सन २०११ की जनगणना अनुसार देश में मेल फीमेल रेशो ९४० है यानि १००० पुरुषों पर ९४० महिलाएं । केवल केरल और पोंडिचेरी में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है । बाकि सभी राज्यों में पुरुषों की संख्या ज्यादा है । आश्चर्यजनक रूप से मेल फीमेल रेशो केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे कम है , जैसे दमन दीव -६१८, दादर और नागर हवेली --७७५, चंडीगढ़ --८१८ . दिल्ली मे भी यह रेशो ८६६ ही है ।
महिलाओं की संख्या कम होने का मुख्य कारण है, पुत्र की चाह । पुत्र प्राप्ति के लिए अक्सर लोग लिंग जाँच कराकर फिमेल फीटस को अबोर्ट करा देते हैं ।
इसे रोकने के लिए सरकार ने पी एन ड़ी टी एक्ट लागु किया हुआ है । इसके बावजूद भी यह रेशो बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं हुई है । हालाँकि कुछ फर्क तो आया है ।
क्या आप जानते हैं जो दूध हम पीते हैं , वह कहाँ से आता है । ज़ाहिर है , यह हमारे गाँव और डेरियों से आता है जहाँ पशु पालन होता है । दूध की अधिकांश मात्रा भैसों से आती है । इसका कारण यह है कि जहाँ गाँव में भैंस लगभग हर घर में होती हैं , वहीँ गाय बहुत कम लोग पालते हैं । गायें दूध भी कम देती है और उनके दूध में वसा और प्रोटीन की मात्रा भी कम होती है ।
यहाँ एक महत्त्वपूर्ण और आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि जहाँ भैंस गाँव के लगभग हर घर में मिलती है , वहीँ भैंसा सारे गाँव में बस एक ही होता है । और उसका काम सिर्फ प्रजनन करना ही होता है । यदि गलती से दूसरा भैंसा आ भी जाये तो पहला भैंसा उसे मार मार कर भगा देता है जैसे जंगल में एक शेर दूसरे शेर को मार भगाता है । यह सत्य हरियाणा और दिल्ली के गाँव में मुख्य रूप से देखा जा सकता है । हालाँकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भैसा गाड़ी में जोतने के काम में लाया जाता है ।
इस तरह गाँव में भैंसें अनेक और भैंसा एक ही होता है ।
ऐसा कैसे संभव होता है ?
होता यह है कि भैंस से पैदा होने वाले बच्चों में मेल फीमेल की रेशो तो लगभग बराबर ही होती है ।फीमेल( कटिया ) को तो प्यार से पाला पोसा जाता है क्योंकि बड़ा होकर वह दूध देती है । लेकिन मेल ( कटड़ा ) बच्चे को थोडा सा बड़ा होते ही बेच दिया जाता है ।
अक्सर खरीदने वाले इन्हें खरीद कर बूचरखाने में ले जाते हैं और वही उनका अंतिम पड़ाव होता है ।
गाँव के घरों में रह जाती हैं सिर्फ फिमेल ( कटिया ) जो बड़ी होकर भैंस बनती है और दूध देकर मालिक के रोजगार का साधन बनती है ।
इस तरह मानव जाति ने अपने फायदे को ध्यान में रख कर भैसों की प्रजाति पर नियंत्रण रखा हुआ है ।
पृथ्वी पर सबसे ज्यादा विकसित प्राणी ने दूसरे प्राणियों की नियति अपने हाथ में कर रखी है ।
पृथ्वी पर सबसे ज्यादा विकसित प्राणी ने दूसरे प्राणियों की नियति अपने हाथ में कर रखी है ।
भैंसों की प्रजाति में नर और मादा का यह अनुपात सही है या गलत --फैसला आपका ।

