इन्सान पर तरह तरह के प्रैशर होते हैं -- बचपन से लेकर बुढ़ापे तक . बचपन में पढाई का प्रैशर , ज़वानी में ज़वानी का , किसी को अत्यधिक काम का प्रैशर , किसी को काम न मिलने का . किसी को कमाई का प्रैशर , किसी को कमाई को छुपाने का . किसी को ब्लड प्रैशर , किसी को दिमागी प्रैशर .
लेकिन कुछ प्रैशर ऐसे भी ओते हैं जो आए तो मुसीबत ,न आए तो मुसीबत .
सुबह सुबह एक दिन जब अस्पताल पहुंचा तो देखा , कहीं से कराहने की आवाज़ आ रही थी . ध्यान से देखने पर पता चला -- एक वृद्ध गेट के सामने झाड़ियों में बैठा था और कराह रहा था . उसकी स्थिति और परिस्थिति देखकर हम समझ गए -- यह भी प्रेशर में है . लेकिन प्रेशर था की कम ही नहीं हो रहा था . बेचारा दर्द के मारे कराह रहा था .
ज़रा सोचिये , आपको अचानक शौच या मूत्र आ जाए और आप कर ही न पायें . यूँ तो प्रकृति ने इन्हें थामे रखने के लिए उपयुक्त प्रबंध किये हैं लेकिन एक सीमा के बाद थामे रखना असंभव हो जाता है . लेकिन एक स्थिति ऐसी भी होती है जब आप करना तो चाहते हैं, उपयुक्त स्थान भी मिल जाता है , लेकिन फिर भी मूत्र वित्सर्जन नहीं हो पाता . ऐसी स्थिति अक्सर पुरुषों के साथ आती है .
क्या कारण होते हैं इस स्थिति के ?
अक्सर मूत्र या मूत्र नली में संक्रमण से ऐसी स्थिति आती है जब जलन की वज़ह से मूत्र वित्सर्जन में दिक्कत आती है . लेकिन वृद्ध पुरुषों में एक विशेष स्थिति होती है जिसे हम कहते हैं --प्रोस्टेट एनलार्जमेंट . यानि प्रोस्टेट के बढ़ने से पेशाब में रुकावट पैदा होने लगती है जो अक्सर ५५-६० की उम्र से ऊपर के लोगों को हो सकती है .

चित्र गूगल से साभार
प्रोस्टेट :
यह पुरुषों के शरीर में मूत्र नली के साथ एक ग्रंथि होती है जिससे एक विशेष श्राव निकलता है जिससे मूत्र मार्ग गीला रहता है .वीर्य का करीब २० % भाग प्रोस्टेट में बनता है . प्रोस्टेट वीर्य को स्टोर करके भी रखता है . लेकिन समय के साथ इसका साइज़ बढ़ता जाता है और एक समय ऐसा आता है जब यह पेशाब में रुकावट पैदा करने लगता है . इसे बी एच पी कहते हैं -- बिनाइन हाइपरप्लेजिया ऑफ़ प्रोस्टेट . यह बढती उम्र के साथ अवश्यम्भावी है .लगभग आधे मर्दों को ५० वर्ष की आयु तक पहुँचने पर यह समस्या आ सकती है . समय के साथ प्रोस्टेट का साइज़ बढ़ता जाता है . ७० -८० की उम्र तक इसमें कैंसर बनने की सम्भावना भी बढ़ जाती है .इसमें कैंसर बनने की सम्भावना उम्र के साथ बढती रहती है . ८० वर्ष की आयु के ८० % लोगों को प्रोस्टेट कैंसर हो सकता है . हालाँकि यह बहुत धीरे धीरे होता है , इसलिए पता भी नहीं चलता . अक्सर यह पोस्ट मोरटम पर ही पता चलता है . लेकिन कभी कभी यह तेजी से भी बढ़ सकता है जो खतरनाक हो सकता है .
बी एच पी के लक्षण :
प्रोस्टेट बढ़ जाने से पेशाब करने में दिक्कत होने लगती है . जहाँ पहले आपको पेशाब करने में २-३ मिनट्स लगते थे , अब यह समय बढ़ने लगता है . पेशाब की धार भी पतली और एक से ज्यादा हो सकती है . लेकिन सबसे मुख्य लक्षण है -- पेशाब की शुरुआत होने में देरी -- यानि आप करना तो चाहते हैं लेकिन पेशाब हो ही नहीं रहा , जैसा इस वृद्ध के साथ हो रहा था . ऐसे में यदि प्रेशर ज्यादा हो या ब्लेडर फुल हो तो दर्द के मारे जान सी निकल जाती है .
