि पहुंचा सकता है ।
२) जंगली भैंसे --दूसरे भारी जानवर :
भैंसे सैंकड़ों और हजारों की संख्या में झुण्ड बना कर रहते हैं । बड़े और शक्तिशाली नर भैंसे झुण्ड के रक्षक होते हैं और मिलकर दुश्मन का मुकाबला करते हैं । बच्चों की सुरक्षा का जिम्मा मादा पर होता है लेकिन समय पर सब एक होकर खड़े हो जाते हैं ।
ये भी कभी कभी मांसाहारियों के शिकार बन जाते हैं , विशेषकर बीमार , बूढ़े या झुण्ड से अलग हुए बच्चे ।
३) शेर --जंगल का राजा :
ये भी समूह बनाकर रहते हैं । लेकिन शेरों के झुण्ड में सभी मादाएं होती हैं , साथ में बच्चे । नर एक ही होता है जो झुण्ड का सरदार होता है । यह बबर शेर शानदार , शक्तिशाली और सर्व शक्तिमान होता है । इसका काम केवल मादाओं को गर्भवती करना होता है । इसका समूह की सभी शेरनियों पर आधिपत्य होता है । कोई दूसरा शेर समूह पर तभी कब्ज़ा कर सकता है जब सरदार बूढा हो जाए और उसमे लड़ कर जीतने की क्षमता न रहे ।
शेरों के समूह में शिकार का काम अक्सर मादाएं ही करती हैं जो मिलकर शिकार करती हैं । लेकिन शिकार मिलने के बाद खाने का हक़ पहले सरदार को ही होता है । उसके बाद ही बाकि खा सकते हैं ।
शेरों का नया सरदार आते ही पहले समूह के बच्चों को मार देता है जिससे कि वह शेरनियों से अपनी स्वयं की संतान पैदा कर सके ।
४) बिग कैट्स --बाघ , चीता , तेंदुआ :
इनके व्यवहार में अंतर होता है । इनमे नर मादा के पास अक्सर प्रजनन के समय ही आता है और गर्भवती होने के बाद छोड़कर चला जाता है । इसके बाद बच्चे पैदा होने से लेकर उनका पालन पोषण और सुरक्षा की जिम्मेदारी मादा की ही रह जाती है ।
इनके बच्चों को न सिर्फ दूसरे परभक्षियों बल्कि अपनी प्रजाति के दूसरे नरों से भी खतरा होता है ।
मादा बच्चों को खाना खिलाती है , उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखती है और तब तक उनकी देखभाल करती है जब तक वे खुद शिकार करना नहीं सीख जाते । यह काम भी मादा ही करती है ।
बड़े होने पर एक दिन ये बच्चे मां को छोड़ स्वतंत्र रूप से अपनी जिंदगी बसर करने निकल पड़ते हैं ।
५) भेड़िये , जंगली कुत्ते और अन्य मांसाहारी तथा हिरन , जेबरा और अन्य शाकाहारी जानवर --ये सब भी प्राय बड़े समूहों में रहते हैं , मिलकर साथ चलते हैं और अपने झुण्ड से अलग नहीं होते ।
इन सब जानवरों में एक समानता है --सदियों से इनका व्यवहार एक जैसा ही है । जो जैसा है , वो वैसा ही है । समय के साथ इनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है ।
अब देखते हैं मानविक व्यवहार :
पृथ्वी पर मनुष्य ही एकमात्र प्राणी है जो सर्वाधिक विकसित और उन्नत है । अपने दिमाग का प्रयोग करते हुए उसने अपने लिए सुख के सभी संसाधन जुटा लिए हैं ।
बेशक मनुष्य विकास की कड़ी में जानवरों से ही विकसित हुआ है । लेकिन अब वह एक पूर्ण रूप से सामाजिक प्राणी बन चुका है ।
मनुष्य का परिवार होता है , खानदान होता है , जाति , धर्म और देश भी होता है।
मनुष्य भी अपने बच्चों का लालन पालन करने में व्यस्त रहता है । स्त्री पुरुष दोनों मिलकर घर चलाते हैं ।
सदियों से मनुष्य भी हाथी , भैंसे और अन्य शाकाहारी जानवरों की तरह रहता आया है । संयुक्त परिवार में रहते हुए समाज के नियमों का पालन करता आया है । बच्चों को संरक्षण और बड़ों को सम्मान मिलता आया है ।
लेकिन इक्कीसवीं सदी का मनुष्य बदल रहा है । अब वह बिग किट्स की तरह व्यवहार करने लगा है ।
लिव इन रिलेशनशिप रखने लगा है ।
छोटी छोटी बात पर तलाक लेने लगा है ।
बिन ब्याही किशोरी मां और बच्चे को पालती एकल मां को देखकर कैसा लगता है ?
अब बड़े होते ही बच्चे भी अपने रास्ते पर निकल जाते हैं ।
वृद्ध मात पिता की हालत उस शेर जैसी होती है जिसकी शक्ति क्षीण होने से उसका दबदबा ख़त्म हो जाता है ।
परिवार टूट जाते हैं । संयुक्त परिवार देखने को नहीं मिलते ।
शहर में लाखों लोग रहते हुए भी लोग अकेले होते हैं ।
इन्सान अब बदल गया है ।
सबसे उन्नत सामाजिक प्राणी का समाज बिखर सा गया है ।
क्या यही है विकास का इनाम ?
क्या हम शाकाहारी जानवरों से ही कुछ सीख पाएंगे ?

