top hindi blogs
Showing posts with label बीमारियाँ. Show all posts
Showing posts with label बीमारियाँ. Show all posts

Friday, July 30, 2010

जैसा खाओ अन्न , वैसा हो मन --और तन भी ---

पिछली पोस्ट में हमने मानव प्रवृति के बारे में जाना । बेशक अधिकांश जनता राजसी प्रवृति की ही होती है क्योंकि सांसारिक लोग सात्विक बहुत कम हो पाते हैं और तामसी भी कम ही होते हैं ।

कहते हैं -जैसा खाओ अन्न, वैसा होवे मन । हम डॉक्टर्स कहते हैं --जैसा खाओ अन्न , वैसा होवे मन और तन ।


अब देखिये भोजन का तन पर प्रभाव :

सात्विक भोजन --निरोगी काया । तन में ताकत , मन में शांति ।
राजसी भोजन ---राजसी ( शाही ) रोग ।

चाट ,पकोड़े , समोसा आदि तीखे पदार्थ खाने से एसिडिटी , अल्सर आदि रोग होने का डर रहता है ।
फैटी फूड्स --- जंक फूड्स---और हाई कैलरीज फूड्स जैसे बटर चिकन --मोटापा , डायबिटीज , हाई कोलेस्ट्रोल , बी पी , हार्ट अटैक ।

तामसी भोजन --तुच्छ रोग , मौत का साया । अपवित्र भोजन से संक्रमण हो सकता है, जो जान लेवा भी हो सकता है ।

अब ज़रा सोचिये आप गोल गप्पे खाते हुए सी सी कर रहे है , फिर भी एक के बाद एक गोल गप्पे गपे जा रहे हैं । कभी सोचा है , गोल गप्पे वाला आपको कैसे खिलाता है गोल गप्पे । जी हाँ , नंगे हाथ से , पानी में हाथ घोलकर , खिलाता है वो । उसी हाथ से सारी साफ सफाई भी करता रहता है , अपने शरीर की भी , आपकी ही आँखों के आगे । ज़रा सोचिये , क्या उसने नाखून काटे हैं ? आखिर हाइजीन का कितना पता होगा उसे ?

इसी तरह , घर में नौकरानी आपको रोटी बनाकर खिला तो देती है , लेकिन क्या आपने उसको पाठ पढाया है हाइजीन का ?

अज़ी उनकी छोडिये , कृपया अपने ही नाखून देखिये --कहीं बढे हुए तो नहीं है न ।

व्यक्तिगत स्वच्छता में हाथ धोने का बड़ा महत्त्व है
आइये देखते हैं कब हाथ धोना अति आवश्यक होता है ---

खाना खाने से पहले
टॉयलेट या यूरिनल जाने के बाद
किसी रोगी की देखभाल करने के बाद
बाहर से आने के बाद
मूंह पोंछने के बाद
हाथ गंदे होने पर

हाथ धोने का सही तरीका :

हमेशा साबुन या एंटीसेप्टिक घोल का इस्तेमाल करें ।
पानी और साबुन लगाकर हाथों को ६ दिशाओं में रगड़ना चाहिए ।
१) हथेलियों पर ।
२) डोर्सम ऑफ़ हैंड्स --यानि हाथ के पिछले हिस्से पर ।
३) वेब्स --उँगलियों के बीच में रगड़ें ।
४) फिंगर टिप्स --उँगलियों के पोरों पर ।
५) अंगूठे के चारों ओर ।
६) दोनों हाथो को घुमाते हुए , सारे हाथ को एक साथ ।

इस तरह हाथ साफ करने से हाथों पर मौजूद कीटाणुओं को काफी कम किया जा सकता है । इससे ओरोफीकल रूट से होने वाली बीमारियों से निजात पाई जा सकती है ।

लेकिन क्या आपको पता है --गोल गप्पे खाने से , साफ पानी न पीने से , साफ सफाई न रखने से --आपको क्या क्या बीमारियाँ हो सकती है ?

अगली पोस्ट में इसी बारे में जानेंगे , हम लोग ।

नोट : यह पोस्ट श्री चंदर कुमार सोनी की फरमाइश पर लिखी गई है । आशा है , आप सभी लाभान्वित होंगे