top hindi blogs
Showing posts with label विपदा. Show all posts
Showing posts with label विपदा. Show all posts

Saturday, June 22, 2013

आधुनिक मनुष्य का पर्वतों पर हल्ला बोल अभियान स्वयं मनुष्य के लिए घातक सिद्ध हो रहा है----


हमारे देश में लोगों की धार्मिक आस्था उनके जीवन में बड़ा महत्त्व रखती है। इसी विश्वास के सहारे सभी उम्र के लोग अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए दुर्गम स्थानों पर बने मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की ओर सदैव अग्रसर रहते हैं। हिन्दुओं में विशेषकर चार धाम यात्रा का विशेष महत्त्व माना गया है। उत्तराखंड राज्य में स्थित यमनोत्री , गंगोत्री , केदारनाथ और बद्रीनाथ मिलकर चार धाम कहलाते हैं।

चारों धाम करीब ११००० फुट से ज्यादा की ऊँचाई पर बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच बने हैं। ये स्थान देश की दो मुख्य नदियों के उद्गम स्थल हैं। जहाँ उत्तरकाशी में यमनोत्री से यमुना का उद्गम होता है , वहीँ गंगोत्री से भागीरथी , केदारनाथ से मन्दाकिनी और बद्रीनाथ से अलकनंदा निकलती हैं जो अंतत: देवप्रयाग में मिलकर गंगा बन जाती हैं।

हर वर्ष हजारों लोग इन स्थानों की यात्रा के लिए जाते हैं। हालाँकि अधिकांश प्रौढ़ और बुजुर्ग लोग यहाँ सिर्फ श्रद्धा भावना से प्रेरित होकर तीर्थ यात्रा करने आते हैं, लेकिन युवा वर्ग अक्सर घूमने और एडवेंचर करने के लिए भी जाते हैं। ऊंचे पर्वतों पर कठिन सड़क यात्रा कर यहाँ पहुँचने के लिए बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ता है जो कभी कभी जान लेवा भी हो जाता है। फिर भी भक्तों और सैलानियों के उत्साह में कोई कमी नहीं होती क्योंकि यहाँ आकर जो अलौकिक दृश्य देखने को मिलते हैं और जिस स्वर्गिक अहसास की अनुभूति होती है , वह शब्दों में बयाँ करना असंभव सा है।

अभी हाल में हुई प्राकृतिक त्रासदी को देखकर हमें अपनी १९९० की दो धाम यात्रा याद आ गई जब हम तीन मित्र पौड़ी गढ़वाल से होकर केदारनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा कर सकुशल आये थे। दुर्गम रास्तों से होकर यह सड़क यात्रा वास्तव में बहुत रोमांचक लेकिन साहसपूर्ण होती है। सावधानी हटी नहीं कि दुर्घटना घटी। लेकिन कभी कभी पूर्ण सावधानी के बावजूद प्रकृति अपना प्रकोप दिखा देती है और मनुष्य असहाय हो जाता है। आइये देखते हैं , उन स्थानों को जहाँ आज हजारों यात्री या तो फंसे हुए हैं या दबे पड़े हैं :                   




देव प्रयाग :

यात्रा आरम्भ होती है हृषिकेश में मुनि की रेती से जहाँ से आपको यात्रा के लिए बस , टैक्सी या वैन किराये पर मिल जाती है। यहाँ से एक सड़क नरेन्द्र नगर की ओर जाती है जो अंतत : चंबा नामक शहर को जाती है जहाँ टिहरी डैम बना है। दायीं ओर की सड़क गंगा के साथ साथ ऊपर की ओर जाती है। करीब ६० किलोमीटर की दूरी पर है देव प्रयाग जहाँ गंगोत्री से आने वाली भागीरथी ( चित्र में बायीं ओर ) और अलकनंदा मिलकर गंगा बनती हैं। दोनों नदियों के संगम पर खड़े होकर देखें तो पानी का रंग और बहाव बिल्कुल अलग नज़र आता है।

देव प्रयाग के बाद सड़क अलकनंदा के साथ साथ चलती है। अधिकांश रूट पर सड़क पहाड़ को काट कर बनाई गई है और नदी सैकड़ों फुट नीचे बहती हुई बड़ी खतरनाक लगती है। इस रूट पर शाम ७ बजे के बाद गाड़ियों का आना जाना मना है। रास्ते में श्रीनगर नाम का क़स्बा आता है जो एक घाटी में बसा है। लेकिन इसके बाद फिर सड़क बेहद खतरनाक रास्तों से होकर रूद्रप्रयाग पहुंचती है जहाँ केदारनाथ से आने वाली मन्दाकिनी और अलकनंदा का संगम है। यहाँ से मन्दाकिनी के साथ आप पहुँच जायेंगे गौरीकुंड जो केदार के लिए अंतिम मोटरेबल रोड है। यहाँ से १४ किलोमीटर की ट्रेकिंग कर आप पहुंचेगे केदार नाथ मंदिर।