फ़ुल ब्लेडर में रुकावट होने पर एक इमरजेंसी बन जाता है . ऐसे में अक्सर मरीज़ को अस्पताल आना पड़ता है .
अन्य लक्षण हैं -- पेशाब बार बार आना , अचानक प्रेशर बन जाना , रात में बार बार पेशाब के लिए उठना, जलन होना आदि.
यदि पेशाब रुक जाए तो क्या करें ?
यूरिनल में रिलेक्स होकर बैठने या खड़े होने की कोशिश करें . अक्सर बहते पानी की आवाज़ से मदद मिलती है . पेट के निचले हिस्से पर गर्म कपड़ा रखने से भी पेशाब आने में सहायता मिलती है .
इमरजेंसी होने पर तो अस्पताल जाना ही पड़ेगा .
अस्पताल में पहले केथिटर डालकर पेशाब निकाला जाता है .लेकिन कभी कभी केथिटर भी नहीं घुस पाता . ऐसे में सीधे ब्लेडर में सूई डालकर प्रेशर कम किया जाता है . लम्बे समय के लिए केथिटर डालकर छोड़ दिया जाता है . बेशक रोगी के लिए अत्यंत कष्टदायक स्थिति होती है .
उपचार :
प्रोस्टेट का साइज़ पढने पर इसका ऑपरेशन आवश्यक हो जाता है . इसके लिए आजकल कई तकनीक हैं जिसमे चीर फाड़ नहीं करनी पड़ती . हालाँकि अत्यधिक बढ़ने पर ओपन ऑपरेशन ज़रूरी हो सकता है .
आजकल सबसे पहले दवाओं से उपचार करते हैं जिनके परिणाम काफी अच्छे हैं और सर्जरी को टाला जा सकता है .
बिना सर्जरी किये भी कई तकनीक हैं जिनसे प्रोस्टेट को जला दिया जाता है जिनमे प्रमुख हैं -- लेज़र , ऊष्मा और विकिरण द्वारा प्रोस्टेट का इलाज .
ट्रांस युरेथ्रल रिसेक्शन ऑफ़ प्रोस्टेट में पेशाब के रास्ते नली डालकर प्रोस्टेट को खुरच कर निकाल दिया जाता है .
लेकिन साइज़ ज्यादा बड़ा होने या कैंसर होने पर ओपन सर्जरी की ज़रुरत पड़ सकती है .
प्रोस्टेट कैंसर :
इसकी जाँच के लिए ५० से ऊपर के सभी पुरुषों को पी एस ऐ की रक्त जाँच करानी चाहिए , विशेषकर यदि कोई लक्षण हों . बढ़ा हुआ पी एस ऐ कैंसर की सम्भावना को उजागर करता है . ऐसे में तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए .
कैसे बचें :
प्रोस्टेट कैंसर अमेरिका और यूरोप में बहुतायत में पाया जाता है जहाँ यह दूसरे नंबर पर आता है , फेफड़ों के कैंसर के बाद . इसमें रेड मीट और अत्यधिक शराब के सेवन का रोल होता है , साथ ही जेनेटिक कारण भी होता है . शुक्र है , एसिया और हमारे देश में यह विरला ही होता है . इसका एक कारण शाकाहारी भोजन और सादा जीवन हो सकता है .
एक दिलचस्प पहलु :
ऐसा माना गया है , नियमित रूप से इजेकुलेशन करते रहने से प्रोस्टेट कैंसर होने की सम्भावना काफी कम हो जाती है . हालाँकि अनेक पार्टनर्स के साथ सम्भोग करने से सम्भावना बढती है . इसलिए एक विवाहित पुरुष के लिए ज़रूरी है , गीतानुसार ब्रह्मचर्य का पालन करना यानि संबंधों में नैतिक ईमानदारी बरतना .
यह अलग बात है , एक उम्र के बाद पति पत्नी में भी यौन सम्बन्ध धीरे धीरे कम हो जाते हैं . लेकिन यह तो आप पर ही निर्भर करता है , आप अपने आप को कितना ज़वान या बूढा समझते हैं !