रास्ता यूँ तो काफी चौड़ा था लेकिन पथरीला और ऊबड़ खाबड़ था। बहुत से लोग घोड़े और खच्चर किराये पर लेकर सफ़र करते हैं जो सुविधाजनक कम और कष्टदायक ज्यादा होता है लेकिन पैदल चलने से बचाता है।



रास्ते में उस समय एक ही दुकान मिली थी जहाँ चाय और कुछ खाने का सामान मिला था।



और यह है केदार नाथ मंदिर जो ६ फुट ऊंचे चबूतरे पर बना है जिसकी वज़ह से मंदिर बाढ़ से बच पाया। मंदिर के दायें और बाएं अनेकों धर्मशालाएं बनी थी जो अपने अपने राज्यों या समर्थकों को बुलाकर रहने के लिए जगह देती थी । किराया कोई नहीं था लेकिन दान के लिए मनाही नहीं थी।

एक दिलचस्प बात यह थी कि चित्र में दायीं ओर एक १५ फुट ऊंचा बोर्ड लगा था जिस पर पूजा की विभिन्न किस्में और उनके रेट लिखे थे। सबसे नीचे साधारण पूजा मात्र ५ रूपये की , सबसे ऊपर महाराजा डीलक्स पूजा की थाली का रेट ५०००० रूपये था। बीच में ५ से लेकर ५०००० तक के बीसियों रेट। हमने ५ वाली थाली हाथ में पकड़ी थी।




यह है मंदिर की पिछवाड़े का द्रश्य जो मन्दाकिनी का उद्गम स्थल भी है। चित्र में आप देख सकते हैं कैसे छोटी छोटी धाराओं से मिलकर पूरी नदी बनती है।




देखने में यह पहाड़ ज्यादा ऊंचा नहीं लग रहा। हमें लगा था कि भाग कर चढ़ जाएँ और देखें कि क्या है उस पार। लेकिन इतना आसान नहीं था जितना लग रहा है। शायद इसी के पीछे है वह ताल जिसमे बाढ़ आई होगी, वो बाढ़ जिसने हजारों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया होगा। मंदिर के पीछे का पहाड़ एक कटोरे नुमा सा है। यानि तीन ओर पहाड़ और सामने नीचे उतरती घाटी।

मंदिर के दोनों ओर अनेक धर्मशालाएं बनी थी। इन्ही में से किसी एक में हमने एक रात गुजारी थी।
धर्मशाला में साधारण लेकिन आराम का सारा प्रबंध था। कडकडाती ठण्ड में गर्मागर्म चाय का मिलना एक स्वर्गिक अहसास था।

२ ० १ ३ : 




चित्र नेट से


लेकिन अभी अचानक आई बाढ़ ने सब तहस नहस कर दिया। कितने ही मुस्कराते चेहरे सदा के लिए पहाड़ों के मलबे में दफ़न हो गए। पलक झपकते ही यह देवभूमि शमशान में परिवर्तित हो गई। मंदिर के पीछे यही वो जगह है जहाँ हम खड़े थे लेकिन अब वहां बड़े बड़े पत्थर पड़े हैं। हालाँकि इन पत्थरों ने मंदिर को क्षतिग्रस्त होने से बचा लिया लेकिन पानी का बहाव दोनों ओर मुड़ने से सारी धर्मशालाएं ध्वस्त हो गई। चित्र में दायीं ओर की किसी धर्मशाला में हम ठहरे थे।       

यात्रा :

इस खूबसूरत लेकिन खतरनाक यात्रा में सब भगवान भरोसे ही चलता है। कब कोई पत्थर आ गिरे, यह कोई नहीं जानता। बरसात के दिनों में विशेषकर ऐसी घटनाएँ बहुत आम हैं। जहाँ पेड़ पौधे कम होते हैं , वहां बारिस के बाद मिट्टी और पत्थर की पकड़ कम हो जाती है। ऐसे में भूस्खलन होने की सम्भावना बहुत बढ़ जाती है। भूस्खलन से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो जाता है।

लेकिन सबसे भयंकर है बादल का फटना , यानि बहुत ही कम समय में मूसलाधार बारिस से पहाड़ों में बाढ़ का आ जाना। ऐसे में बचने के लिए समय ही नहीं मिल पाता। साथ ही पानी का बहाव इतना तेज होता है कि वह अपने साथ हर चीज को बहा ले जाता है। ऐसे में यदि कोई आपको बचाता है तो वह है आपकी किस्मत। इसीलिए यहाँ सब बस भगवान भरोसे ही चलता है।

नोट : इस प्राकृतिक विपदा में अभी भी हजारों की संख्या में तीर्थ यात्री व स्थानीय लोग फंसे पड़े हैं। हम सब से जो भी बन पड़े , हमें अवश्य करना चाहिए।